अफगानिस्तान में धोनी के नाम से मशहूर है हेलिकॉप्टर शॉट मारने वाला यह क्रिकेटर, देखें VIDEO
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का हेलिकॉप्टर शॉट तो आपने देखा ही होगा। दुनियाभर में धोनी के इस शॉट को कॉपी करने वाले खिलाड़ियों की कमी नहीं है। हाल ही में अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के एक बल्लेबाज ने धोनी जैसा शॉट खेलकर सोशल मीडिया पर जमकर सुर्खियां बटोरी हैं।
दरअसल वर्ल्ड कप क्वालिफाइंग मैच में अफगानिस्तान ने वेस्टइंडीज को सात विकेट से मात दी। इस मैच में अफगानिस्तान की तरफ से शानदार 84 रन की पारी खेलने वाले मोहम्मद शहजाद ने मैच में धोनी के स्टाइल में हेलिकॉप्टर शॉट जड़ा। 'धोनी स्पेशल' यह शॉट खेलने के बाद शहजाद का वीडियो ट्विटर पर जमकर शेयर किया जा रहा है।
शहजाद ने यह शॉट कैरीबियाई टीम के तेज गेंदबाज जेसन होल्डर की गेंद पर जड़ा था। बता दें कि मोहम्मद शहजाद को अफगानिस्तान का महेंद्र सिंह धोनी ही माना जाता है क्योंकि वह अक्सर मैदान पर हेलिकॉप्टर शॉट खेलने का प्रयास करते रहते हैं। बता दें कि इससे पहले टीम इंडिया के पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी एमएस धोनी के इस शॉट को ट्राई कर चुके हैं।
इस क्वालीफाइंग मैच में वेस्टइंडीज ने अफगानिस्तान को 204 रन की चुनौती दी थी। अफगानिस्तान की टीम ने 9.2 ओवर शेष रहते इस लक्ष्य को हासिल कर लिया। अब वेस्टइंडीज और अफगानिस्तान की टीम अगले साल इंग्लैंड में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। जिम्बाब्वे वर्ल्ड कप की इस दौड़ से बाहर हो चुकी है।
Never change @MShahzad077. Never change.pic.twitter.com/2wn3wkp6f6
— Barny Read (@BarnabyRead) March 25, 2018