बड़ी जीत के साथ टीम इंडिया ने सीरीज पर जमाया कब्जा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन वनडे मैचों की सीरीज में दूसरे वनडे मुकाबले में भी जिम्बाब्वे को हराकर अजिंक्य रहाणे ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को सीरीज जिता दी। टीम इंडिया के 8 विकेट पर 272 रनों के जवाब में जिम्बाब्वे की पूरी टीम 49 ओवर में 209 रन ही बना सकी।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें
पहली बार कप्तानी पाकर अजिंक्य रहाणे ने बीसीसीआई के समक्ष खुद को साबित किया। इस जीत के साथ ही टीम इंडिया जिम्बाब्वे में तीन वनडे मैचों की सीरीज में 2-0 से आगे है।
बांग्लादेश में मिली शर्मनाक हार के बाद टीम इंडिया में अंर्तकलह की अटकलें तेज थी। इस बीच जिम्बाब्वे सीरीज रद्द होने की खबरें भी आई। लेकिन बीसीसीआई ने सभी को चौंकाते हुए सीनीयर्स को छुट्टी पर भेजकर रहाणे को टीम की कमान सौंपी।
रहाणे ने तीन मैचों की सीरीज में बल्ले से दम दिखाया और दो मैचों में 97 रन बनाए। दूसरे मुकाबले में रहाणे ने फिफ्टी भी ठोकी। अब तीसरे मुकाबले को भी जीतकर रहाणे की यंग टीम इंडिया जिम्बाब्वे में क्लीन स्वीप करना चाहेगी।
मुरली विजय ने बनाया अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर
इससे पहले जिम्बाब्वे के न्यौते पर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने विकेटों पर काफी देर तक लगाम जरुर लगाई लेकिन शुरुआत काफी धीमी दी। मुरली विजय के साथ कप्तान अजिंक्य रहाणे ओपनिंग करने पहुंचे। दोनों बल्लेबाजों ने काफी धीमी बल्लेबाजी करते हुए 13वें ओवर में 50 रन का आंकड़ा पार किया। जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने दोनों बल्लेबाजों को कई बार घातक गेंदों के साथ चौंकाया।
हालांकि दोनों बल्लेबाजों ने हार नहीं मानी और टीम इंडिया को ठोस शुरुआत दी। पहले मैच में बल्लेबाजी में फ्लॉप हुए मुरली इस मुकाबले में लय में नजर आए। पहले विकेट के लिए रहाणे ने उन्होंने 112 रन जोड़े। रहाणे ने आउट होने से पहले फिफ्टी पूरी की। रहाणे के आउट होने के बाद मुरली ने भी अपने पचास रन पूरे किए।
पचासा पूरा करने के बाद मुरली अचानक ही रंग में लौटे। तेजी से शतक की ओर बढ़ रहे मुरली को 72 के स्कोर पर झटका लगा और वह जिम्बाब्वे का दूसरा शिकार हुए। इस स्कोर के साथ मुरली ने वनडे में करियर का सर्वाधिक स्कोर खड़ा किया। इससे पहले उनका बेस्ट स्कोर 33 रहा है। पिछले मैच में अच्छी बल्लेबाजी में नाकाम रहे मनोज तिवारी (22) ने इस मैच में कुछ अच्छे शॉट लगाने के कुछ प्रयास जरुर किए। लेकिन जल्दी अपना विकेट खो बैठे।
इससे पहले पिछले वनडे मुकाबले के हीरो रहे अंबाती रायडू 41 रन बनाकर आउट हुए। भारत को रायडू के रुप में तीसरा झटका लगा। आखिर में तेजी से रन बनाने के दबाव में टीम इंडिया ने जल्दी जल्दी विकेट भी गंवाए। पहले मुकाबले की तरह दूसरे वनडे में भी रॉबिन उथप्पा (13) बल्लेबाजी में फेल रहे। वह जिम्बाब्वे के पांचवें शिकार बने। आखिर में भारत ने स्टुअर्ट बिन्नी (25) ,केदार जाधव (16) और अक्षर पटेल (1) के रुप में छठा, सातवां और आठवां विकेट गंवाया।
भुवनेश्वर कुमार फिर हुए हिट
भारत के स्कोर का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही। भारत को पहली सफलता तेज गेंदबाज धवल कुलकर्णी ने दिलाई। वहीं, 9वें ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने जिम्बाब्वे को दूसरा झटका देकर वनडे करियर के 50 विकेट पूरे किए। तीसरा विकेट भी भुवी ने ही झटका।
फिरकी गेंदबाज अक्षर पटेल ने भारत को चौथी सफलता दिलाई। इससे पहले चौथे विकेट के लिए चामू चिबाबा और सीन विलियम्स ने अर्धशतकीय साझेदारी की। चिबाबा (72) ने अपने पचास रन भी पूरे किए। 32वें ओवर में हरभजन सिंह ने दो विकेट लेकर जिम्बाब्वे को पांचवां और छठा झटका दिया।
आखिर में टीम इंडिया ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 49ओवरों में जिम्बाब्वे को ऑलआउट किया। भारत की ओर से भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके। जबकि धवल कुलकर्णी, हरभजन सिंह, स्टुअर्ट बिन्नी और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली।