दिल्ली के कोटला में ही होगा भारत-अफ्रीका चौथा टेस्ट
3 दिसंबर से 7 दिसंबर तक चलने वाले भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथे और अंतिम टेस्ट मैच की एक बड़ी बाधा दूर हो चुकी है। दिल्ली हाईकोर्ट ने यह कंफर्म कर दिया है कि मैच दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में ही होगा। लेकिन इस मामले में एक शर्त भी रखी है।
फ्रीडम क्रिकेट सीरीज के तहत दक्षिण अफ्रीका के 72 दिनों के इस मैराथन सीरीज में इससे पहले टी-20 और वनडे क्रिकेट सीरीज हो चुकी हैं। इन दोनों सीरीज में टीम इंडिया को मेहमान टीम अफ्रीका के हाथों मुंह की खानी पड़ी थी। हालांकि टेस्ट में वापसी करते हुए टीम इंडिया सीरीज में अभी तक 1-0 से आगे चल रही है। पहला टेस्ट मोहाली में जीतने के बाद बंगलुरू टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हुआ। तीसरा टेस्ट नागपुर में 25 नवंबर से खेला जाएगा।
लेकिन चौथे और अंतिम टेस्ट मैच को लेकर बीसीसीआई, दिल्ली एंव जिला क्रिकेट संघ (डीडीसीए) और दिल्ली सरकार के बीच मामला फंसा हुआ था। जिसमें गुरूवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने फैसला सुनाया और संघ का पक्ष लिया। दरअसल, दिल्ली सरकार और संघ के बीच वित्तीय अनियमितताओं को लेकर मतभेद थे। इस पर दिल्ली सरकार ने मुदगल कमेटी की रिपोर्ट को सार्वजनिक कर संघ की मुश्किलें और बढ़ा दी थी।
यहां पढ़ें, पूरा मामला
दिल्ली सरकार द्वारा पेश की गई मुदकल कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली एवं जिला क्रिकेट संघ पर दक्षिण दिल्ली नगर निगम के प्रोविजन सर्टिफिकेट और मनोरंजन कर का करोड़ो का बकाया बाकी था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीसीसीआई ने संघ को एक दिन की छूट देते हुए पूरा करने की मोहलत दी थी। जिसे संघ ने गुरूवार तक पूरा कर लिया।
बुधवार को संघ ने नगर निगम के प्रोविजन सर्टिफिकेट हासिल किया। लेकिन बुधवार तक संघ पर मनोरंजन कर के करीब 25 करोड़ बकाये थे। गुरूवार को दिल्ली हाईकोर्ट ने सशर्त संघ के पक्ष के फैसला सुनाया और भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथे टेस्ट मैच के लिए दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान को हरी झंडी दे दी।
कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि संघ को 3 दिसंबर मैच शुरू होने से पहले मनोरंजन कर के बकाये की राशि जमा करनी होगी।