आईसीसी टूर्नामेंटों की मेजबानी: भारत-ऑस्ट्रेलिया के अलावा 15 अन्य देशों ने दिखाई दिलचस्पी
अगले चक्र में पुरुषों की कुल आठ वन-डे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों का प्रावधान है। इसमें 2024 से 2031 तक वन-डे विश्व कप के दो, टी-20 विश्व कप के चार और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दो आयोजन शामिल हैं।
विस्तार
भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड उन 17 सदस्य देशों में शामिल हैं, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की 2024 से 2031 तक के अगले आठ साल के भविष्य दौरा कार्यक्रम (एफटीपी) के चक्र में सीमित ओवरों की प्रतियोगिता की मेजबानी करने में रुचि व्यक्त की हैं। आईसीसी ने सोमवार को यह जानकारी दी। बता दें कि अगले चक्र में पुरुषों की कुल आठ वन-डे और टी-20 अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों का प्रावधान है। इसमें 2024 से 2031 तक वन-डे विश्व कप के दो, टी-20 विश्व कप के चार और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के दो आयोजन शामिल हैं।
मेजबानी शुल्क का भुगतान करने के पक्ष में नहीं है बीसीसीआई
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई ने पिछले महीने तीन वैश्विक आयोजनों की मेजबानी के लिए दावा पेश करने का फैसला किया है, जिसमें छोटे प्रारूपों के दो विश्व भी कप शामिल हैं। साल 2024 से शुरू होने वाले अगले चक्र (एफटीपी) के दौरान भारतीय बोर्ड किसी भी मेजबानी शुल्क का भुगतान करने के पक्ष में नहीं है। बीसीसीआई के लिए एक अहम मुद्दा कर छूट का भी होगा, जो उसे किसी भी आईसीसी आयोजन की मेजबानी के लिए अपनी सरकार से हासिल करना जरूरी है। बीसीसीआई ने मेजबानी का यह फैसला शीर्ष समिति की अपनी पिछली बैठक के दौरान लिया। यह पता चला कि बीसीसीआई अगले चक्र में एक चैंपियंस ट्रॉफी, एक टी-20 विश्व कप और वन-डे विश्व कप की मेजबानी के लिए दावा पेश किया है।
अकेले और संयुक्त मेजबानी का प्रस्ताव पेश करने का भी विकल्प
दरअसल, सदस्य देशों को संभावित मेजबान के रूप में प्रारंभिक तकनीकी प्रस्ताव जमा करने के लिए आमंत्रित किया गया था। इसमें देशों के पास अकेले और संयुक्त मेजबानी का प्रस्ताव पेश करने का विकल्प शामिल था। ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंग्लैंड, भारत, आयरलैंड, मलेशिया, नामीबिया, न्यूजीलैंड, ओमान, पाकिस्तान, स्कॉटलैंड, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका और जिम्बाब्वे से आईसीसी को प्रारंभिक प्रस्तुतियां मिली हैं। वहीं, आईसीसी ने एक विज्ञप्ति में बताया कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की मेजबानी, आईसीसी महिला और अंडर -19 स्पर्धाओं को नये चक्र में एक अलग प्रक्रिया के तहत निर्धारित किया जाएगा जो इस साल के अंत में शुरू होगी।