IND vs AUS: भारत के खिलाफ पर्थ टेस्ट के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम का एलान, मैकस्वीनी नया चेहरा, इंगलिस को भी मौका
डेविड वॉर्नर के रिप्लेसमेंट के तौर पर नाथन मैकस्वीनी को टीम में शामिल किया गया है। मैकस्वीनी भारत-ए के खिलाफ तीन अनाधिकारिक मैचों की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया-ए टीम के कप्तान भी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इसके अलावा ऑलराउंडर मिचेल मार्श की भी टेस्ट टीम में वापसी हुई है। वह पिछले काफी समय से चोटिल होने की वजह से टीम से बाहर थे। कैमरन ग्रीन के बैक स्ट्रेस फ्रैक्चर की वजह से मिचेल मार्श की वापसी हुई है। ऑस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता जॉर्ज बेली ने कहा, 'मैकस्वीनी ने अच्छा प्रदर्शन किया है और हमें उम्मीद है कि आगामी सीरीज में भी वह मजबूती से खेलेंगे। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलिया ए के लिए उनका प्रदर्शन उनके पक्ष में रहा और हम समझते हैं कि वह टेस्ट स्तर पर अवसर के लिए तैयार हैं। इसी तरह इंगलिस ने भी शेफील्ड शील्ड प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया और टेस्ट टीम में जगह के हकदार हैं।'
इंगलिस ने शेफील्ड शील्ड में किया था शानदार प्रदर्शन
मैकस्वीनी और इंगलिस जैसे दो अनकैप्ड खिलाड़ियों के अलावा तेज गेंदबाज स्कॉट बोलैंड की भी टीम में वापसी हुई है। वह कप्तान पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड के बैकअप होंगे। 29 वर्षीय जोश इंगलिस को शामिल करना एक आश्चर्यजनक फैसला है क्योंकि एलेक्स कैरी के रूप में टीम में पहले से ही एक विकेटकीपर है। हालांकि, इंगलिस को मौजूदा शेफील्ड शील्ड सीजन में उनके शानदार फॉर्म के लिए पुरस्कृत किया गया है। वेस्ट ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ने पर्थ में बैक-टू-बैक शतकों के साथ राष्ट्रीय चयन के लिए अपनी दावेदारी मजबूत की थी। इंगलिस ने क्वींसलैंड के खिलाफ 122 और 48 रन बनाए, इसके बाद तस्मानिया के खिलाफ 101 और नाबाद 26 रन बनाए। अब यह देखने वाली बात होगी कि इंगलिस को पर्थ टेस्ट में कैरी पर तरजीह दी जाती है या नहीं।
The 🇦🇺 Test squad has dropped, so drop us your Border-Gavaskar Trophy predictions #AUSvIND
— cricket.com.au (@cricketcomau) November 9, 2024
Full story: https://t.co/J61jGIE6b7 pic.twitter.com/d37PPYhaos
मैकस्वीनी का प्रथम श्रेणी में शानदार प्रदर्शन
मैकस्वीनी भी बेहतरीन प्रदर्शन करने में सफल रहे हैं और उनकी अगुआई में ऑस्ट्रेलिया ए ने पिछले दो हफ्ते में भारत ए पर लगातार दो जीत दर्ज की है। क्वींसलैंडर, जो अब दक्षिण ऑस्ट्रेलिया का नेतृत्व कर रहा है, ने मैके में शुरुआती मैच में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे मैकस्वीनी ने 39 रन की पारी और नाबाद 88 रन की पारी खेलकर प्रभावित किया था। ऐसे में चयनकर्ताओं ने एमसीजी में भारत-ए के खिलाफ दूसरे अनाधिकारिक मैच में उन्हें सलामी बल्लेबाज की भूमिका में प्रमोट किया गया। सलामी बल्लेबाज के रूप में अपने प्रथम श्रेणी डेब्यू में मैकस्वीनी ने पहली पारी में 14 रन बनाए। हालांकि, उन्होंने दूसरी पारी में अधिक संयम दिखाया। हैरिस और बनक्रॉफ्ट के शून्य पर आउट होने के बाद शीर्ष क्रम को स्थिर करने के लिए लगभग 100 मिनट बल्लेबाजी की और 69 गेंदों का सामना किया। मैकस्वीनी ने सैम कोन्सटास के साथ 47 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई और ऑस्ट्रेलिया-ए टीम को जीत दिलाई।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, अभिमन्यु ईश्वरन, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), सरफराज खान, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आर अश्विन, आर जडेजा, मोहम्मद सिराज, आकाश दीप, प्रसिद्ध कृष्णा, हर्षित राणा, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर।
रिजर्व: मुकेश कुमार, नवदीप सैनी, खलील अहमद।
बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 का कार्यक्रम
| मैच | दिनांक | स्थान |
|---|---|---|
| पहला टेस्ट | 22-26 नवंबर | पर्थ |
| दूसरा टेस्ट | 6-10 दिसंबर | एडिलेड |
| तीसरा टेस्ट | 14-18 दिसंबर | ब्रिस्बेन |
| चौथा टेस्ट | 26-30 दिसंबर | मेलबर्न |
| पांचवां टेस्ट | 3-7 जनवरी | सिडनी |