रणजी का रण: हर्षल ने किया हरियाणा को हर्षित, दूसरे ही दिन असम को सात विकेट से हराया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हर्षल पटेल (4/49) के दम पर हरियाणा ने रणजी ट्रॉफी मुकाबले के दूसरे ही दिन असम को सात विकेट से हराकर पूरे छह अंक हासिल किए। हर्षल ने पहली पारी में भी चार विकेट झटके थे। पहली पारी में 101 रन से पिछड़ने वाली मेहमान टीम की दूसरी पारी 56.5 ओवर में 197 रन पर सिमट गई। शाहिल जैन ने 63, गोकुल शर्मा ने 44 और रेयान प्राग ने 36 रन का योगदान दिया। अजित चहल और आशीष हुड्डा ने दो-दो विकेट लिए।
हरियाणा को जीत के लिए 97 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने 20 ओवर में तीन विकेट पर 100 रन बनाकर हासिल कर लिया। अंकित कुमार ने 30, शिवम चौहान ने नाबाद 26 और चैतन्य बिश्नोई ने नाबाद 20 रन बनाए। असम की पहली पारी के 97 के जवाब में हरियाणा ने 198 रन बनाए थे।
सर्विसेज ने उत्तराखंड को दस विकेट से धोया
गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से सर्विसेज ने उत्तराखंड को दस विकेट से पराजित किया। पहली पारी में 83 रन पर ढेर होने वाली उत्तराखंड की टीम दूसरी पारी में तन्मय श्रीवास्तव (52) की अर्द्धशतकीय पारी के बावजूद 137 रन पर सिमट गई। विजय जेथी ने 22 और पीयूष जोशी ने 20 रन बनाए। सर्विसेज की ओर से रोशन राज और सचिदानंद पांडे ने तीन-तीन विकेट लिए। सर्विसेज ने 48 रन के लक्ष्य को 17.4 ओवर में बिना विकेट खोए हासिल कर लिया। शमशेर यादव ने नाबाद 24 और मुमताज कादिर ने नाबाद 23 रन की पारी खेली।
अरिंदम का नाबाद शतक
अरिंदम घोष (111*) की नाबाद शतकीय पारी से रेलवे ने हिमाचल प्रदेश के खिलाफ पांच विकेट पर 291 रन बनाकर आठ रन की बढ़त हासिल कर ली है। स्टंप के समय कप्तान कर्ण शर्मा 14 रन बनाकर क्रीज पर थे। महेश रावत (60) दिन की आखिरी गेंद पर आउट हुए। घोष ने महेश के साथ पांचवें विकेट के लिए 129 रन की साझेदारी की। घोष अपनी पारी में 199 गेंदों का सामना कर आठ चौके और चार छक्के जड़ चुके हैं। हिमाचल की ओर से आकाश वशिष्ठ ने तीन विकेट झटके। हिमाचल ने पहली पारी में 283 रन बनाए थे।