भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में खेले जा रहे डे-नाइट टेस्ट में मेहमान टीम ने पहली पारी में शानदार बढ़त हासिल की। दूसरे दिन 244 रन पर ऑलआउट होने के बाद भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 191 रन पर ही ढेर कर दिया। इसी के साथ पिंक बॉल टेस्ट में एक मामले में ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत टूट गई।
AUSvIND: पिंक बॉल से ऑस्ट्रेलिया का सबसे घटिया प्रदर्शन, भारतीय गेंदबाजों ने कर दी दुर्गति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहली पारी में नहीं ले पाई बढ़त
आठ डे-नाइट टेस्ट मैच में ऐसा पहली बार हुआ जब ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में विपक्षी टीम के खिलाफ बढ़त नहीं ले पाई। जबकि इससे पहले के सात टेस्ट मैचों में कंगारूओं ने पहली पारी में 22, 124, 287, 215, 179, 287 और 250 रनों की बढ़त हासिल की थी।
अश्विन की फिरकी में फंसी ऑस्ट्रेलिया
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को दूसरे दिन अधिक रन नहीं बनाने दिया और पहले सत्र में 4.1 ओवर के खेल में 11 रन देकर चार खिलाड़ियों को पवेलियन भेज दिया। जिसके बाद मेहमान टीम की पहली पारी 244 रन पर ही सिमट गई। वहीं पहली पारी की बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने बुमराह की गेंदों पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए। इससे पहले कि मेजबान टीम इन झटकों से उबर पाती भारत की तरफ से रविचंद्रन अश्विन ने कहर बरपा दिया।
अश्विन ने पहले स्टीव स्मिथ को एक रन पर पवेलियन भेजा, फिर कुछ ही समय बाद ट्रेविस हेड का अपनी ही गेंद पर कैच पकड़ा और थोड़ी देर के बाद डेब्यूटेंट कैमरून ग्रीन को विराट कोहली के हाथों कैच करवाकर ऑस्ट्रेलिया के मध्य क्रम को बर्बाद कर दिया। अश्विन के बाद बाकी के खिलाड़ियों को उमेश यादव ने पवेलियन को राह दिखा दी और पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 191 रन पर ढेर हो गई।
टिम पेन की जुझारू पारी
ऑस्ट्रेलिया की तरफ से कप्तान टिम पेन 73 रन बनाकर नाबाद रहे तो लाबुशेन ने 47 रन बनाए जबकि भारत की तरफ से आर अश्विन ने चार, उमेश यादव ने तीन और बुमराह ने दो विकेट चटकाए।
भारत की 62 रन की बढ़त
ऑस्ट्रेलियाई टीम के ऑलआउट होने के बाद भारतीय टीम ने दूसरी पारी में छह ओवर की बल्लेबाजी की जिसमें उसने एक विकेट के नुकसान पर नौ रन बनाए। टीम इंडिया के पास अब पहली पारी के आधार पर 62 रनों की अच्छी बढ़त हो गई है, वहीं मयंक अग्रवाल और नाइट वाचमैन के रूप में उतरे जसप्रीत बुमराह क्रीज पर बने हुए हैं।