Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   IPL 2027 Auction: RCB Confident of Title Hat-Trick, GT Back Harshal Patel, KKR Focus on Batting

आईपीएल 2027 नीलामी: आरसीबी को खिताबी हैट्रिक की उम्मीद, गुजरात को हर्षल से आस तो केकेआर को बल्लेबाजों की तलाश

Sat, 21 Nov 2026 04:33 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Sat, 21 Nov 2026 04:33 PM IST
सार

आरसीबी के कोच एंडी फ्लावर ने आईपीएल 2027 में लगातार तीसरी बार खिताब जीतने का भरोसा जताया है। सीमित पर्स के बावजूद टीम अपने मजबूत स्क्वॉड से संतुष्ट है। वहीं, गुजरात टाइटंस ने इशांत शर्मा की जगह हर्षल पटेल पर भरोसा जताया है, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स नीलामी में अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करने पर ध्यान देगी।

विज्ञापन
IPL 2027 Auction: RCB Confident of Title Hat-Trick, GT Back Harshal Patel, KKR Focus on Batting
रजत पाटीदार-हर्षल पटेल-रिंकू सिंह - फोटो : ANI

विस्तार

आईपीएल 2027 के लिए टीमों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। दो बार की मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की नजरें अब लगातार तीसरी बार खिताब जीतकर इतिहास रचने पर हैं। हालांकि, अगले महीने गोवा में होने वाली नीलामी में टीम के पास दूसरी फ्रेंचाइजी के मुकाबले खर्च करने के लिए कम रकम होगी, लेकिन मुख्य कोच एंडी फ्लावर इससे चिंतित नहीं हैं। उनका मानना है कि टीम के पास मजबूत कोर मौजूद है और मौजूदा संयोजन के साथ वह एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर सकती है।
विज्ञापन
Trending Videos

आरसीबी ने लगातार जीते दो खिताब
आरसीबी ने इस साल अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम किया था। टीम ने अपने ज्यादातर चैंपियन खिलाड़ियों को बरकरार रखा है। इनमें विराट कोहली, जोश हेजलवुड, फिल साल्ट और कप्तान रजत पाटीदार जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। फ्रेंचाइजी ने चोटिल इंग्लैंड के ऑलराउंडर जैकब बेथेल समेत सिर्फ पांच खिलाड़ियों को रिलीज किया है। इसके बाद टीम के पास 14.15 करोड़ रुपये का पर्स बचा है, जिससे उसे पांच खिलाड़ियों की जगह भरनी है। इनमें एक विदेशी खिलाड़ी का स्लॉट भी शामिल है। आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

सीमित बजट से परेशान नहीं हैं एंडी फ्लावर
आरसीबी के मुख्य कोच एंडी फ्लावर ने कहा कि टीम पिछले दो वर्षों में शानदार प्रदर्शन करती आई है और अगले सीजन में भी इसी लय को बरकरार रखने के लिए आत्मविश्वास से भरी है। जियोस्टार के 'टाटा आईपीएल 2027 रिटेंशन स्पेशल' कार्यक्रम में फ्लावर ने कहा, 'हमारे पिछले दो साल काफी अच्छे रहे हैं। इस तीन साल के चक्र के तीसरे वर्ष में प्रवेश करते हुए हम अपनी टीम को लेकर काफी आश्वस्त और सहज हैं। हमने कुछ खिलाड़ियों को रिलीज किया है और नीलामी में हमारी जिम्मेदारी अपनी टीम को बेहतर बनाने की होगी।'

उन्होंने माना कि नीलामी में आरसीबी के पास दूसरी टीमों के मुकाबले कम खर्च करने की क्षमता होगी, लेकिन इससे टीम की रणनीति पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा। फ्लावर के मुताबिक, टीम ने अपने ज्यादातर खिलाड़ियों और मजबूत कोर को बरकरार रखा है। यही खिलाड़ी पिछले दो वर्षों में टीम की सफलता की वजह बने हैं। उन्होंने कहा कि 2027 का सीजन टीम के लिए बेहद अहम है, क्योंकि लगातार तीसरा खिताब जीतकर इतिहास रचने का मौका उनके पास होगा।
विज्ञापन

गुजरात को इशांत की कमी पूरी करने के लिए हर्षल से उम्मीद
दूसरी ओर, गुजरात टाइटंस ने भी आगामी सीजन के लिए अपने टीम संयोजन में कुछ बदलाव किए हैं। टीम के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा को रिलीज करने के फैसले पर बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि इशांत जैसे अनुभवी खिलाड़ी को टीम से बाहर करना आसान नहीं था।

पार्थिव ने कहा कि इशांत पिछले दो सीजन से गुजरात की टीम का हिस्सा थे और खिलाड़ियों के बीच उनका प्रभाव काफी अच्छा था। हालांकि, पिछले सीजन में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। उन्होंने कहा, '100 टेस्ट मैच खेलने वाले खिलाड़ी के लिए आईपीएल का पूरा सीजन बिना कोई मैच खेले बिताना मुश्किल होता है। यही बात ल्यूक वुड और कॉनर एस्टरहुइजन पर भी लागू होती है। इसी वजह से हमने कुछ खिलाड़ियों को रिलीज करने का फैसला किया।' पार्थिव ने बताया कि पिछले तीन साल के चक्र में गुजरात टाइटंस का प्रदर्शन अच्छा रहा है। टीम ने 2025 में प्लेऑफ में जगह बनाई और पिछले सीजन फाइनल तक पहुंची। ऐसे में टीम को बड़े बदलाव की जरूरत महसूस नहीं हुई।

हर्षल पटेल को बताया अहम खिलाड़ी
गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद से ट्रेड के जरिए हर्षल पटेल को अपनी टीम में शामिल किया है। पार्थिव पटेल को उम्मीद है कि हर्षल टीम में इशांत शर्मा के अनुभव की कमी को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि हर्षल न केवल गुजरात से आते हैं, बल्कि यहां की परिस्थितियों को भी अच्छी तरह समझते हैं। डेथ ओवरों में उनकी गेंदबाजी टीम के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

पार्थिव के मुताबिक, हर्षल के पास यॉर्कर, धीमी गेंद और अलग-अलग तरह की वैरिएशन हैं। वह दबाव की परिस्थितियों में गेंदबाजी करने का अनुभव भी रखते हैं। IPL में डेथ ओवरों के दौरान विकेट लेने के मामले में उनका रिकॉर्ड अच्छा रहा है। इससे टीम के युवा गेंदबाजों को भी फायदा मिलेगा।

केकेआर नीलामी में बल्लेबाजी को मजबूत करने पर देगी जोर
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) भी आगामी सीजन के लिए अपनी कमजोरियों को दूर करने की तैयारी में है। टीम के मुख्य कोच अभिषेक नायर ने स्पष्ट किया है कि फ्रेंचाइजी नीलामी में बल्लेबाजी विभाग को मजबूत करने पर विशेष ध्यान देगी। नायर ने कहा कि टीम ने ट्रेड के जरिए बल्लेबाजी को मजबूत करने की कोशिश की थी, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। ऐसे में अब नीलामी के दौरान ऐसे बल्लेबाजों को टीम में शामिल करने की कोशिश होगी, जो बल्लेबाजी क्रम में अधिक आक्रामकता और मजबूती ला सकें।

उन्होंने कहा, 'बल्लेबाजी ऐसा विभाग है, जिसे हम मजबूत करना चाहते हैं। हमने ट्रेड के जरिए खिलाड़ियों को जोड़ने की कोशिश की, लेकिन जब ऐसा नहीं हो पाया तो अब नीलामी में उतरकर ऐसे खिलाड़ियों को शामिल करना चाहेंगे, जो हमारी बल्लेबाजी को मजबूती दे सकें।' नायर ने हालांकि गेंदबाजी विभाग पर संतोष जताया। उनके मुताबिक, पिछले सीजन टीम विकेट लेने और मैच के अलग-अलग चरणों में प्रभावी गेंदबाजी करने के मामले में शीर्ष पर रही थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed