ऑस्ट्रेलिया को हराकर इंग्लैंड ने दोहराया 47 साल पुराना इतिहास, 2-2 की बराबरी पर खत्म हुआ एशेज 2019
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंग्लैंड की धरती पर 18 साल बाद एशेज सीरीज जीतने का ऑस्ट्रेलिया का सपना पूरा नहीं हो सका। स्टुअर्ट ब्रॉड (4/62) और स्पिनर जैक लीच (4/49) के शानदार प्रदर्शन से इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को पांचवें एवं अंतिम टेस्ट में 135 रन से हरा दिया। इसके साथ ही इंग्लैंड ने एशेज सीरीज में 47 साल पुराना इतिहास दोहराया है। बता दें कि 1972 के बाद पहली बार दोनों टीमों के बीच सीरीज 2-2 से ड्रॉ हुई।
लंदन के द ओवल मैदान पर खेले गए पांचवें टेस्ट मैच के चौथे दिन ऑस्ट्रेलिया को 399 का लक्ष्य मिला था। मैथ्यू वेड (117) का संघर्ष भी हार नहीं टाल सका और मेहमान टीम 77 ओवरों में 263 पर ढेर हो गई। पांच मैचों की सीरीज 2-2 से बराबरी पर रही।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान टीम को तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने शुरुआत में ही हैरिस (09), वॉर्नर (11) के विकेट लेकर झटके दे दिए थे। उसके बाद स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (23) का विकेट भी उनकी ही झोली में गया। चायकाल तक वह तीन विकेट ले चुके थे।
कमिंस (09) उनके चौथे शिकार बने। जैक लीच ने लाबुशेन (14) कप्तान टिम पेन (21) के विकेट के अलावा अंतिम दो बल्लेबाजों नाथन लियोन (01) और हेजलवुड (00) को लगातार दो गेंदों में आउट कर इंग्लैंड को यादगार जीत दिलाने में प्रमुख भूमिका अदा की। कप्तान जोए रूट ने भी दो विकेट लिए।
इससे पहले मेजबान टीम चौथे दिन 329 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने 8 विकेट पर 313 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन उसके शेष दोनों विकेट जल्दी गिर गए। जोफरा आर्चर (3) को ऑस्ट्रेलियाई कप्तान और विकेटकीपर टिम पेन ने पैट कमिंस की गेंद पर लपका जो टीम के 317 के स्कोर पर लौटे।
आर्चर को मैदानी अंपायर ने आउट करार नहीं दिया था, लेकिन पेन की अपील के बाद उन्हें फैसला बदलना पड़ा। इसके बाद जैक लीच (9) को ऑफ स्पिनर नाथन लॉयन की गेंद पर जोश हेजलवुड ने कैच कर इंग्लैंड की पारी 329 रन पर समेटी। स्टुअर्ट ब्रॉड 9 गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहे। दूसरी पारी में लॉयन ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके जबकि कमिंस, पीटर सिडल और मार्श को 2-2 विकेट मिले।