{"_id":"5c7ce4edbdec224be317ffd1","slug":"cricket-all-set-to-make-return-in-asian-games-2022","type":"story","status":"publish","title_hn":"एशियन गेम्स में क्रिकेट दोबारा शामिल, क्या इस बार टीम इंडिया जीत पाएगी गोल्ड?","category":{"title":"Cricket News","title_hn":"क्रिकेट न्यूज़","slug":"cricket-news"}}
एशियन गेम्स में क्रिकेट दोबारा शामिल, क्या इस बार टीम इंडिया जीत पाएगी गोल्ड?
Mon, 04 Mar 2019 02:12 PM IST
अंशुल तलमले
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
Published by: अंशुल तलमले
Updated Mon, 04 Mar 2019 02:12 PM IST
विज्ञापन
एशियाई ओलंपिक परिषद (OCA) ने क्रिकेट को हांगझू (Hangzhou) एशियाई खेल 2022 के खेल में शामिल कर लिया है। एशियाई ओलंपिक परिषद के मानद उपाध्यक्ष रणधीर सिंह ने कहा, ‘हां, क्रिकेट को हांगझू एशियाई खेल 2022 के खेल कार्यक्रम में शामिल किया गया है।’
विज्ञापन
क्रिकेट को 2010 और 2014 एशियाई खेलों में जगह मिली थी, लेकिन इंडोनेशिया में 2018 में हुए खेलों से इसे हटा दिया गया। भारत इससे पहले टीम के व्यस्त कार्यक्रम का हवाला देकर इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता से बाहर रह चुका है।
विज्ञापन
भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने क्रिकेट को एशियाई खेलों में शामिल करने का ओसीए के फैसले का स्वागत किया। इस बैठक में शामिल रहे आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने कहा, ‘हम ओसीए के फैसले का स्वागत करते हैं। क्रिकेट का कौन सा प्रारूप खेला जाएगा यह तय नहीं है लेकिन यह स्वागत योग्य कदम है।’
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि आईओए चाहेगा की इस प्रतियोगिता में भारतीय क्रिकेट टीम भाग ले। मेहता ने कहा, ‘आईओए बीसीसीआई से 2022 एशियाई खेलों में क्रिकेट की एक टीम भेजने का अनुरोध करेगा। भारत पुरुष और महिला दोनों वर्गों में जीत सकता है और अपने पदकों की संख्या को बढ़ा सकता है।’
पूरी संभावना है कि अगर क्रिकेट को जगह मिलती है तो 2010 में ग्वांग्झू और 2014 में इंचियोन खेलों की तरह 2022 में भी टी-20 फॉर्मेट को ही शामिल किया जाएगा। एशियाई खेलों के अगले टूर्नामेंट के आयोजन में अब भी काफी समय है और ऐसे में भारतीय टीम के प्रतिनिधित्व पर चर्चा करने के लिए बीसीसीआई को काफी समय मिलेगा।
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, ‘2022 एशियाई खेलों के लिए अभी काफी समय है. समय आने पर हम चर्चा करेंगे और फैसला लेंगे।' क्रिकेट को 2022 खेलों में जगह देना उम्मीद के मुताबिक है क्योंकि ओसीए के मानद उपाध्यक्ष रणधीर सिंह ने उपयुक्त स्थल चुनने के लिए पिछले महीने हांगझू का दौरा किया था।
आपको बता दें कि श्रीलंका और पाकिस्तान ने 2014 में क्रमश: पुरुष और महिला वर्ग में स्वर्ण पदक जीते थे जबकि 2010 में बांग्लादेश और पाकिस्तान ने बाजी मारी थी। राष्ट्रमंडल खेल 1998 में भी क्रिकेट को शामिल किया गया था और तब भारत ने भी अपनी टीम भेजी थी। इसमें शॉन पॉलक की अगुआई वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम ने स्टीव वॉ की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम को हराकर स्वर्ण पदक जीता था।