बांग्लादेश ने 2019 वर्ल्ड कप के लिए किया अब तक का सबसे बड़ा फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पिछले वर्ल्ड कप के नॉकआउट दौर में पहुंचने के बाद बांग्लादेश ने अब अगले वर्ल्ड कप के लिए तैयारी शुरू कर दी है और इसके लिए बड़ा फैसला ले लिया।
वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और महान तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्श को बांग्लादेश क्रिकेट टीम का नया कोच नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 2019 में होने वाले अगले वनडे वर्ल्ड कप तक होगा। बांग्लादेश ने पिछले साल ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए नॉकआउट दौर में प्रवेश किया था। साथ ही बांग्ला टीम तब से लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। वह अपने घर में दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान के साथ-साथ टीम इंडिया से वनडे सीरीज जीत चुकी है।
अब बांग्लादेश अपने इसी प्रदर्शन को आगे बढ़ाने को बेताब दिख रहा है। उसके पास तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान समेत कई शानदार गेंदबाज हैं जिसे वॉल्श और तराश सकते हैं।
वॉल्श जिम्बाब्वे के पूर्व तेज गेंदबाज हीथ स्ट्रीक की जगह लेंगे जो इस साल मई में 2 साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद चले गए थे। दूसरी ओर, वॉल्श जो अगस्त तक वेस्टइंडीज टीम के चयनकर्ता के रूप में कार्यरत थे। वह अब इस महीने एक नई जिम्मेदारी संभालेंगे।
वह इंग्लैंड के बांग्लादेश दौरे पर आने से पहले टीम के साथ जुड़ जाएंगे। इंग्लैंड की टीम ने जुलाई में ढाका में हुए आतंकी हमले के बाद इस देश का दौरा करने का फैसला लिया है।
अपने समय के बेहद खतरनाक गेंदबाज रहे हैं वॉल्श
अपने समय के बेहद खतरनाक गेंदबाजों में शुमार पूर्व तेज गेंदबाज कर्टनी वॉल्श ने 17 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में टेस्ट में 519 विकेट झटके जबकि वनडे में 227 विकेट अपने नाम किए। वह 1987 में विज्डन क्रिकेटर्स ऑफ द ईयर चुना गया था।
उन्होंने कहा, "लंबे समय से बांग्लादेश क्रिकेट को देख रहा हूं। उनके पास प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का एक पूरा बंच है।" उन्होंने आगे कहा, "चंद्रिका हाथुरूसिंघा ने बांग्ला टीम के मुख्य कोच के रूप में बेहद शानदार काम किया है। मुझे उम्मीद है कि मैं भी उनकी योग्यता को सही तरह से तराश पाऊंगा और चीजें सही दिशा में आगे बढ़ेंगी।"
उन्होंने आगे कहा, "निश्चित तौर पर वेस्टइंडीज मेरा घर है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाशाली ग्रुप को नई दिशा में आगे ले जाने का मौका है, और इस मौके को मैं पास नहीं कर सकता।"
2001 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने के बाद कर्टनी वॉल्श पहली बार किसी बड़ी टीम को कोचिंग देने जा रहे हैं। वह अपने समय में टेस्ट के सबसे सफल गेंदबाज भी रहे। वह कैरेबियाई प्रीमियर लीग में जमैका तालावास के मेंटर होने के अलावा कई अन्य प्रशासनिक ओहदों पर रहे हैं। साथ ही वह विंडीज बोर्ड के चयनकर्ता होने के साथ-साथ अंडर-19 टीम के मैनेजर भी रहे हैं।