फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   chris woakes smashed century at lords against team india

लॉर्ड्स टेस्ट में टीम इंडिया का जीतना नामुमकिन, इस खिलाड़ी के शतक से धाराशायी 'विराट ब्रिगेड'

Sun, 12 Aug 2018 09:08 AM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला Updated Sun, 12 Aug 2018 09:08 AM IST
विज्ञापन
chris woakes smashed century at lords against team india
chris woakes

हरफनमौला क्रिस वोक्स के पहले टेस्ट शतक और जानी बेयरस्टॉ (93) के साथ उनके 189 रन की साझेदारी से इंग्लैंड ने दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन खराब रोशनी के कारण खेल के समापन पर 81 ओवर में छह विकेट पर 357 रन बना कर मैच पर अपनी पकड़ बेहद मजबूत बना ली है। 

विज्ञापन


स्टंप्स के समय क्रिस वोक्स 120 और सैम कुरेन 22 रन बना कर क्रीज पर मौजूद थे। इंग्लैंड ने पहली पारी के आधार पर अब तब 250 रन की बढ़त ले ली है और उसके चार विकेट शेष हैं। इससे पहले भारतीय टीम दूसरे दिन 107 रन पर आल आउट हो गयी। बेन स्टोक्स की जगह टीम में शामिल हुए वोक्स ने अपनी वापसी का जश्न नाबाद शतक से बनाया। उन्होंने 159 गेंद की अपनी नाबाद पारी में 18 चौके लगाये। 
विज्ञापन


वोक्स और बेयरस्टॉ की साझेदारी के समय भारतीय गेंदबाजी बेअसर नजर आयी। दोनों ने 219 गेंद में 150 रन की साझेदारी पूरी की और ऐसा लग रहा था की दोनों बल्लेबाज अपना शतक पूरा करेंगे लेकिन हार्दिक पंड्या (66 रन पर दो विकेट) की गेंद पर बेयरस्टॉ गच्चा खा गये और विकेट के पीछे कार्तिक ने शानदार कैच लपक कर उनकी 93 रन पारी का अंत किया। उन्होंने 144 गेंद की पारी में 12 चौके लगाए।

विज्ञापन
विज्ञापन

chris woakes smashed century at lords against team india
team india test

इससे पहले भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (74 रन पर तीन विकेट) के दोहरे झटके से लंच तक इंग्लैड के 89 रन पर चार विकेट गिर गये थे। लंच से पहले आखिरी गेंद पर भारत को जो रूट (19) के रूप में बड़ी सफलता मिली जिन्हें शमी ने पगबाधा आउट किया। लंच के बाद बेयरस्टॉ और जोस बटलर (24) ने 42 रन की साझेदारी की। मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा (88 रन पर एक विकेट) की सटीक गेंदबाजी के बावजूद इंग्लैंड ने 27वें ओवर में 100 रन पूरे किये।

दोनों बल्लेबाजों को भारतीय तेज गेंदबाजों ने काफी परेशान किया। इस दौरान बेयरस्टॉ ज्यादा असहज दिखे जिनके बल्ले पर गेंद ने कई बार अंदरूनी किनारा लिया लेकिन वह विकेट से नहीं टकराई। शमी ने 32वें ओवर में बटलर को पगबाधा कर भारत की वापसी करायी। लेकिन इसके बाद बेयरस्टॉ और वोक्स ने भारतीय गेंदबाजों को ज्यादा मौके नहीं दिये। इस बीच बेयरस्टॉ ने अपनी पारी की 76वें गेंद में करियर का 19वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया जबकि वोक्स ने अपना पांचवां अर्धशतक पूरा करने के लिये 71 गेंदों का सामना किया। 

chris woakes smashed century at lords against team india
टीम इंडिया

इंग्लैंड ने 49वें ओवर में 200 रन पूरे किये। भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और कुलदीप यादव प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। मैच का पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ गया और दूसरे दिन का खेल भी बारिश से प्रभावित रहा जिसमें सिर्फ 35.2 ओवर का खेल संभव हुआ। हालांकि, आज धूप निकलने के कारण पिच और हवा से नमी खत्म हो गयी जिससे बल्लेबाजी करना काफी आसान हो गया। 

भारतीय गेंदबाजी की शुरूआत आज शमी और इशांत शर्मा ने की जिन्होंने कुछ ओवरों के बाद गेंद पर नियंत्रण बना लिया और इंग्लैंड के बायें हाथ के दोनों सलामी बल्लेबाजों को परेशान किया। शमी ने शुरूआती ओवरों में बल्लेबाजों को तंग किया तो वही इशांत ने छोर बदलने के बाद ज्यादा सटीक गेंदबाजी की। टीम को पहली सफलता पारी के आठवें ओवर में मिली जब शमी ने कीटोन जेनिंग्स को पगबाधा आउट किया। इंग्लैंड ने अंपायर के फैसले के खिलाफ रिव्यू लिया लेकिन ये बेकार गया। 

chris woakes smashed century at lords against team india
team india test

इसके पांच गेंद के बाद इशांत ने एलिस्टेयर कुक को विकेट के पीछे कैच कराकर पवेलियन भेजा। इस समय इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 32 रन था। कप्तान जो रूट और पदार्पण कर रहे 20 साल के ओले पोप (28) ने पारी को संवारने की कोशिश की। इस दौरान कुलदीप यादव और हार्दिक पंड्या के पहले स्पेल में बेअसर गेंदबाजी ने भी बल्लेबाजों का काम आसान किया और इंग्लैंड ने 14वें ओवर में 50 रन पूरे किये।

पहले सत्र में भारतीय कप्तान का आर अश्विन से गेंदबाजी नहीं कराने का फैसला आश्चर्यचकित करने वाला रहा। इस बीच कोहली ने पंड्या को कुछ सलाह दी जिसके बाद उन्होंने ज्यादा आक्रामक गेंदबाजी करनी शुरू की और इसका फायदा उन्हें पोप के विकेट के रूप में मिला। पगबाधा होने से पहले पोप ने 38 गेंद की पारी में तीन चौके की मदद से 28 रन बनाये उन्होंने रूट के साथ 45 रन की साझेदारी भी की। इंग्लैंड पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे है।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed