IPL 2018: इन 11 खिलाड़ियों के साथ मुंबई इंडियंस को मात देने उतर सकती है CSK
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आईपीएल में दो साल के प्रतिबंध के बाद सीजन-11 में चेन्नई सुपरकिंग्स की वापसी हो चुकी है। सीएसके की फ्रैंचाइजी ने इस बार भी महेंद्र सिंह धोनी पर भरोसा दिखाते हुए उन्हें कप्तानी सौंपी है। आईपीएल सीजन का पहला मैच चेन्नई और मुंबई के बीच खेला जाएगा। ऐसे में चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम मैदान पर खोए हुए अपने सम्मान को हर कीमत पर वापस पाना चाहेगी।
वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले ओपनिंग मैच में कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 11 सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों को मौका देना चाहेंगे। सीएसके की तरफ से मुरली विजय और ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी ऑलराउंडर शेन वॉटसन पारी की शुरुआत कर सकते हैं। दोनों ही खिलाड़ियों के पास ओपनिंग करने का अच्छा खासा अनुभव है।
मिडल ऑर्डर
आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टीम इंडिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज सुरेश रैना का तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने भेजा जा सकता है। अपनी घातक बल्लेबाजी के दम पर यह खिलाड़ी मुंबई इंडियंस को बैकफुट पर धकेलने की क्षमता रखता है।
हालांकि अगर टीम को शुरुआत में झटका लगता है तो कप्तान महेंद्र सिंह धोनी बल्लेबाजी करने ऊपर आ सकते हैं। धोनी के अलावा अंबाती रायुडु और केदार जाधव मिडल ऑर्डर बल्लेबाजी को मजबूत बनाएंगे। वहीं कैरीबियाई ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो को निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए भेजा जा सकता है। ब्रावो न सिर्फ अपने स्लो डिलीवरी बॉलिंग अटैक से मुंबई पर हमला करेंगे, बल्कि तेजी से रन बनाने का भी काम करेंगे।
पिछले सीजंस की तरह इस बार भी चेन्नई के पास बेहतरीन स्पिन गेंदबाज हैं। आर अश्विन के किंग्स इलेवन पंजाब में जाने के बाद हरभजन सिंह और रवींद्र जडेजा पर स्पिन गेंदबाजी का दारोमदार होगा। वहीं सुरेश रैना और अंबाती रायुडु का पार्ट टाइम स्पिन गेंदबाज के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
सीमर्स
इसमें कोई दोराय नहीं कि चेन्नई के पास मुंबई की तरह घातक तेज गेंदबाजों की कमी है। हालांकि जोश से भरपूर इस टीम के तेज गेंदबाज विपरीत परिस्थितियों में पासा पलटने का दम रखते हैं। मुंबई के खिलाफ टीम इंडिया के तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर और इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड गेंदबाजी का छोर संभाल सकते हैं। मार्क वुड अपनी बेहतरीन यॉर्कर, बाउंसर और स्लो डिलीवरी के लिए जाने जाते हैं।