भारत की तरफ से अनुभवी स्पिन गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने हाल ही में अपने 600 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे किए। लेकिन उनसे पहले दुनिया के 20 गेंदबाज भी यह कारनामा कर चुके हैं। यही नहीं श्रीलंकाई दिग्गज मुथैया मुरलीधरन और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज शेन वार्न ने तो 1000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल किए। फिलहाल हम बात करने जा रहे हैं, सबसे तेज 600 अंतरराष्ट्रीय विकेट के आंकड़े को छूने वाले गेंदबाजों के बारे में।
सबसे तेज 600 अंतरराष्ट्रीय विकेट लेने वाले चार गेंदबाज, तीन तेज गेंदबाजों में अश्विन इकलौते स्पिनर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डेल स्टेन
इस मामले में शीर्ष पर मौजूद हैं दक्षिण अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज डेल स्टेन। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने कई वर्षों तक दुनियाभर के बल्लेबाजों को अपनी तेजी और स्विंग से आउट किया है। उन्होंने अपने करियर में सबसे ज्यादा सफलता टेस्ट क्रिकेट में हासिल की है। उन्होंने सिर्फ 211 मैचों में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 600 विकेट पूरे किए। स्टेन के फिलहाल 265 मैचों में कुल 699 विकेट हैं, इसमें उन्होंने टेस्ट में 439, वनडे में 196 और टी-20 में 64 शिकार किए।
ग्लेन मैकग्रा:
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा ने अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर में कुल 949 विकेट चटकाए। वे सर्वाधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल करने वाले तेज गेंदबाजों के मामले में पहले स्थान पर हैं। उन्हें 600 अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल करने के लिए 226 मैच का सफर तय करना पड़ा। मैकग्रा के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने टेस्ट में 563, वनडे में 381 और टी-20 में पांच विकेट चटकाए।
एलन डोनाल्ड
इस सूची में दक्षिण अफ्रीका के एक और पूर्व तेज गेंदबाज का नाम शामिल है। दिग्गज गेंदबाज एलन डोनाल्ड ने मात्र 232 मैचों में ही अपने 600 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे कर लिए थे। वह इस उपलब्धि को सबसे तेजी से हासिल करने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। डोनाल्ड ने अपने करियर में कुल 602 विकेट लिए, इसमें उन्होंने टेस्ट में 330 और वनडे में 272 विकेट चटकाए।
रविचंद्रन अश्विन
भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट में दो उपलब्धि हासिल की। वे टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 400 विकेट हासिल करने वाले दुनिया के दूसरे सबसे तेज गेंदबाज बन गए। इसके अलावा उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपने 600 विकेट के आंकड़े को भी हासिल किया। उन्होंने 234 वें मैच में यह उपलब्धि हासिल की, इसके साथ ही वे ऐसा करने वाले वो दुनिया के चौथे सबसे तेज गेंदबाज बन गए हैं। 34 वर्षीय अश्विन के कुल 603 अंतरराष्ट्रीय विकेट हो चुके हैं। इसमें उन्होंने टेस्ट में 401, वनडे में 150 और टी-20 में 52 विकेट चटकाए हैं।