सिर्फ चौके की मदद से बेथ मूनी ने जड़ा शतक, तोड़े कई सारे रिकॉर्ड
-टी-20 में सर्वाधिक चौके जड़ने वाली खिलाड़ी बनीं
-बिना सिक्सर लगाए शतक जड़ने वाली पहली (महिला व पुरुष) क्रिकेटर
-113 रन बनाए ऑस्ट्रेलिया की मूनी ने 61 गेंदों पर
-02 शतक टी-20 में लगाने वाली चौथी खिलाड़ी
विस्तार
ऑस्ट्रेलियाई ओपनर बेथ मूनी ने रविवार को श्रीलंका के खिलाफ पहले टी-20 में अपनी शतकीय पारी के दौरान 20 चौके लगाकर नया रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले भी यह रिकॉर्ड उन्हीं के नाम था।
उन्होंने 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ 19 चौके लगाए थे। उन्होंने 61 गेंदों में 113 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली जिससे ऑस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 217 रन का स्कोर बनाया।
यह ऑस्ट्रेलिया को टी-20 का दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। उसका सर्वोच्च स्कोर तीन विकेट पर 226 है जो उसने इंग्लैंड के खिलाफ इस साल बनाया था। मूनी ने एलिसा हीली (43) के साथ पहले विकेट के लिए 72 और एश गार्डनर (49) के साथ तीसरे विकेट के लिए 115 रन जोड़े।
मूनी ने अपनी पारी के दौरान एक भी छका नहीं लगाया। वह टी20 क्रिकेट में किसी भी टेस्ट खेलने वाले देश (महिला और पुरुष) में बिना छक्का लगाए शतक जड़ने वाली पहली खिलाड़ी भी बन गईं।
अटापट्टू की शानदार शतकीय पारी
जवाब में श्रीलंकाई टीम सात विकेट पर 176 रन ही बना पाई और ऑस्ट्रेलिया ने मैच 41 रन से जीता। यह श्रीलंका का टी-20 का सर्वोच्च स्कोर है। श्रीलंका की टीम भले ही मुकाबला हार गई लेकिन कप्तान सी. अटापट्टू ने शानदार शतकीय पारी खेल सभी का दिल जीत लिया।
अटापट्टू ने 66 गेंदों पर 12 चौकों और 6 छक्कों से 113 रन बनाए। वह इस प्रारूप में शतक जड़ने वाली पहली श्रीलंकाई खिलाड़ी हैं। अटापट्टू के अलावा हंसिमा (16) और नीलाक्षी डिसिल्वा (10) ही दोहरे अंक तक पहुंच पाईं।