AUSvsIND: रहाणे की अगुवाई में भारत सिडनी में इतिहास रचने को तैयार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का तीसरा टेस्ट सात जनवरी यानी कल से सिडनी में खेला जाएगा। फिलहाल, चार मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। हिटमैन रोहित शर्मा की वापसी से मजबूत बनी भारतीय टीम तीसरे टेस्ट में अपने विजय क्रम को जारी रखने की कोशिश करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार सुबह पांच बजे शुरू होगा। बता दें कि इस मैदान पर भारत को पिछले 43 साल में पहली जीत का इंतजार है।
दरअसल, सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में भारतीय बल्लेबाजों ने कुछ यादगार पारियां खेली हैं, लेकिन यह टीम के लिए भाग्यशाली मैदान नहीं रहा है क्योंकि उसे यहां छह मैचों में पराजय का सामना करना पड़ा। उसने एससीजी पर एकमात्र जीत 42 साल पहले हासिल की थी। अगर अजिंक्य रहाणे की टीम सिडनी में इतिहास रचकर 2-1 से बढ़त हासिल कर लेती है तो फिर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी उसके पास ही बनी रहेगी और यह भारतीय क्रिकेट में सबसे यादगार पलों में से एक होगा।
यह इसलिए भी विशिष्ट होगा क्योंकि भारत अपने सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज विराट कोहली और दो प्रमुख तेज गेंदबाजों के बिना इसे हासिल करेगा। ऐसा हर समय नहीं होता जबकि स्टीव स्मिथ जैसे बल्लेबाजों से सजी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को भारतीय गेंदबाजों ने दहशत में डाला हो।
मोहम्मद शमी के बाद उमेश यादव के भी बाहर होने के बाद नवदीप सैनी और शार्दुल ठाकुर में से जिसका भी चयन किया जाएगा उसे यह जिम्मेदारी बखूबी निभानी होगी। ऑस्ट्रेलिया पर भारतीय गेंदबाजों ने किस तरह से दबाव डाला है इसका प्रमाण यह है कि वह 70 प्रतिशत फिट डेविड वार्नर को उतारने की तैयारी कर रहा है ताकि अधर में लटकी उनकी बल्लेबाजी की नैया पार लग सके।
ऑस्ट्रेलियाई टीम अपनी बल्लेबाजी को लेकर कितनी मायूस है उसका अंदाजा कप्तान टिम पेन के बयान से लगाया जा सकता है। पेन ने मैच की पूर्व संध्या पर कहा, 'वह (वार्नर) ऊर्जावान और पेशेवर खिलाड़ी है जो तुरंत प्रभाव छोड़ सकता है और बाकी खिलाड़ियों में आत्मविश्वास भर सकता है।' ऐसी परिस्थितियों में रोहित शर्मा भारतीय टीम से जुड़ते हैं जो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते समय चोटिल होने के कारण सीमित ओवरों की श्रृंखला और पहले दो टेस्ट मैचों में नहीं खेल पाएथे।
ऑस्ट्रेलिया आने पर सिडनी के एक अपार्टमेंट में दो सप्ताह तक पृथकवास पर रहने के बाद रोहित टीम से जुड़े लेकिन मेलबर्न के एक रेस्तरां में एक उत्साही प्रशंसक के कारण उनके और चार अन्य भारतीय खिलाड़ियों के खिलाफ संभावित जैव सुरक्षा उल्लंघन के लिए जांच बिठाई गई। लेकिन रोहित इतने अनुभवी और पेशेवर खिलाड़ी हैं कि इन सब चीजों से उनका ध्यान भंग नहीं होगा और इसका सबूत मंगलवार को मिला जब उन्होंने नेट पर जमकर अभ्यास किया और रविचंद्रन अश्विन जैसे गेंदबाजों का सहजता से सामना किया। उनकी उपस्थिति से टीम और युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और यही वजह है कि उन्हें चेतेश्वर पुजारा की जगह उप कप्तान नियुक्त किया गया।
सिडनी का विकेट पारंपरिक तौर पर बल्लेबाजों के अनुकूल रहा है और यहां सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, सचिन तेंदुलकर, वीवीएस लक्ष्मण और यहां तक कि पिछले दौरे में पुजारा और ऋषभ पंत ने भी शतक जमाये थे। अगर रोहित और शुभमन गिल टीम को अच्छी शुरुआत दिलाते हैं तो इससे पुजारा को राहत मिलेगी जो पहले दो टेस्ट मैचों में लचर प्रदर्शन करने के कारण दबाव में हैं।
रहाणे पिछले मैच में शतक और जीत के बाद मिशेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, पैट कमिन्स और नाथन लियोन का सामना करने के लिए आत्मविश्वास के साथ क्रीज पर उतरेंगे। अगर रोहित के लिए मयंक अग्रवाल जगह खाली करते हैं तो केएल राहुल के चोटिल होने से हनुमा विहारी को एक और मौका मिल सकता है। लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी है जिसे पारंपरिक तौर पर स्पिन गेंदबाजों को मदद देने वाले विकेट पर अश्विन जैसे गेंदबाज का सामना करना है।
अश्विन ने अभी तक 10 विकेट लिए हैं और वह स्मिथ और मार्नस लाबुशेन जैसे खिलाड़ियों के खिलाफ जंग में खुद को अव्वल साबित करने में सफल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया स्मिथ के फार्म में लौटने को लेकर बेताब है और इसके साथ ही वह ट्रेविस हेड जैसे बल्लेबाजों से भी अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रहा होगा लेकिन जसप्रीत बुमराह की अगुवाई वाला भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण उन्हें दबाव में रखने की पूरी कोशिश करेगा।
टीमें इस प्रकार हैं:
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और नवदीप सैनी।
ऑस्ट्रेलिया (संभावित) : विल पुकोव्सकी, डेविड वार्नर, मार्नस लाबुशाने, स्टीव स्मिथ, मैथ्यू वेड, कैमरोन ग्रीन, टिम पेन (कप्तान और विकेटकीपर), पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन।