कार फ्री डे पर मंत्री जी ने दिया नारा- दिल्ली बोले दिल से, ऑड-ईवन फिर से
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी के उत्तरी पूर्वी जिला स्थित लोनी रोड पर मंगलवार को छठा कार फ्री डे मनाया गया। परिवहन मंत्री गोपाल राय ने इस मौके पर पर्यावरण यात्रा निकाली, जिसमें वह खुद भी शामिल हुए।
यहां आए लोगों को पौधे भी बांटे गए। यहीं मंच से उन्होंने 15 अप्रैल से शुरू हो रहे सम-विषम को सफल बनाने की अपील की। साथ ही नारा दिया दिल्ली बोले दिल से, ऑड-ईवन फिर से...। कार फ्री डे पर बड़ी संख्या में लोग समर्थन करने पहुंचे।
इस बार कार फ्री डे का आयोजन गोपाल राय ने अपने इलाके में कराया था। इस कार फ्री डे में अब तक बीते पांच कार फ्री डे से ज्यादा भीड़ देखने को मिली। इस बार साइकिल रैली के बजाए दो किलोमीटर की पैदल पर्यावरण यात्रा निकाली गई, जिसमें परिवहन मंत्री खुद शामिल हुए। उन्होंने एक सीएनजी चलित वाहन पर सवार होकर सभी के साथ पर्यावरण यात्रा को पूरा किया।
गोपाल राय ने कहा कि प्रदूषण मुक्त दिल्ली के लिए दिल्लीवालों को कार छोड़नी होगी। यह तभी हो सकता है, जब लोग इसमें साथ देंगे। आम आदमी पार्टी की सरकार ने चुनाव के दौरान किए गए अपने सभी वादे पूरे किए हैं।
परिवहन मंंत्री ने की सरकार की तारीफ
आप की सरकार वह काम भी कर रही है, जो पिछली सरकारों ने 15 साल सत्ता में रहने के बाद भी नहीं किए। उन्होंने कहा कि कार फ्री डे हो या फिर सम-विषम फॉर्मूला, इसे हमारी सरकार ने दिल्लीवालों के साथ मिलकर सफलतापूर्वक किया है।
परिवहन मंत्री ने लोगों से अपील की कि 15 अप्रैल से दोबारा सम-विषम लागू किया जाएगा। यह दिल्लीवालों की सहमति से किया जा रहा है। इसलिए आपको इसमें सहयोग करना होगा। उन लोगों को समझाना होगा, जो दूसरी गाड़ी खरीदने की तैयारी कर रहे हों। क्योंकि वे गाड़ी तो खरीद लेंगे, लेकिन अपने बच्चों को साफ हवा नहीं दे पाएंगे, तो दिल्ली छोड़नी पड़ेगी।
परिवहन मंत्री ने गाया होली गीत
परिवहन मंत्री कार फ्री डे में शामिल लोगों को होली की बधाई देने के साथ खुद को गाना गाने से भी नहीं रोक पाए। उन्होंने मंच से ‘रंग बरसे भीगे चुनर वाली, रंग बरसे’ गीत गुनगुनाया, तो भीड़ ने तालियां बजाकर इसका स्वागत किया। गोपाल राय ने सभी से ऑर्गेनिक रंगों की होली खेलने के साथ पानी की बर्बादी नहीं करने की अपील की।