CG: 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का हुआ शुभारंभ, दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
रायगढ़ जिले में 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के हाथों शुभारंभ हुआ। इस कार्यक्रम के तहत एक माह तक सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कई जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रायगढ़ जिला मुख्यालय में आज 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का शुभारंभ एक भव्य कार्यक्रम के साथ सामुदायिक पुलिस भवन में हुआ। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल, नगर निगम कमीशनर बृजेश सिंह क्षत्रिय तथा द्वेय अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम, राम गोपाल करियारे, जिला परिवहन अधिकारी अमित कश्यप, एनटीपीसी के एजीएम जाकिर खान मंचासीन थे। अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के समीप दीप प्रज्वलित कर विधिवत कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश मरकाम ने स्वागत संबोधन में सड़क सुरक्षा माह की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरुक करना है। पूरे माह जिले की यातायात पुलिस और अन्य थाना टीमें सड़क सुरक्षा जागरुकता गतिविधियों को संचालित करेंगी। नगर निगम कमीशनर बृजेश सिंह क्षत्रिय ने साल दर साल बढ़ते सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों को चिंताजनक बताया और लोगों से अपील की कि वे यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील हों।
सड़क हादसे में 2024 में 359 लोगों की मौत पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में 352 और 2024 में 359 लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा बैठे, जो काफी गंभीर विषय है। आकस्मिक मृत्यु का सबसे बड़ा कारण “सड़क दुर्घटना” है, जिसमें ट्रैफिक के नियमों का पालन नहीं करने की वजह से घटनाएं होती हैं। हम सब जागरुक होकर ही इससे निजात पा सकते हैं।
3 हजार हेलमेट बांटे जाने की तैयारी
जिला पुलिस का संकल्प है कि इस पूरे माह में लगभग 3000 निःशुल्क हेलमेट बांटे जाएंगे। साथ ही ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस जागरूकता कार्यक्रम में जोड़ा जाएगा। जिला पुलिस का प्रयास रहेगा कि सड़क दुर्घटना से मृत्यु दर में कमी आये। उन्होंने बताया कि जिले में 16 ब्लैक स्पॉट जहां पिछले तीन वर्षों में एक्सीडेंट ज्यादा हुए उस पॉइंट को फोकस किया गया और आवश्यक कार्रवाई से ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं में कमी आयी है।
कई कार्यक्रम हुए आयोजित
कार्यक्रम में युवराज सिंह आजाद व उनके सहयोगियों द्वारा नुक्कड़-नाटक के माध्यम से यातायात नियमों का पालन करने का संदेश दिया गया। पुलिस अधीक्षक के हाथ एफएम रेडियो में प्रसारित होने वाले यातायात जिंगल सॉन्ग का विमोचन किया गया। कार्यक्रम पश्चात पुलिस अधीक्षक, कमीशनर नगर निगम व अतिथियों द्वारा यातायात रथ व हेल्मेट जागरुकता रैली को हरी झंडी दिखाकर शहर में भ्रमण के लिए रवाना किया गया।
हादसों में तीन प्रमुख कारण
1. बिना हेलमेट वाहन- चलाना सिर में गंभीर चोटों का प्रमुख कारण।
2. ड्रिंक एंड ड्राइव- जानलेवा घटनाओं का दूसरा मुख्य कारण।
3. अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क पर बेतरतीब वाहन खड़े करना।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक उत्तम प्रताप सिंह, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, निरीक्षक सुखनंदन पटेल, प्रशांत राव, अनुरंजन लकड़ा, एएसआई राजेन्द्र पटेल, प्रेमसाय भगत, प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के सदस्यगण तथा सहयोगी संस्था होण्डा मोटर्स, छात्र-छात्राएं, थाना यातायात का स्टाफ मौजूद था। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के इस शुभारंभ ने रायगढ़ में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता का एक मजबूत संदेश दिया है। प्रशासन व पुलिस ने इस पहल को सफल बनाने के लिए जनता से सहयोग की अपील की है।