Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chhattisgarh ›   chhattisgarh two youths held hostage in russia job fraud

रूस में नौकरी का झांसा देकर छत्तीसगढ़ के 2 युवक बंधक: सेना में भर्ती का दबाव, परिवार ने सरकार से लगाई गुहार

Fri, 20 Nov 2026 08:18 AM IST
अमन कोशले न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रायपुर Published by: अमन कोशले Updated Fri, 20 Nov 2026 08:18 AM IST
सार

छत्तीसगढ़ के रायपुर और बिलासपुर के दो युवक नौकरी के नाम पर रूस पहुंचे, जहां परिजनों ने उन्हें बंधक बनाने और रूसी सेना में भर्ती का दबाव डालने का आरोप लगाया है। परिवार ने केंद्र सरकार से सुरक्षित वापसी की मांग की।

विज्ञापन
chhattisgarh two youths held hostage in russia job fraud
रूस में छत्तीसगढ़ के दो युवक बंधक - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

छत्तीसगढ़ के दो युवकों को रूस में नौकरी का झांसा देकर बंधक बनाने और उन पर रूसी सेना में भर्ती होने का दबाव डालने का मामला सामने आया है। रायपुर के गुढ़ियारी श्रीनगर निवासी 38 वर्षीय टिकेश्वर साहू और बिलासपुर के बिल्हा निवासी 21 वर्षीय विनीत कुमार दुबे टेलीग्राम के जरिये नौकरी का प्रस्ताव पाकर रूस गए थे। परिजनों का आरोप है कि वहां दोनों युवकों को नशीले पदार्थों के झूठे मामलों में फंसाकर हिरासत में रखा गया है। परिजनों ने भारत सरकार से दोनों को सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है।
विज्ञापन


टेलीग्राम के जरिये नौकरी का झांसा
रायपुर निवासी टिकेश्वर साहू को सेल्स एवं मार्केटिंग में 17 साल का अनुभव है। वे 10 साल पहले दुबई में भी काम कर चुके हैं। उन्हें टेलीग्राम के जरिये रूस में आकर्षक वेतन पर नौकरी का प्रस्ताव मिला था। कंपनी ने दिल्ली से मॉस्को और फिर वोल्गोग्राद का टिकट, वीजा तथा रहने का प्रबंध किया था। टिकेश्वर 7 सितंबर 2026 को रूस गए थे। उन्होंने परिजनों को बताया था कि साक्षात्कार के बाद काम समझ में आने पर ही रुकेंगे, अन्यथा 23 सितंबर के वापसी के टिकट से लौट आएंगे। 16 सितंबर के बाद उनसे परिवार का संपर्क टूट गया।
विज्ञापन


वहीं, बिलासपुर के बिल्हा निवासी विनीत कुमार दुबे 1 अक्तूबर को रूस पहुंचे थे। उनकी बहन आशी दुबे के अनुसार टेलीग्राम पर उन्हें एक दुकान के स्टोरेज रूम में काम करने का ऑफर मिला था। टिकट और वीजा का इंतजाम भी संबंधित लोगों ने किया था। वहां पहुंचने के कुछ दिन बाद विनीत ने भारत लौटने की बात कही और पैसों की जरूरत बताई थी। इसके बाद उनसे भी संपर्क बंद हो गया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


झूठे मामले हिरासत में लिया
परिजनों का आरोप है कि युवकों को नशीले पदार्थों के झूठे केस में फंसाकर हिरासत में लिया गया है। उनसे 15 से 20 साल तक जेल में रहने या रूसी सेना में शामिल होने का विकल्प दिया जा रहा है। विनीत की बहन ने आरोप लगाया कि उन्हें भोजन में गाय और सूअर का मांस दिया जा रहा है। खाने में थूक दिया जाता है ताकि वे खा न सकें और विरोध करने पर प्रताड़ित किया जाता है। विनीत से वकील की व्यवस्था के नाम पर अज्ञात नंबर से 7 लाख रुपये मांगे गए थे। राशि न देने पर 27 अक्तूबर को पिता के पास विनीत की आत्महत्या की झूठी खबर भेजी गई, जिससे पिता को दिल का दौरा पड़ गया।

बाद में विनीत ने वीडियो जारी कर आत्महत्या की खबर का खंडन किया। उसने बताया कि एयरपोर्ट के पास से लोगों को ले जाकर बंदूक दिखाकर धमकाया जा रहा है। वहां भारतीयों के अलावा अन्य देशों के नागरिक, छात्र और पर्यटक भी फंसे हैं।

पत्नी को किया बिलखते हुए फोन
दूसरी ओर टिकेश्वर साहू ने 22 अक्तूबर को रूसी नंबर से पत्नी मनोरमा साहू को कॉल कर रोते हुए बताया कि उन्हें पुलिस ने फंसा दिया है। परिजनों ने रूस में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की मदद से वकील तय किया। वकील को वोल्गोग्राद में टिकेश्वर से 25 अक्तूबर को मिलने दिया गया। टिकेश्वर ने बताया कि 22 अक्तूबर से उनकी तबीयत खराब है और उच्च रक्तचाप, थायराइड तथा साइटिका की नियमित दवाइयां नहीं दी जा रही हैं। वकील द्वारा गिरफ्तारी के फुटेज और जानकारी मांगने पर भी अधिकारियों ने कुछ उपलब्ध नहीं कराया।


दूतावास को पत्र और सुरक्षा की मांग
दोनों पीड़ित परिवारों ने स्थानीय पुलिस, प्रशासन, विदेश मंत्रालय और भारतीय व रूसी दूतावास को ईमेल भेजकर मदद मांगी है। टिकेश्वर के परिवार में पत्नी, दो बेटियां और बुजुर्ग माता-पिता हैं, वहीं विनीत के पिता की तबीयत खराब रहती है। परिजनों ने शिकायत की है कि अब तक उन्हें युवकों की सुरक्षा और वापसी को लेकर कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने केंद्र सरकार से विदेश मंत्रालय के जरिये रूस में फंसे छत्तीसगढ़ के युवकों को कानूनी मदद प्रदान करने और जल्द स्वदेश वापस लाने की अपील की है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed