ट्रेन में टिकट नहीं तो जेब होगी ढीली! रेलवे ने बढ़ाई सख्ती, नए नियमों के तहत होगी वसूली
बिलासपुर रेल मंडल में बेटिकट और अनियमित टिकट वाले यात्रियों के खिलाफ जांच अभियान तेज हो गया है। नए प्रावधानों के तहत नियम तोड़ने पर किराए के अंतर के साथ अतिरिक्त चार्ज वसूला जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों से सफर से पहले वैध टिकट लेने की अपील की है।
विस्तार
रेलवे की जांच में बिना टिकट यात्रा करने, गलत श्रेणी के टिकट पर सफर करने या टिकट से जुड़ी अनियमितता पाए जाने पर यात्रियों से नियमों के अनुसार किराए के अंतर के साथ अतिरिक्त चार्ज वसूला जा रहा है।
रेलवे के मुताबिक जन विश्वास एक्ट के तहत पेनल्टी से जुड़े कुछ प्रावधानों में आंशिक बदलाव किए गए हैं। कुछ मामलों में जुर्माने की राशि को संशोधित कर बढ़ाया गया है। रेलवे इन नए प्रावधानों की जानकारी यात्रियों तक पहुंचाने के लिए स्टेशनों और अन्य माध्यमों से जागरूकता अभियान भी चला रहा है।
बिलासपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार सिंह ने कहा कि टिकट चेकिंग रेलवे की नियमित और महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने की समझाइश दी जा रही है। इसके बावजूद जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर रेलवे के निर्धारित प्रावधानों के तहत चार्ज की वसूली की जाएगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपना वैध टिकट जरूर लें और उसी श्रेणी में यात्रा करें, जिसके लिए टिकट लिया गया है। इससे जांच के दौरान होने वाली परेशानी और अतिरिक्त भुगतान से बचा जा सकता है।

बेटिकट यात्रा पड़ेगा महंगा

बेटिकट यात्रा पड़ेगा महंगा