{"_id":"64469d6f0f43d73b270afcdd","slug":"fraud-of-12-65-lakh-on-pretext-of-good-returns-in-stock-market-in-ambikapur-2023-04-24","type":"story","status":"publish","title_hn":"मुलायम सिंह यादव से 12.65 लाख की ठगी: शेयर बाजार में अच्छे रिटर्न का दिया था झांसा, फिर मोबाइल कर लिया बंद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मुलायम सिंह यादव से 12.65 लाख की ठगी: शेयर बाजार में अच्छे रिटर्न का दिया था झांसा, फिर मोबाइल कर लिया बंद
Mon, 24 Apr 2023 08:47 PM IST
मोहनीश श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अंबिकापुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अंबिकापुर
Published by: मोहनीश श्रीवास्तव
Updated Mon, 24 Apr 2023 08:47 PM IST
सार
मुलायम सिंह ने पुलिस को बताया कि, जब उसने इन रुपयों को आहरण के लिए प्रोसेस शुरू किया तो नहीं हुआ। युवक ने कंपनी पर पैसों के लिए दबाव बनाया तो प्रभा ने अपना मोबाइल बंद कर दिया।
विज्ञापन
Online Fraud
- फोटो : istock
विस्तार
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शेयर बाजार में अच्छा रिटर्न दिलाने के नाम पर एक युवक से 12.65 लाख रुपये एक महिला ने ठग लिए। महिला ने स्वयं को ट्रेडिंग एवं फारेक्स कंपनी का संचालक बता युवक को झांसे में लिया। शुरुआत में जमा कराई गई रकम का लाभांश खाते में हस्तांतरित कर युवक का विश्वास जीता। फिर ज्यादा लाभ के लालच में कई किश्तों में रकम जमा करा ली। जब युवक ने अपनी रकम और लाभांश मांगा तो महिला ने मोबाइल बंद कर दिया। इसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने कॉल कर रुपय वापस दिलाने के नाम पर ढाई लाख रुपये और मांगे। मामला लुंड्रा थाना क्षेत्र का है।
विज्ञापन
सरगुजा एएसपी विवेक शुक्ला ने बताया कि लुंड्रा निवासी मुलायम सिंह यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया है कि, 20 फरवरी को प्रभा श्रीवास्तव नाम की महिला ने कॉल कर खुद को द एफएक्स वर्ल्ड ट्रेडिंग व बैकिंग कंपनी का प्रोपराइटर बताया। उसने ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा देने के लिए कहा। बताया कि कंपनी शेयर ट्रेडिंग व्यवसाय में कार्यरत है, जो आजमा की गई धनराशि में गारंटी के साथ अच्छे रिटर्न देती है। उसकी बातों में आकर मुलायम सिंह यादव ने 20 फरवरी को 16,500 रुपये महिला के बताए खाते में ट्रांसफर कर दिए।
विज्ञापन
अगले दिन ही प्रभा ने फिर मुलायम सिंह को कॉल किया और बताया कि उसके जमा पर 830 रुपये का लाभ मिला है। इसे कंपनी ने उसके स्टेट बैंक के खाते में स्थानांतरित कर दिया। इसके बाद आरोपी प्रभा श्रीवास्तव ने झांसे में लेकर मुलायम सिंह यादव से 22 फरवरी से 25 मार्च के बीच 1265200 रुपये कंपनी के खाते में जमा करा लिए। मुलायम सिंह 7 मार्च को जानना चाहा कि उसे कितना लाभ मिला है। इस पर उसे कंपनी की ओर से आईडी और पासवर्ड दिया गया। कहा गया कि इसके जरिए वह खुद अपना एकाउंट चेक कर सकता है। 28 मार्च को चेक किया तो उसमें लाभ के साथ 52337 डालर दिखाई दिए।
विज्ञापन
मुलायम सिंह ने पुलिस को बताया कि, जब उसने इन रुपयों को आहरण के लिए प्रोसेस शुरू किया तो नहीं हुआ। युवक ने कंपनी पर पैसों के लिए दबाव बनाया तो प्रभा ने अपना मोबाइल बंद कर दिया। इसके तीन दिन बाद मुलायक सिंह के मोबाइल पर फिर कॉल आया। इस बार कॉल करने वाले ने स्वयं को कंपनी का अधिकारी बताते हुए कहा कि, प्रबंधक प्रभा श्रीवास्तव ने नौकरी छोड़ दी है। उसने बताया कि पैसे निकालने के लिए ढाई लाख रुपये जमा करने होंगे। इसके बाद युवक को ठगी का एहसास हुआ। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जा रही है।