भारत VS ऑस्ट्रेलिया मैच: स्टूडेंट टिकट 300 रुपये में, पहली बार युवराज व हरभजन स्टैंड में मैच देखेंगे दर्शक
मैच देखने के लिए छात्रों को टिकट में छूट दी जा रही है। स्कूल और कॉलेजों के छात्रों को अपना स्कूल आईडी कार्ड लेकर पीसीए स्टेडियम के टिकट काउंटर पर आना होगा। उनके लिए टिकट का मूल्य 300 रुपये रखा गया है।
विस्तार
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पीसीए स्टेडियम मोहाली में 20 सितंबर को टी-20 मुकाबला होगा। इस दौरान लोगों को हरभजन सिंह और युवराज सिंह स्टैंड में बैठकर मैच देखने का मौका मिलेगा। पीसीए में पहली बार खिलाड़ियों के नाम के स्टैंड बनाए गए हैं। टी-20 मुकाबले के लिए टिकटों की घोषणा कर दी गई है। 11 सितंबर से दर्शक टिकट खरीद सकेंगे।
मैच की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान मंगलवार को स्टेडियम पहुंचे। इसके पहले उन्होंने मुख्यमंत्री आवास पर पीसीए के अध्यक्ष गुलजारिन्द्र सिंह चहल अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर सांसद राघव चड्ढा, सांसद व पीसीए के मुख्य सलाहकार हरभजन सिंह, सांसद संजीव अरोड़ा, एसीएसए व सीएम के प्रधान सचिव वेणु प्रसाद, डीजीपी पंजाब गौरव यादव सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
सुरक्षा पुख्ता का आश्वासन
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी को लेकर उत्साहित हैं। आजादी के अमृत महोत्सव का जश्न मनाने वाले क्रिकेट प्रशंसकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए पंजाब सरकार की ओर से पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
छात्रों को मिलेगा 300 रुपये में टिकट
मैच देखने के लिए छात्रों को टिकट में छूट दी जा रही है। स्कूल और कॉलेजों के छात्रों को अपना स्कूल आईडी कार्ड लेकर पीसीए स्टेडियम के टिकट काउंटर पर आना होगा। उनके लिए टिकट का मूल्य 300 रुपये रखा गया है। मैच के लिए टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग पेटीएम पर 11 सितंबर से होगी।
इस तरह रहेंगे टिकट के दाम
| ब्लॉक के नाम | टिकट का मूल्य |
| एलीट लांज लेवल-3 | 7500 रुपये |
| एनक्लोजर बाक्स लेवल -2 | 10,000 रुपये |
| एनक्लोजर बाक्स लेवल -1 | 7500 रुपये |
| हरभजन सिंह स्टैंड | 5000 रुपये |
| वीआईपी वेस्ट ब्लॉक | 300 रुपये |
| वीआईपी ईस्ट ब्लॉक -1 | 1500 रुपये |
| चेयर वेस्ट ब्लॉक -1 | 1000 रुपये |
| वीआईपी वेस्ट ब्लॉक -2 | 1500 रुपये |
| युवराज सिंह स्टैंड | 2000 रुपये |
| वीआईपी ईस्ट ब्लॉक -2 | 1500 रुपये |
| विद्यार्थी | 300 रुपये |
हरभजन स्टैंड में पांच तो युवराज स्टैंड में दो हजार का टिकट
पीसीए अध्यक्ष ने बताया कि भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह और पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह के नाम पर पीसीए में पहली बार एक-एक ब्लॉक रखा गया है। हरभजन सिंह स्टैंड की टिकट युवराज सिंह के मुकाबले काफी महंगी हैं। पीसीए ने हरभजन सिंह स्टैंड की टिकट 5000 रुपये और युवराज सिंह स्टैंड की टिकट 2000 रुपये में रखी है।