हरियाणाः कैबिनेट और राज्यमंत्री में तकरार, एक ने दी चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा के एक कैबिनेट मंत्री और एक राज्यमंत्री में टकराव बढ़ गया। ये इस कदर बढ़ा कि मंत्री अनिल विज ने चेतावनी तक दे डाली। दरअसल अंबाला में खेल मंत्री अनिल विज और सांसद रतनलाल कटारिया खेमे में खींचतान बंद होने का नाम ही नहीं ले रही है।
अब तो दोनों खेमों के कार्यकर्ताओं में भी तलवारें खिंच चुकी हैं। इसी का नतीजा रहा कि शुक्रवार को विज ने सांसद कटारिया के सिपहसालार और सूबे में खान राज्य मंत्री और नारायणगढ़ विधायक नायब सैनी को नसीहत दे दी कि वे अपने हलके तक ही सीमित रहें और वहीं विकास कार्य करवाएं। विज ने कहा कि वे इस मसले पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष और सीएम मनोहर लाल खट्टर से भी बात करेंगे।
दरअसल, नायब सैनी नारायणगढ़ हलके के विधायक, राज्यमंत्री के साथ-साथ पार्टी के जिलाध्यक्ष भी हैं। इस लिहाज से जिले में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में आयोजक उन्हें आमंत्रित करते हैं। स्थिति यह होती जा रही है कि अंबाला कैंट में जब राज्यमंत्री नायब सैनी पार्टी के या अन्य किसी कार्यक्रम में आते हैं, तो वहां अंबाला कैंट के ही भाजपा विधायक एवं मंत्री अनिल विज को न तो बुलावा होता है और न ही उनकी वहां हाजिरी होती है। अधिकतर कार्यक्रमों में सांसद रतनलाल कटारिया जरूर होते हैं।
विज के हलके में धीरे-धीरे बढ़ती जा रही सैनी और कटारिया की सक्रियता
सैनी और कटारिया की इस तरह की सक्रियता धीरे-धीरे विज के हलके में बढ़ती जा रही है। विज की इसी अनदेखी के चलते उनके समर्थक नाराज हैं।
सैनी का खुला दरबार भी निशाने पर
राज्यमंत्री नायब सैनी अब हर महीने अंबाला कैंट रेस्ट हाउस में खुला दरबार लगाने लगे हैं। इसमें नारायणगढ़ के साथ-साथ कैंट हलके के फरियादी भी अपने काम लेकर पहुंचने लगे हैं।
पहले मंत्री अनिल विज इसी रेस्ट हाउस में हर सोमवार और फिर महीने के आखिरी सोमवार को खुला दरबार लगाते थे। लेकिन उनका दरबार कुछ माह पहले बंद हो गया है और उसकी जगह अब राज्यमंत्री सैनी ने खुला दरबार लगाना शुरू कर दिया है। विज के हलके में सैनी द्वारा खुला दरबार लगाना भी विज के समर्थकों रास नहीं आ रहा है।
नायब सैनी, खान राज्यमंत्री ने कहा कि मेरा मंत्री विज से कोई टकराव नहीं है। मैं तो उनके नेतृत्व में आगे बढ़ रहा हूं। मैं जिलाध्यक्ष हूं, इसी नाते प्यार से लोग मुझे कार्यक्रमों में बुलाते हैं और मैं जाता हूं। मैं कैंट के रेस्ट हाउस में खुला दरबार भी इसलिए लगाता हूं, क्योंकि नारायणगढ़ के 15 गांव कैंट से सटे हैं। मेरी किसी एक्टिविटी से यदि मंत्री विज को ठेस पहुंची है तो मैं माफी मांगता हूं।