World Alzheimer's Day 2022: 40 लाख लोग इस बीमारी की चपेट में, बुजुर्गों को अधिक खतरा, जानें लक्षण
शोधकर्ताओं ने अल्जाइमर के जोखिम को जानने के लिए किए अध्ययन में पाया कि कोरोना का संक्रमण इस खतरे को बढ़ा देता है, बुजुर्ग महिलाओं में इसका खतरा और अधिक पाया गया।
विस्तार
उम्र बढ़ने के साथ ही अल्जाइमर की चपेट में आने वाले व्यक्ति के मस्तिष्क की कोशिकाओं का एक दूसरे से संपर्क समाप्त होने लगता है। इससे कोशिकाएं मृत होने लगती हैं। ऐसी स्थिति को इलाज से नियंत्रित किया जा सकता है लेकिन इलाज के साथ ही इस मर्ज से ग्रस्त बुजुर्ग के लिए परिवार का साथ बेहद जरूरी है। इस मर्ज के कारण वह तनाव और अवसाद की चपेट में आकर समाज से दूरी बनाने लगता है जो उसके लिए घातक सिद्ध हो सकता है। यह कहना है अमेरिकन और इंडियन एकेडमी ऑफ न्यूरोलॉजी के सदस्य डॉ. अमित शंकर सिंह का।
उन्होंने बताया कि देश में लगभग 40 लाख से ज्यादा लोग इस मर्ज की चपेट में हैं। कोविड के कारण स्थिति और गंभीर हो गई है। जर्नल ऑफ अल्जाइमर डिजीज में प्रकाशित अध्ययन में शोधकर्ताओं ने इस जोखिम को लेकर लोगों को सावधान किया है। इसके लिए वैज्ञानिकों की टीम ने फरवरी 2020 से मई 2021 के बीच कोरोना से संक्रमित रह चुके लोगों के डेटा का अध्ययन किया। शोधकर्ताओं ने अल्जाइमर के जोखिम को जानने के लिए किए अध्ययन में पाया कि कोरोना का संक्रमण इस खतरे को बढ़ा देता है, बुजुर्ग महिलाओं में इसका खतरा और अधिक पाया गया।
बुजुर्ग में दिखे ये लक्षण तो रखें उनका ख्याल
- किसी समय आसान व सरल लगने वाले कार्यों को पूरा करने में मुश्किल होना
- समस्याओं को हल करने में कठिनाई आना
- मनोदशा और व्यक्तित्व में बदलाव, दोस्तों एवं परिवार से अपने को अलग रखने की प्रवृत्ति
- संवाद संप्रेषण में परेशानी, चाहे लिखित रूप में हो या बोलकर
- जगहों, लोगों और घटनाओं के बारे में भ्रम पैदा होना
- देखने संबंधी बदलाव, जैसे कि तस्वीरों या छवियों को समझने में दिक्कत
- बार-बार बातों और प्रश्नों को दोहराने की आदत ताकि उन्हें वह बात याद रहे
- हाल में की गई बात भूल जाना
- चीजे रख कर भूल जाना और फिर न मिलने पर गुस्सा आना या ब्लड प्रेशर हाई होना
- जानी-पहचानी जगहों में खो जाना
- बातचीत में भाग लेने के लिए सही शब्द खोजने में परेशानी होना
बढ़ती उम्र के साथ इसका रखें ध्यान
- धूम्रपान से बचें
- नियमित रूप से व्यायाम करें
- ऐसी गतिविधियों में हिस्सा लें जिसमें दिमाग की कसरत हो
- हरी सब्जियां और फल का सेवन करें
- अधिक एंटीऑक्सीडेंट का उपभोग करें
- एक सक्रिय सामाजिक जीवन बनाए रखें
अल्जाइमर बना रहा इसका शिकार
- अवसाद
- उदासीनता
- समाज से दूरी बनाना
- दूसरों पर अविश्वास
- चिड़चिड़ापन और आक्रामकता
- सोने की आदतों में बदलाव
- भ्रम, जैसे कि विश्वास करना कि कुछ चोरी हो गया है
इन कारणों पर करें गौर
- व्यायाम की कमी
- मोटापा
- धूम्रपान या सेकेंड हैंड धुएं के संपर्क में आना
- उच्च रक्तचाप
- उच्च कोलेस्ट्रॉल
- खराब नियंत्रित टाइप 2 मधुमेह