पंजाब : आज से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू, किसानों और मंडी कर्मचारियों को लगेगा कोरोना का टीका
- किसानों, मजदूरों, मुलाजिमों और आढ़तियों के लिए 154 मार्केट कमेटियों में कैंप स्थापित
- पंजाब में कोविड से बचाव की सावधानियों के साथ गेहूं की खरीद आज से होगी शुरू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में शनिवार से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होगी। सरकार का दावा है कि उन्होंने खरीद के सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं। दूसरी तरफ आढ़ती एसोसिएशन गेहूं खरीद से पीछे हट चुकी है। आढ़तियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, वे खरीददारी नहीं करेंगे। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने गेहूं की फसल की खरीद के बाद उसकी अदायगी सीधे किसानों के खाते में करने का फैसला लिया है। आढ़ती एसोसिएशन सरकार के इस फैसले के खिलाफ है।
गेहूं खरीद से जुड़े हर व्यक्ति का होगा टीकाकरण
कोरोना संक्रमण के बीच शुरू हुई गेहूं की खरीद को लेकर पंजाब सरकार ने एक बड़ा फैसला किया है। किसानों समेत गेहूं की खरीद से जुड़े हर व्यक्ति का अब टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए राज्य की 154 मार्केट कमेटियों में टीकाकरण कैंप स्थापित कर दिए गए हैं। मंडियों में आने वाले 45 साल या इससे अधिक उम्र के सभी व्यक्तियों को कोविड का टीका मुफ्त लगाया जाएगा।
पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन लाल सिंह ने बताया कि पंजाब मंडी बोर्ड ने अपने 5600 अधिकारियों, कर्मचारियों को 10,000 मास्क (एन-95) और सैनिटाइजरों की 10,000 बोतलें उपलब्ध करवाई हैं, ताकि कोविड के मद्देनजर गेहूं की निर्विघ्न खरीद को जारी रखा जा सके। मंडी बोर्ड ने खरीद केंद्रों पर अपनी फसल लेकर पहुंचाने वाले किसानों के लिए एक लाख मास्क और 35,000 लीटर सैनिटाइजर का भी इंतजाम किया है। शनिवार से मंडियों में गेहूं की खरीद का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसानों को अपनी उपज चरणबद्ध मंडियों में लाने के लिए कहा जा रहा है। मंडी बोर्ड की तरफ से किसानों को आढ़तियों द्वारा पास जारी किए जाएंगे।
गेहूं खरीद को लेकर एडवाइजरी जारी
कोविड-19 के मद्देनजर पंजाब सरकार की तरफ से शुक्रवार को गेहूं की सुरक्षित खरीद संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है। स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने बताया कि किसानों, कंबाइन ऑपरेटरों, कामगारों, आढ़तियों, दुकानदारों और ट्रांसपोर्टरों की सुरक्षा को जरूरी बनाने के लिए एडवाइजरी बनाई गई है। मार्केट कमेटियों, राज्य की खरीद एजेंसियों के स्टाफ, जिला प्रशासन को अपने-अपने क्षेत्रों में यह दिशा-निर्देश लागू करने का आदेश दिया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि जहां तक संभव हो किसान हाथों से काम करने के बजाय मशीनों को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि कटाई के लिए मशीन चलाने वाले व्यक्ति के साथ सिर्फ उपयुक्त संख्या में व्यक्ति ही होने चाहिए। सभी मशीनों को मंडी में दाखिल होते समय और नियमित अंतरालों पर सैनिटाइज किया जाना चाहिए।
सही समय पर और प्रमाणित जानकारी के लिए पंजाब सरकार की तरफ से तैयार ‘कोवा’ एप डाउनलोड करना आवश्यक होगा। यदि कोई व्यक्ति पॉजिटिव केस के संपर्क में आता है तो घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में हेल्पलाइन नंबर 104 पर संपर्क करना चाहिए और इस संबंधी पूरी जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टर और उसके कर्मचारियों को सलाह दी जाती है कि वे एक-दूसरे को मिलने, विदाई लेने के समय हाथ न मिलाएं या गले ना मिलें।