हरियाणा में कोरोना : 48 घंटे में 1975 नए पॉजिटिव मिले, छह मरीजों की मौत, सात गुना बढ़े सक्रिय मामले
हरियाणा में कोरोना संक्रमण की गति तेजी से बढ़ रही है और रिकवरी दर घट रही है। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मात्र दो दिन में 1975 नए मामले सामने आ गए हैं। छह मरीजों की मौत हो गई है और गंभीर मरीजों की संख्या 150 तक पहुंच गई है। सक्रिय मामलों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी होकर 9437 पहुंच गई है। यह संख्या 13 दिसंबर के बाद सबसे अधिक है। संक्रमण की दर बढ़कर 4.66 और रिकवरी दर घटकर 95.66 प्रतिशत रह गई है।
मंगलवार को प्रदेश में कोरोना के 980 केस सामने आए हैं। वहीं, अंबाला में दो, हिसार व फरीदाबाद में एक एक मरीज की मौत हो गई। सोमवार को 995 मामले मिले थे और कैथल और यमुनानगर में एक- एक कोरोना मरीज की मौत हो गई थी। मंगलवार को गुरुग्राम में सबसे अधिक 161, पानीपत में 143, पंचकूला 102 और अंबाला में 109, कुरुक्षेत्र में 104, यमुनानगर में 97 और करनाल में 80 नए मरीज मिले हैं। पलवल व जींद ऐसे जिले हैं, जहां पर संक्रमण का नया मामला नहीं आया है, जबकि शेष जिलों में 1 से 40 के बीच पॉजिटिव केस मिले हैं। राहत की बात ये है कि दो दिनों में 1652 मरीज ठीक होकर घर भी पहुंचे हैं।
सक्रिय मामलों में सात गुना बढ़ोत्तरी
अकेले मार्च माह में सक्रिय मामलों में सात गुना बढ़ोतरी हुई है। एक मार्च को प्रदेश में एक्टिव केसों की संख्या 1288 थी, जो अब बढ़ते हुए 9437 तक पहुंच गई है। पिछले साल 25 अगस्त 2020 को कोरोना जब तेजी से फैल रहा था, उस समय प्रदेश में सक्रिय मामलों की संख्या 9480 थी। इसके बाद नए साल पर दिसंबर में यह आंकड़ा कम होते हुए 845 तक पहुंच गया था, मार्च की शुरुआत से ही यह बढ़ने लगा।
पंचकूला में सबसे अधिक 70 और गुरुग्राम में सबसे कम दो गंभीर मरीज
कुल गंभीर मरीजों में से 122 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं और ज्यादा गंभीर 28 मरीजों को वेंटिलेटर सपोर्ट दी गई है। गंभीर मरीजों की संख्या में पंचकूला टॉप पर और गुरुग्राम सबसे नीचे है। पंचकूला के अलग-अलग अस्पतालों में कुल 70 मरीज भर्ती हैं। सिविल अस्पताल में 37, पारस अस्पताल में 14, एलकेमिस्ट अस्पताल सेक्टर 21 में 11 और अलकेमिस्ट सेक्टर 26 में आठ मरीज दाखिल हैं।
करनाल स्थित कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में 30 गंभीर मरीज दाखिल हैं। इनमें से 23 ऑक्सीजन और सात वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। अंबाला में 14, फरीदाबाद में 13 हिसार में 9 और गुरुग्राम में मात्र दो गंभीर मरीज दाखिल हैं। पीजीआई रोहतक में चार, सोनीपत में तीन और कुरुक्षेत्र में दो मरीज हैं।
1.63 लाख को लगा टीका, सैंपल घटे
स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को राज्यभर में ‘मेगा वैक्सीनेशन डे’ पर 1,63,299 व्यक्तियों को कोरोना के टीके लगाए हैं। वहीं, इसके चलते मंगलवार को सैंपलों की संख्या घटकर 8490 तक पहुंच गई, जबकि इससे पहले औसतन 20 हजार से अधिक लोगों के सैंपल लिए जा रहे थे। राज्यभर में 1498 टीकाकरण केंद्र संचालित हैं, जिनमें से 1281 सरकार द्वारा संचालित और 217 निजी केंद्र हैं। वैक्सीन लेने वालों में अधिकांश 60 वर्ष से अधिक या 45 वर्ष से 60 वर्ष तक की आयु के अन्य बीमारी से ग्रस्त लोग शामिल हैं।
सोमवार और मंगलवार ‘मेगा वैक्सीनेशन डे’ होता है, इसलिए अन्य दिनों की तुलना में इन दोनों दिन ज्यादा टीकाकरण किया जाता है। इस प्रकार अब तक राज्य में कुल 14,82,699 लोगों को टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग टीकाकरण समेत तमाम पहलुओं पर सतर्कता से काम कर रहा है। - राजीव अरोड़ा, एसीएस, स्वास्थ्य विभाग।