14 दिसंबर को दिल्ली में कांग्रेस की 'भारत बचाओ' रैली, हिस्सा लेंगे पंजाब के दिग्गज नेता
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान सुनील जाखड़ ने मंगलवार को सूबे में पार्टी के मंत्रियों, विधायकों, जिला प्रधानों और अन्य पदाधिकारियों के साथ बैठक की। पंजाब कांग्रेस भवन में हुई इस बैठक में, हालांकि 14 दिसंबर को नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित की जा रही भारत बचाओ रैली की तैयारियों की समीक्षा की जाने थी, लेकिन बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस के विधायकों के अपनी ही सरकार से गिले-शिकवे दूर करने में काफी समय बीता।
प्रदेशाध्यक्ष द्वारा जिला प्रधानों और कांग्रेस वर्करों को राज्य में अपनी सरकार होने का पुरजोर अहसास कराया गया और यह भरोसा दिया गया कि उनकी शिकायतों का अवश्य ही निदान होगा। बैठक के दौरान जाखड़ ने कहा कि किसी को भी अगर कोई गिला-शिकवा है तो मिल बैठकर मसला सुलझा लिया जाएगा।
जाखड़ के दिए भरोसे का नतीजा यह रहा कि अब तक कांग्रेस सरकार के खिलाफ बयानबाजी कर रहे विधायक मदनलाल जलालपुर काफी बदले-बदले से नजर आए। उन्होंने कहा कि पार्टी के साथ उनकी कभी कोई नाराजगी नहीं रही बल्कि उनकी लड़ाई केवल अफसरशाही के खिलाफ थी। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों को सरकार ने बदल दिया है।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा 14 दिसंबर को आयोजित की जा रही भारत बचाओ रैली में हिस्सा लेने के लिए पंजाब से भारी संख्या में कांग्रेसी वर्कर, नेता, मंत्री और विधायक नई दिल्ली जाएंगे। जाखड़ ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के कुशासन में देश हर क्षेत्र में पिछड़ रहा है और समाज का हर वर्ग पीड़ित है।
इस बैठक में कैबिनेट मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, साधू सिंह धर्मसोत, बलबीर सिंह सिद्धू, भारत भूषण आशु, गुरप्रीत सिंह कांगड़ और रजिया सुल्ताना ने भी हिस्सा लिया। जाखड़ ने कहा कि पार्टी मोदी सरकार की किसान और गरीब विरोधी नितियों के खिलाफ 'भारत बचाओ' रैली कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास न नीति है न नीयत है। इसी कारण समाज का हर वर्ग इस सरकार की गलत नीतियों के कारण बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
अकाली सरकार ने ही पैदा किए गैंगस्टर: ढिल्लो
बैठक में मौजूद कांग्रेसी नेता केवल सिंह ढिल्लो ने कहा कि अकाली सरकार ने ही गैंगस्टर पैदा किए थे, जिन पर कैप्टन सरकार ने नकेल डाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी मंत्री और विधायक हर तरह की जांच के लिए तैयार है क्योंकि कांग्रेसी नेताओं ने कभी भी कानून अपने हाथ में नहीं लिया। इसी मौके पर पंजाब के सिविल सप्लाई मंत्री भारत भूषण आशू ने जीएसटी के मुद्दे पर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की मौजूदा आर्थिक हालत के लिए केंद्र सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब का बकाया जीएसटी शेयर अब तक रिलीज नहीं किया है।