भगवंत मान ने भगत सिंह की श्री गुरु गोबिंद सिंह से की तुलना, बढ़ा विवाद, शिअद बोली-माफी मांगे
संगरूर के सांसद भगवंत मान द्वारा संसद में शहीद भगत सिंह की तुलना श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से करने के बाद अकाली दल ने मान का कड़ा विरोध कर सिख संगत से माफी मांगने को कहा है।
गांव पंजोली कलां में एसजीपीसी सदस्य करनैल सिंह पंजोली के बेटे की शादी समारोह में पहुंचे पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल और एसजीपीसी अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने कहा कि संसद में भगवंत मान द्वारा शहीद भगत सिंह की तुलना श्री गुरु गोबिंद सिंह जी से करना बहुत गलत है।
ऐसे विवादास्पद बयान नहीं देने चाहिए, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो। लौंगोवाल ने कहा कि शहीद भगत सिंह एक देश भगत थे लेकिन एक देश भगत की तुलना गुरु साहिब से करना गलत है। भगवंत मान ने बड़ी गलती की है उन्हें सिख संगत से माफी मांगनी चाहिए।
भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने डेरा सिरसा प्रमुख राम रहीम की पैरोल पर कहा कि राम रहीम विभिन्न अपराधों में लिप्त हैं। हरियाणा सरकार को इस मामले में कोई रुचि नहीं दिखानी चाहिए। राम रहीम को फांसी की सजा होनी चाहिए।
सुखबीर बादल ने कहा कि पंजाब में नशा काबू करने में कैप्टन सरकार नाकाम साबित हुई है। आने वाले दो साल में पंजाब के हालत और बदतर हो जाएंगे। इसकी सारी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की होगी। बादल ने कहा कि सीएम की बातों से मुझे बड़ी हैरानी होती है।
उन्होंने सत्ता में आने से पहले चार हफ्ते में नशा खत्म करने का दावा किया था लेकिन लगभग तीन साल के शासन में नशे का कारोबार कई गुणा बढ़ गया है। नशा माफिया के साथ कुछ पुलिस मुलाजिम मिले हुए हैं। इसलिए कैप्टन को चाहिए कि वह अपनी सरकार सही तरीके से चलाए।