Punjab: नशे के खिलाफ मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में पुलिस का विशेष अभियान, ड्रग मनी समेत 12 को दबोचा
विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने इस विशिष्ट अभियान के लिए फतेहगढ़ साहिब पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान स्कूली बच्चों को नशीले पदार्थों के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक करने में मदद करेगा।
विस्तार
नशा तस्करों व असामाजिक तत्वों के खिलाफ सोमवार को पुलिस ने मोहाली और फतेहगढ़ साहिब जिले में स्पेशल ड्राइव चलाई। इस दौरान 13 केस दर्ज कर 12 लोगो को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.5 लाख रुपये ड्रग मनी, 40 ग्राम हेरोइन, 12 किलो गांजा, 2 किलो सुल्फा और 1 किलो पोस्त की भूसी भी बरामद की है। इसके साथ ही फतेहगढ़ साहिब में स्कूली बच्चों को नशों के गलत प्रभाव के बारे में जागरूक किया गया। डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।
सोमवार को पुलिस की यह स्पेशल मुहिम 5वें दिन में प्रवेश कर गई। ऑपरेशन पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) रोपड़ रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर की देखरेख में आयोजित किया गया था। मोहाली के एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग और फतेहगढ़ साहिब की एसएसपी डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल ने इसमें अहम भूमिका निभाई। इस बीच डीआईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने एसएसपी डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल के साथ फतेहगढ़ साहिब के सरकारी मिडिल स्कूल, महदियां में स्कूली छात्रों के साथ एक इंटरेक्टिव सत्र आयोजित करके अभियान की शुरुआत की।
विशेष डीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) अर्पित शुक्ला ने इस विशिष्ट अभियान के लिए फतेहगढ़ साहिब पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान स्कूली बच्चों को नशीले पदार्थों के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूक करने में मदद करेगा, जिससे उन्हें नशे का शिकार होने से रोका जा सकेगा। नशे के खिलाफ लड़ाई में स्कूली बच्चों को शिक्षित करने का विचार एसएसपी फतेहगढ़ साहिब डॉ. रवजोत कौर ग्रेवाल के दिमाग की उपज थी।
अब तीन जिलों के 104 गांवों में नशे के खिलाफ प्रस्ताव पास
राज्य के तीन जिलों के 104 गांव नशा मुक्ति को लेकर प्रस्ताव पास कर चुके हैं। मोहाली जिले के 14 गांवों ने नशीली दवाओं के विक्रेताओं का विरोध करने और सामाजिक बहिष्कार करने और अपने गांवों को नशा मुक्त बनाने का प्रस्ताव पारित किया। इससे पहले संगरूर जिले के 67 गांवों और 20 वार्डों ने इसी तरह के प्रस्ताव पास कर चुके हैं। श्री मुक्तसर साहिब जिले के गांव मिड्डा और मलोट के मोहल्ला छजघर समेत दो कुख्यात क्षेत्रों के निवासियों ने नशे से दूर रहने की शपथ ली थी।