Video: लग्जरी मस्टैंग कार की डिक्की पर रखकर चलाया स्काई शॉट, पीछे स्कूटर पर आ रहे शख्स का प्राइवेट पार्ट जला
पुलिस ने इस मामले में पहले अज्ञात के खिलाफ जमानत योग्य धारा (हवाई फायर और लोगों की आवाजाही में विघ्न डालने) के आरोप में मामला दर्ज किया था। अब पुलिस ने मस्टैंग कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
पंजाब के मोहाली में दो दिसंबर को पुलिस को एक वीडियो मिला था, जिसमें चलती हुई लग्जरी मस्टैंग कार की डिक्की पर स्काई शॉट क्रैकर्स रखकर चलाए जा रहे थे और सोशल मीडिया पर हवाबाजी करने के लिए रील बनाई जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में पहले अज्ञात के खिलाफ जमानत योग्य धारा (हवाई फायर और लोगों की आवाजाही में विघ्न डालने) के आरोप में मामला दर्ज किया था। अब पुलिस ने मस्टैंग कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी की पहचान रवित कपूर के रूप में हुई है जो सेक्टर-70 की पॉश सोसायटी होमलैंड के टावर नंबर-4 के फ्लैट नंबर-81 का रहने वाला है। इस मामले में अब नया मोड़ आ गया है। पुलिस को आरोपी रवित के खिलाफ एक व्यक्ति ने शिकायत दी है कि जिस समय वह मस्टैंग कार की डिग्गी पर स्काई शॉट रखकर चला रहा था तो वह उसके पीछे स्कूटर पर आ रहा था।
स्काई शॉट उस पर गिरने के कारण उसके कपड़ों में आग लग गई, जिस कारण उसका प्राइवेट पार्ट जल गया। पुलिस ने घायल व्यक्ति की पहचान उजागर नहीं की है लेकिन इस मामले में अब आरोपी रवित के खिलाफ किसी की मृत्यु का कारण बनने पर गैर-जमानती धारा-308 के तहत मामला दर्ज किया है। उसे मंगलवार को मोहाली अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपी बोला- एनिवर्सरी के लिए बनाया था वीडियो
रवित कपूर का मोहाली में इमीग्रेशन का काम है और उसके पिता का सेक्टर-19 चंडीगढ़ में कपड़ों का शोरूम है। रवित कपूर ने पुलिस पूछताछ में बोला कि उसने यह वीडियो अपनी मैरिज एनिवर्सरी के लिए पत्नी को इमप्रैस करने के लिए बनाई थी। उसने यह वीडियो सेक्टर-69 से एयरपोर्ट की तरफ जाते समय बनाया था। इसके लिए उसने 22 नवंबर को एक ऑटो वाले को कुछ पैसे दिए और फिर वीडियो बनाया। पुलिस गिरफ्तारी से पहले उसने अपने मोबाइल से यह वीडियो डिलीट कर दिया था।
गाड़ी के चंडीगढ़ में हो चुके हैं 13 चालान
बता दें कि इस वीआईपी नंबर की मस्टैंग गाड़ी का चालक कानून तोड़ता रहता है। यातायात नियम तोड़ने पर गाड़ी के 14 ऑनलाइन चालान हो चुके हैं। इस गाड़ी का चालान 2022 में केरल में ओवर स्पीड का हुआ था, जबकि बाकी 13 चालान चंडीगढ़ में हुए हैं। कार चालक ने एक ही दिन में मात्र 38 मिनट के अंतराल में चंडीगढ़ में दो जगह यातायात नियमों को तोड़ा है। कार चालक पर 11 चालान डेंजर ड्राइविंग व रेड लाइट जंप के हैं, जबकि दो चालान जेब्रा क्रॉसिंग का नियम तोड़ने के हैं।
आरोपी रवित ने अपनी मस्टैंग कार दिल्ली में किसी व्यक्ति को बेच दी है। फेज-8 थाना की पुलिस टीम मस्टैंग गाड़ी को रिकवर करने के लिए दिल्ली रवाना हुई है। वहीं उस आटो चालक की भी तलाश की जा रही है। जल्द उसे पकड़कर उसके खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा। -हरसिमरन बल, डीएसपी
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.