Amritsar News: एसजीपीसी लांच करेगा अपना Youtube चैनल, 24 जुलाई से गुरबाणी का होगा सीधा प्रसारण
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने श्री हरमंदिर साहिब से गुरबाणी के सीधे प्रसारण के लिए अपना खुद का यू-ट्यूब चैनल लांच कर दिया है। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब का ये यूट्यूब चैनल 24 जुलाई से शुरू होगा।
विस्तार
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने 24 जुलाई से अपने यूट्यूब वेब चैनल पर श्री हरिमंदिर साहिब से गुरबाणी प्रसारण शुरू करने का फैसला लिया है। चैनल का नाम 'सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब श्री अमृतसर' होगा और उस पर एसजीपीसी का लोगो लगाया जाएगा। गुरबाणी प्रसारण संबंधी सब कमेटी की रिपोर्ट को शुक्रवार एसजीपीसी की कार्यकारिणी कमेटी की बैठक में पेश कर इसे स्वीकृति दी गई। बैठक में एसजीपीसी ने अपना सेटेलाइट चैनल शुरू करने का भी फैसला लिया।
बैठक के बाद एसजीपीसी के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने कहा कि पीटीसी के साथ गुरबाणी प्रसारण समझौता 23 जुलाई को समाप्त हो रहा है। इसके बाद एसजीपीसी 24 जुलाई से अपने यूट्यूब चैनल व अन्य वेब मीडिया के माध्यम से गुरबाणी का प्रसारण करेगी। एसजीपीसी को श्री अकाल तख्त साहिब से अपना यूट्यूब चैनल शुरू करने का आदेश मिला था। सब कमेटी ने फिलहाल किसी कंपनी के माध्यम से मासिक शुल्क पर सेवाएं लेने की अनुशंसा की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी की ओर से ली गईं ये सेवाएं तकनीकी, आवश्यक उपकरण और स्टाफ से संबंधित हैं।
बिना अनुमति कोई नहीं कर पाएगा प्रसारण
धामी ने कहा कि गुरबाणी प्रसारण के सभी अधिकार एसजीपीसी के पास सुरक्षित रहेंगे और कोई भी चैनल, यूट्यूब चैनल, वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म अपनी मर्जी से गुरबाणी का प्रसारण नहीं कर सकेगा। एसजीपीसी ने अपना सेटेलाइट चैनल स्थापित करने को सैद्धांतिक मंजूरी भी दे दी है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री को पत्र लिखा गया है। चैनल को संचालित करने के लिए लाइसेंस प्राप्त करने के लिए एक व्यवस्थित दृष्टिकोण का पालन किया जाएगा। यदि इस कार्य के लिए अलग से कंपनी स्थापित करना जरूरी हुआ तो उसके लिए भी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह को दी जानकारी
बैठक के बाद कमेटी के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह से मिला और एसजीपीसी के यूट्यूब चैनल के संबंध में एक पत्र सौंपा। धामी ने कहा कि एसजीपीसी श्री अकाल तख्त साहिब के हर आदेश का सम्मान करती है। इस मौके पर सब कमेटी के सदस्य भाई गुरचरण सिंह ग्रेवाल, भाई राजिंदर सिंह मेहता, कुलवंत सिंह, सरवन सिंह कुलार और एसजीपीसी के सदस्य भाई मनजीत सिंह सुरजीत सिंह भिट्टेवड, भाई राम सिंह, मंगविंदर सिंह खापरखेड़ी, हरपाल सिंह जल्ला, बीबी जसबीर कौर जफरवाल आदि मौजूद रहे।