कैप्टन अमरिंदर सिंह पटियाला में फहराएंगे तिरंगा, आठ पुलिस अधिकारियों को मिलेगा मुख्यमंत्री पुलिस पदक
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह आज पटियाला स्थित राजा भलिंदर सिंह स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में ध्वजारोहण करेंगे। यह जानकारी डीसी कुमार अमित ने फुल ड्रेस रिहर्सल का जायजा लेने के बाद दी। डीसी ने बताया कि परेड में 11 टुकड़ियां हिस्सा लेंगी। परेड की अगुवाई परेड कमांडर डीएसपी दविंदर सिंह करेंगे। मार्च पास्ट के बाद विभिन्न विभाग झांकी निकालेंगे। इस मौके पर सीएम छोटी और बड़ी नदी प्रोजेक्ट का उद्घाटन भी करेंगे।
पंजाब के आठ पुलिस अफसरों को मुख्यमंत्री पुलिस पदक
पंजाब के आठ पुलिस अधिकारियों को बेहतरीन सेवाओं के लिए गणतंत्र दिवस पर मुख्यमंत्री पदक, एक अधिकारी को मुख्यमंत्री रक्षक पदक और दो पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रपति पुलिस पद से सम्मानित किया जाएगा।
ये अधिकारी होंगे सम्मानित
- हरकमलप्रीत सिंह खख (कमांडेंट 7वीं बटालियन पीएपी जालंधर)
- गुरजीत सिंह (डीएसपी सिटी-1 बठिंडा)
- हरविंदरपाल सिंह (डीएसपी एसएसओसी अमृतसर)
- गुरचरण सिंह (डीएसपी एसएसओसी एसएएस नगर)
- अरुण शर्मा (डीएसपी एसपीएफ बार्डर रेंज अमृतसर)
- इंस्पेक्टर बिंदरजीत सिंह,
- एएसआई पवन कुमार
- एएसआई कश्मीर सिंह।
राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए चुने गए पुलिस अधिकारी
- रुपिंदर सिंह एसएसपी विजिलेंस लुधियाना रेंज
- एएसआई अनिल कुमार।
मुख्यमंत्री रक्षक पद- एएसआई सुभाष चंद्र।
पठानकोट में मंत्री शाम सुंदर अरोड़ा फहराएंगे तिरंगा
पठानकोट में गणतंत्र दिवस समारोह में कैबिनेट मंत्री शाम सुंदर अरोड़ा तिरंगा फहराएंगे। वहीं जिला शिक्षा विभाग ने गणतंत्र दिवस समारोह पर स्कूलों में दीपमाला करवाए जाने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही निर्देश जारी कर समस्त स्कूलों को कहा गया है कि 50 फीसदी स्टाफ ही समारोह स्थल पर पहुंचे। इसके अतिरिक्त शेष स्टाफ दफ्तरों में उपस्थित होकर गणतंत्र दिवस मनाए।
जालंधर में एक हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
जालंधर के गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में जिलास्तर पर मनाए जा रहे 72वें गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने शहर में निगरानी के लिए एक हजार पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
सुरक्षा प्रबंधों पर नजर रखने के लिए पुलिस की गश्ती पार्टियों का गठन किया गया है। पुलिस अधिकारियों को शहर में रात के समय भी विशेष चेकिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं। स्टेडियम में हर स्थिति पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। फायर फाइटिंग और मेडिकल टीमें तैनात करने के अलावा स्टेडियम के आसपास बम निरोधक दस्ता चेकिंग कर रहा है।