अलविदा 2023: कहीं अपने बने खून के प्यासे तो कहीं गैंगस्टरों ने पैदा की खौफ, पढ़ें- पंजाब की बड़ी घटनाएं
साल 2023 में पंजाब में कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया गया। पूरे साल गैंगस्टरों का खौफ रहा। हालांकि अंत में पुलिस ने सख्ती दिखाई और लगातार मुठभेड़ के बाद कई गैंगस्टरों के गुर्गों को धर दबोचा। वहीं कई जिलों में अपनों ने ही अपने लोगों की जान ले ली। इन घटनाओं ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था।
विस्तार
साल 2023 में पंजाब में जहां गैंगस्टरों ने सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दिया, वहीं फिरौती रंगदारी की घटनाओं ने पुलिस की कारगुजारी पर सवालिया निशान लगाए हैं। साल के अंतिम दो माह में पुलिस की गोली से अपराधियों व गैंगस्टरों में खौफ रहा। पुलिस ने तीन बदमाशों को मार गिराया और 10 अन्य के साथ मुठभेड़ हुई। वहीं, यह साल सामाजिक रिश्तों को तार-तार करने वाला था। बेटे ने माता-पिता का कत्ल किया तो कहीं माता-पिता ने तीन बच्चियों को मारकर ट्रंक में बंद कर दिया। आइये नजर डालते हैं इस साल की बड़ी घटनाओं पर...
लुधियाना में साढ़े आठ करोड़ की लूट
लुधियाना में सीएमएस कंपनी के कार्यालय में हुई 8.49 करोड़ों की लूट ने पुलिस अधिकारियों को हिलाकर रख दिया था लेकिन बाद में छह लोगों को काबू किया गया। लुधियाना के राजगुरु नगर स्थित एटीएम कैश कंपनी में 9 जून रात डेढ़ बजे 8.49 करोड़ की लूट हुई थी। पुलिस ने इस लूट को 60 घंटे में सुलझा लिया था। लूट के मास्टरमाइंड महिला मनदीप कौर उर्फ मोना और कंपनी का ही ड्राइवर मनजिंदर मनी निकले।
बेटे ने माता-पिता, भाई की गोली मारकर हत्या की...
19 अक्तूबर को जालंधर देहात के लांबड़ा थाना के अधीन टावर इंन्क्लेव में पारिवारिक विवाद के चलते युवक ने अपनी माता-पिता व भाई की गोलियां मारकर हत्या कर दी। जंडियाला के निकट रहने वाला जगबीर सिंह (52) दो साल पहले ही परिवार सहित टावर इंन्क्लेव शिफ्ट हुआ था। उसके बेटे हरप्रीत सिंह ने पिता जगबीर सिंह व माता अमृतपाल कौर व भाई की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
गैंगस्टरों के खिलाफ पुलिस का ऑपरेशन
पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त ऑपरेशन की शुरुआत नवंबर के आखिरी सप्ताह में तब किया जब लुधियाना पुलिस ने दो गैंगस्टरों को मार गिराया। पुलिस को दोनों गैंगस्टरों की कारोबारी संभव जैन के अपहरण और गोली मारने के मामले में तलाश थी। संभव जैन कांड के बाद से लुधियाना में व्यापारियों में काफी रोष व भय का वातावरण था। इसके बाद तो पंजाब में लगातार मुठभेड़ की झड़ी लग गई। जालंधर पुलिस मुठभेड़ में गैंगस्टर दविंदर पाल को गोली लगी। वह कुशल चौधरी गैंग से जुड़ा है। इससे पहले जस्सा हैप्पोवाल की भी पुलिस से मुठभेड़ हुई थी। जस्सा ने अमेरिका से सुपारी लेकर मां-बेटी की हत्या की थी। वहीं जंडियाला में अमृतपाल अमरी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने दो माह में 10 एनकाउंटर कर खौफ पैदा करने की कोशिश की।
रंगदारी की घटनाओं से खौफ...
2023 में पंजाब में रंगदारी के मामले में इजाफा देखने को मिला। पुलिस ने इस दौरान 130 एफआईआर दर्ज कीं और 117 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। रंगदारी के वजह से व्यापारी वर्ग खौफ में है।
सीमा से पकड़े 90 ड्रोन, 65 फीसदी तस्करी में इस्तेमाल
इस साल बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर ने लगभग 90 ड्रोन बरामद किए हैं। पांच सौ किलो के लगभग हेरोइन भी रिकवर की है। सबसे ज्यादा ड्रोन की गतिविधि अमृतसर सेक्टर में देखने को मिली। इसके बाद फिरोजपुर सेक्टर आता है। बीएसएफ के अधिकारियों ने खुलासा किया कि 65 फीसदी हेरोइन की तस्करी ड्रोन से की जा रही है।
रिकॉर्ड तोड़ हेरोइन की बरामदगी
2023 में पंजाब पुलिस ने 10786 एफआईआर दर्ज करने के बाद 2424 बड़ी मछलियों समेत 14951 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। 1161 किलोग्राम हेरोइन की बड़ी खेप जब्त करने के अलावा, पुलिस टीमों ने राज्य भर से 795 किलोग्राम अफीम, 403 क्विंटल पोस्त भूसी और फार्मा ओपिओइड की 83.17 लाख गोलियां/कैप्सूल/इंजेक्शन/शीशियां भी बरामद की हैं। इस साल गिरफ्तार ड्रग तस्करों से 13.67 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई।
जब जालंधर में उजड़ गया परिवार
अक्तूबर 2023 में जालंधर के अवतार नगर में बड़ा हादसा हुआ था। यहां एक घर में फ्रिज का कंप्रेसर अचानक फट गया था। इस हादसे में परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई थी जबकि एक बुजुर्ग महिला बलबीर कौर बची थी। हादसे में बुजुर्ग महिला के पति, बेटे व बहू और दो पोतियों व एक पोते की दर्दनाक मौत हो गई है।
2023 में अपनों ने किया अपनों का कत्ल
- 16 जून को नाभा के गोबिंद नगर इलाके में नवविवाहिता को पति ने मौत के घाट उतारा।
- बरनाला में भांजे ने बुजुर्ग मामा की हत्या की। मामा दलीप सिंह का कत्ल भांजे मेवा सिंह निवासी मौड़ मंडी जिला बठिंडा ने साथियों के साथ मिलकर गंडासी से किया था।
- फाजिल्का में निहंग पिता-पुत्र की हत्या। वारदात को अंजाम भाई व भतीजे ने दिया।
- मोहाली में लखबीर सिंह ने अपने भाई सतबीर सिंह, दो साल के बच्चे अनहद और भाभी अमनदीप कौर की जान ली। इसके बाद भाई-भाभी के शव रोपड़ नहर में फेंके।
- नकोदर में पत्नी-बच्चों और सास-ससुर को कुलदीप उर्फ काली ने जिंदा जला दिया।
- नाभा के गांव फैजगढ़ में 22 साल के नशेड़ी साबर अली ने अपनी मां किरणा रानी (50 साल) की सिर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी और शव को दफना दिया था।
- लुधियाना में वायुसेना के रिटायर अधिकारी भूपिंदर सिंह व उसकी पत्नी सुष्पिदर कौर की हत्या बेटे ने की।
- खमाणों में बेटे ने अपनी ही बुजुर्ग मां की बेरहमी से गला घोटकर हत्या कर दी।
- बटाला में गांव समराए में बुजुर्ग मां जसबीर कौर की डंडों से पीट-पीट कर हत्या कर दी। मां ने पैसे देने से इन्कार किया तो बेटे ने डंडों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
- पंजाब के अमृतसर में बेटे ने माता-पिता की हत्या कर दी। आरोपी बेटे को उन्होंने शराब पीने से रोका था, इससे वह भड़क गया और दोनों को मौत के घाट उतार दिया। मृतकों की पहचान गुरमीत सिंह व कुलविंदर कौर (70) साल के रूप में हुई है।
- बंगा के गांव भोरा में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला हरबंस कौर की हत्या उसके बेटे तरसेम ने इसलिए कर दी क्योंकि मां कर्ज उतारने के लिए उसे जमीन नहीं बेचने दे रही थी।
- लुधियाना जिले के गांव लिबरा में 50 वर्षीय परमिंदर सिंह ने अपनी 75 वर्षीय मां बलजीत कौर की चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। आरोपी परमिंदर ने अपने भाई जंग सिंह पर भी हमला किया।
- जलालाबाद हलके के गांव ढाणी कोटू फंगियां में मुनसा सिंह ने बेटे नरिंदर की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
- काहनपुर में कलयुगी माता-पिता ने तीन बच्चियों अमृता कुमारी, साक्षी कुमारी, और कंचन कुमारी की हत्या कर शव ट्रंक में छिपा दिया था।