{"_id":"62f284addec4f30ea9757908","slug":"punjab-transport-minister-laljit-singh-bhullar-in-controversy","type":"story","status":"publish","title_hn":"लाल किला घटना: विवादों में मान के मंत्री, हिंसा के वक्त थे मौजूद, वायरल वीडियो में दिखे, विपक्ष ने घेरा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लाल किला घटना: विवादों में मान के मंत्री, हिंसा के वक्त थे मौजूद, वायरल वीडियो में दिखे, विपक्ष ने घेरा
Tue, 09 Aug 2022 09:33 PM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: ajay kumar
Updated Tue, 09 Aug 2022 09:33 PM IST
सार
भाजपा नेता जीवन गुप्ता ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान लाल किले पर हुई हिंसा के मौके पर तिरंगे के अपमान के समय पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार के मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का मौजूद होना बड़े सवाल खड़े करता है।
विज्ञापन
वायरल वीडियो की स्क्रीनशॉट तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पंजाब के मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। किसान आंदोलन के दौरान 26 जनवरी को लाल किले पर केसरी झंडा फहराने की घटना के एक वायरल वीडियो में भुल्लर दिवंगत दीप सिद्धू के साथ दिखाई दे रहे हैं। इस मामले को लेकर पंजाब में सियासत गरमाने लगी है और विपक्षी दलों ने आप सरकार को घेरना शुरू कर दिया है।
विज्ञापन
गौरतलब है कि लाल किले पर केसरी झंडा फहराने की घटना में दीप सिद्धू को मुख्य आरोपी बनाया गया था। वायरल वीडियो में लाल किला पर झंडा फहराते समय पंजाब के परिवहन मंत्री लालजीत भुल्लर भी दीप सिद्धू के साथ दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने उक्त वीडियो जारी किया और आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल से स्पष्टीकरण की मांग की है।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि ‘कृपया स्पष्ट करें कि वीडियो में दीप सिद्धू के साथ नजर आ रहे उनके कैबिनेट मंत्री क्या लाल किले पर केसरी झंडा लहराने की घटना का हिस्सा थे? अगर हां तो मुख्यमंत्री, जो इस घटना को अंजाम देने वालों को देशद्रोही मानते हैं, अपनी कैबिनेट में ऐसे व्यक्ति को कैसे रख सकते हैं?’ इस मामले को लेकर कांग्रेस के अलावा अन्य दलों ने भी सरकार पर निशाना साधा है।
विज्ञापन
भाजपा नेता जीवन गुप्ता ने कहा कि किसान आंदोलन के दौरान लाल किले पर हुई हिंसा के मौके पर तिरंगे के अपमान के समय पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार के मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर का मौजूद होना बड़े सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल राष्ट्रवादी और देशभक्त होने के बड़े-बड़े दावे करते हैं लेकिन पंजाब में आप की सरकार के मंत्री राष्ट्रीय ध्वज का अपमान किए जाने की घटना में शरीक नजर आ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को सरकार में रखकर केजरीवाल और भगवंत मान देश विरोधी के साथ होने का प्रमाण दे रहे हैं। इस बीच, इस मामले में पंजाब सरकार और संबंधित मंत्री की ओर से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। उल्लेखनीय है कि लाल किला हिंसा मामले में दिवंगत दीप सिद्धू समेत कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार किया गया था।
आप ने कहा- वीडियो की जांच कराएंगे
इस मुद्दे पर जब कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर से संपर्क किया गया तो उन्होंने कोई भी टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रवक्ता ने भी इस मामले पर पार्टी की ओर से कोई प्रतिक्रिया देने से मना कर दिया। उनका कहना था कि पार्टी संबंधित वीडियो की जांच करेगी, उसके बाद ही कोई प्रतिक्रिया दी जाएगी।