पंजाब: मुक्तसर और बठिंडा में बारिश के साथ ओलावृष्टि, हजारों एकड़ गेहूं की फसल बर्बाद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुक्सर में शुक्रवार को सुबह हुई जोरदार बारिश व ओलावृष्टि से कई गांवों में गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा। गांव भुलेरिया व आसपास के रकबे में ओलावृष्टि से ज्यादा नुकसान की संभावना जताई जा रही है। किसानों के अनुसार गांव में करीब एक हजार एकड़ में गेहूं की फसल प्रभावित हुई है। गांव चौंतरा में भी किसान करीब चार सौ एकड़ फसल का नुकसान बता रहे हैं।
जिले में सुबह करीब चार बजे बिजली कड़कड़ाने की आवाज आने लगी। कुछ ही देर में जोरदार बारिश व ओलावृष्टि शुरू हो गई। इससे मलोट के गांव भुलेरिया में कई किसानों की गेहूं की फसल बिछ गई। किसान शिवराज सिंह, जुगराज सिंह ने कहा कि सुबह जब उसने खेत जाकर देखा तो वह बर्फ से ढके हुए थे। इतने बड़े-बड़े ओले गिरे कि घंटों बाद भी खेतों में नजर आ रहे थे। फसल को करीब पचास प्रतिशत नुकसान पहुंचा है।
उधर, खेतीबाड़ी विभाग के चीफ एग्रीकल्चर अफसर बलजिंदर बराड़ ने बताया कि गांव भुलेरिया में ज्यादा नुकसान हुआ है। अभी नुकसान का अनुमान नहीं लग पाया है। नुकसान का अंदाजा लगने में दो-तीन दिन लग जाएंगे। बराड़ के अनुसार अन्य गांवों में ओलावृष्टि से ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। ओलावृष्टि की मार में आए किसानों ने सरकार से नुकसान की विशेष गिरदावरी करवाकर मुआवजे की मांग की है।
बठिंडा में 16.8 एमएम बारिश, ओले गिरे
बठिंडा में भी शुक्रवार को सुबह चार बजे के करीब तेज बारिश और ओले पड़े। चार बजे से लेकर छह बजे तक बारिश हुई। नौ बजे के बाद धूप खिली और तेज हवाएं चलीं पिछले कुछ दिनों से सुबह-शाम के समय ही ठंड होती थी और दिनभर तेज धूप निकलने से लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था।
शुक्रवार को सुबह हुई बारिश ने एक बार फिर लोगों को ठंड का अहसास करा दिया। मौसम विभाग के अधिकारी राज कुमार के अनुसार शुक्रवार को न्यूनतम 12.42 और अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं तेज बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई। मौजूदा समय में गेहूं की फसल पककर तैयार हो चुकी है। किसान शिंगारा सिंह ने बताया बारिश व ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को नुकसान नहीं पहुंचा है।
बारिश से बिजली गुल, 24 घंटे में 484 शिकायतें
सरना में गुरुवार की रात बारिश के दौरान मेन लाइन पर बिजली गिरने से पठानकोट शहर और ग्रामीण एरिया में विद्युत की आपूर्ति बंद हो गई। शहर के राम लीला ग्राउंड, घरथौली व नेहरु नगर सहित ग्रामीण एरिया में रात भर लाइट नहीं आई। वहीं शुक्रवार सुबह पानी की सप्लाई न होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। चौबीस घंटा के भीतर शहरी व ग्रामीण डिवीजन में बिजली से संबंधित 484 शिकायतें आई, जिन्हें सुलझाने में विभाग को शुक्रवार दोपहर तक का समय लग गया।
पठानकोट शहरी डिवीजन के अधीन 6 तथा ग्रामीण डिवीजन के तहत 4 सब डिवीजनें आते हैं। बारिश व तेज हवा के चलते कुल 484 शिकायतें आई। शहरी डिवीजन के अधीन सरना सब डिवीजन में सबसे अधिक 162 शिकायतें आई। इसके बाद सुजानपुर की 102, पठानकोट नार्थ सब डिवीजन की 45, साउथ सब डिवीजन की 41, नरोट जैमल सिंह की 11 व मीरथल सब डिवीजन के तहत कुल 33 शिकायतें आईं।
ग्रामीण सब डिवीजन में ईस्ट सब डिवीजन में 30 शिकायतें आ चुकी थीं। धार सब डिवीजन 4, पंडोरी 7 तथा दीनानगर के अधीन 20 शिकायतें आई थीं। इसके अलावा दिन भर भी बीच-बीच में बिजली कट लगने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर के घरथौली मोहल्ला व राम लीला ग्राउंड एरिया में रात भर लाइट नहीं आई।
शहर व कई गांवों में सुबह के वक्त पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। शहर में निगम ने लाइट आने पर सप्लाई व टैंकरों से पानी पहुंचाया। ग्रामीण एरिया में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पावरकॉम सब अर्बन डिवीजन के सीनियर एक्सईएन कुलदीप सिंह ने कहा कि शाम करीब 7:30 बजे सरना में लाइन पर बिजली गिरने के कारण ग्रामीण एरिया में बिजली सप्लाई प्रभावित हुई, वहीं शहर में करीब एक घंटा तक बिजली गुल रही।