पंजाब में बड़ा एक्शन: जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े 2371 ठिकानों पर पुलिस के छापे, 409 टीमों ने संभाला मोर्चा
अतिरिक्त डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एडीजीपी) लॉ एंड ऑर्डर अर्पित शुक्ला ने बताया कि कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया गया है और उनके कब्जे से एतराज योग्य सामग्री बरामद की गई है। इन व्यक्तियों से और पूछताछ की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आतंकियों और गैंगस्टरों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए पंजाब पुलिस ने मंगलवार को दो महीने में चौथी बार विशेष ऑपरेशन चलाया। इस दौरान जेल में बंद गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया से जुड़े लोगों के 2371 ठिकानों पर छापे मारे गए। ऑपरेशन में 2683 पुलिस मुलाजिमों की 409 टीमों ने हिस्सा लिया।
पुलिस ने कुछ दस्तावेज व इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसों से डाटा भी एकत्र किया है, जबकि कुछ लोगों को राउंडअप किया है। जब्त किए सामान को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस तरह के ऑपरेशन आगे भी चलते रहेंगे। आरोपियों को किसी भी कीमत पर माफ नहीं किया जाएगा।
पुलिस गत समय से आतंकियों और गैंगस्टरों के नेटवर्क को ध्वस्त करने में लगी हुई है। इसी कड़ी में मंगलवार को एक ही समय में राज्य के 23 जिलों में ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने गैंगस्टर से जुड़े लोगों के रिहायशी ठिकानों पर छापे मारे। गांव वालों से सवाल जवाब किए गए। अतिरिक्त डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एडीजीपी) लॉ एंड ऑर्डर अर्पित शुक्ला ने बताया कि कुछ लोगों को भी हिरासत में लिया गया है और उनके कब्जे से एतराज योग्य सामग्री बरामद की गई है। इन व्यक्तियों से और पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीमों ने हथियार लाइसेंसों की जांच भी की और इन व्यक्तियों से असलहा की सोर्सिंग, विदेश आधारित पारिवारिक सदस्यों के यात्रा संबंधित विवरण, विदेश से बैंकों के लेन-देन और वेस्टर्न यूनियन और संपत्ति के विवरण एकत्र किए हैं। याद रहे कि इससे पहले पुलिस ने आतंकी अर्श डल्ला, लखबीर लंडा, लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ के संदिग्ध ठिकानों पर छापे मारे थे।
10 महीनों में ये हथियार बरामद
पंजाब पुलिस ने मार्च 2022 से अब तक 30 अति आधुनिक राइफल, 201 रिवॉल्वर/पिस्टल और 25 ड्रोन बरामद करके 163 आतंकवादियों को गिरफ्तार करके 26 आतंकवादी मॉड्यूलों का पर्दाफाश किया है। साथ ही 555 गैंगस्टरों को गिरफ्तार कर 140 गैंगस्टरों के मॉड्यूल का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल 510 हथियार और 129 वाहनों को बरामद किया है।
पटियाला में बंबीहा व जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के 42 ठिकानों पर दबिश
पटियाला पुलिस ने मंगलवार को बंबीहा ग्रुप व जग्गू भगवानपुरिया गिरोह के करीब 42 ठिकानों पर दबिश दी। इस पूरे ऑपरेशन को 12 टीमों ने अंजाम दिया। हर टीम में पांच सदस्य थे। इन टीमों में एसपी से लेकर डीएसपी व एसएचओ रैंक के पुलिस अधिकारी शामिल रहे। सुबह करीब 8 बजे से शुरू किया गया ऑपरेशन दोपहर दो बजे तक चला।
फिरोजपुर में 40 टीमों ने दी दबिश
फिरोजपुर में 250 पुलिस के जवानों की 40 टीमें गठित कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी गई। टीमों की अगुवाई कर रहे एसपी रैंक के अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री संग पुलिस अधिकारियों की हुई बैठक में पंजाब को गैंगस्टर और नशा से मुक्त करना है। इसी के तहत मंगलवार को शहर के अतिसंवेदनशील इलाकों में दबिश दी जा रही है।
मुक्तसर में तीन लोगों के घरों में दबिश
मुक्तसर में पुलिस ने गैंगस्टर गतिविधियों में शामिल तीन लोगों के घरों में दबिश दी। पुलिस ने बरीवाला के गांव वट्टू समेत मुक्तसर शहर में तीन घरों में सर्च अभियान चलाया। सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार गांव वट्टू में जिस घर में दबिश दी गई है, उस घर में रहने वाला युवक दविंदर बंबीहा गैंग से संबंधित बताते हैं। उधर, पुलिस अधिकारी इस बात की जानकारी देने से कतरा रहे हैं।
बठिंडा में विभिन्न गैंग से जुड़े 70 स्थानों पर दबिश
बठिंडा में सर्च अभियान की अगुवाई खुद एसएसपी जे इलेनचेजियन कर रहे थे। जिले के सभी बड़े अधिकारी व संबंधित थानों की पुलिस इस मुहिम में शामिल थे। बताया जा रहा है कि बठिंडा पुलिस ने जिले भर में कई जगहों पर सर्च अभियान चलाया गया है। यह अभियान गैंगस्टर बंबीहा, जग्गू भगवानपुरिया, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हर छोटे-बड़े व्यक्ति के घर पर चलाया गया। इस दौरान गैंग से जुड़े लोगों की चेकिंग की गई, उनसे पूछताछ भी की गई। एसएसपी ने खुद कुछ लोगों के घरों में जाकर चेकिंग की। सुबह से ही 70 के करीब टीमों ने एक साथ जिले के विभिन्न एरिया में ठिकानों पर सर्च अभियान शुरू किया है।