मूसेवाला हत्याकांड: 81 दिन में पंजाब पुलिस ने तैयार की चार्जशीट, लॉरेंस मास्टरमाइंड, 40 गवाहों का जिक्र
इस चार्जशीट में सबूत के तौर पर फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बरामद हथियार, बरामद कारतूस, गाड़िया, खून के नमूने, आरोपियों के मेडिकल सैंपल, घटनास्थल के कई सीसीटीवी फुटेज को शामिल किया गया। इसके अलावा कुछ होटल के सीसीटीवी फुटेज भी है, जहां शूटर्स रुके थे, उनको भी सबूतों का हिस्सा बनाया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में 81 दिन बाद पंजाब पुलिस ने चार्जशीट तैयार कर ली है। इसमें हत्याकांड से जुड़ी साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने हत्या के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को मुख्य साजिशकर्ता बनाया है। 15 से ज्यादा आरोपियों में पांच बड़े गैंगस्टरों को शामिल किया गया है। 40 गवाहों में पुलिस ने सिद्धू मूसेवाला के दोस्तों के नाम शामिल करने के साथ ही घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज सबूत के तौर पर लिए हैं। अगले सप्ताह तक पुलिस तैयार चार्जशीट को मानसा कोर्ट में पेश करेगी।
29 मई को मानसा में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से लगातार इस मामले में पंजाब पुलिस अहम सबूत जुटाने में लगी हुई है। पंजाब पुलिस के अधिकारियों के अनुसार चार्जशीट में आईपीसी की कई धाराओं को शामिल किया गया है। मामला हाईप्रोफाइल होने के कारण चार्जशीट को बनाने में पंजाब पुलिस ने कानून की अच्छी जानकारी रखने वाले लोगों की भी सलाह ली है। इसके साथ ही हत्याकांड का हर पहलू, हर राज, हर घटनाक्रम सिलसिलेवार तरीके से दर्ज किया गया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अगले सप्ताह पुलिस इस चार्जशीट को मानसा की कोर्ट में दाखिल करेगी।
लॉरेंस बिश्नोई बना मुख्य साजिशकर्ता
पुलिस की चार्जशीट में तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया, मनमोहन मोहना, दीपक टीनू, संदीप केकड़ा, अंकित सिरसा, प्रियव्रत फौजी, सचिन भिवानी, केशव, कशिश, एनकाउंटर में मारे गए मनप्रीत मानु, जगरूप रूपा, फरार शूटर दीपक मुंडी, मनप्रीत भाऊ का नाम शामिल है। पुलिस ने कुछ ऐसे आरोपियों को भी शामिल किया है जो अभी जेलों में बंद हैं।
ये लोग देंगे गवाही
इस चार्जशीट में करीब 40 से ज्यादा लोगों को गवाह बनाया गया है, जिसमे जांच से जुड़े पुलिस अधिकारी, सिद्धू मूसेवाला का पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर, मूसेवाला के साथ घटना के वक्त उसकी थार में सवार दोनो चश्मदीद शामिल हैं। इसके अलावा सिद्धू मूसेवाला के परिवार से उनके पिता व अन्य परिवार के सदस्यों के बयान, मूसेवाला की सुरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों के बयान, फॉरेंसिक टीम के सदस्यों के बयान है। इसके अलावा जहां-जहां शूटर्स और आरोपियों ने शेल्टर लिया, वहां उन्हें शरण देने वाले या होटल स्टाफ के बयान को इस चार्जशीट में शामिल किया गया है।
हथियार होंगे अहम सबूत
इस चार्जशीट में सबूत के तौर पर फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बरामद हथियार, बरामद कारतूस, गाड़िया, खून के नमूने, आरोपियों के मेडिकल सैंपल, घटनास्थल के कई सीसीटीवी फुटेज को शामिल किया गया। इसके अलावा कुछ होटल के सीसीटीवी फुटेज भी है, जहां शूटर्स रुके थे, उनको भी सबूतों का हिस्सा बनाया गया है।