मान के मंत्रियों ने संभाला कार्यभार: खनन मंत्री हरजोत बैंस ने कहा-लागू करवाएंगे ईमानदार खनन नीति
पंजाब के विधायक हरजोत सिंह बैंस ने मंगलवार को चंडीगढ़ में कानून और पर्यटन मंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब सिविल सचिवालय में राज्य के 10 में से 9 मंत्रियों ने अपना पदभार संभाल लिया। पद संभालते ही कई मंत्रियों ने अपने विभागों से संबंधित अधिकारियों की बैठकें भी बुला लीं और कामकाज संबंधी निर्देश जारी किए। पंजाब विधानसभा का पहला सत्र अनिश्चिकाल के लिए स्थगित होने के बाद मंगलवार शाम मंत्रियों ने अपने शुभचिंतकों, सहयोगी मंत्रियों और विधायकों की मौजूदगी में अपने कार्यालयों में पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर सभी मंत्रियों ने अपने विभागों को लेकर भविष्य की कार्य योजनाओं का भी एलान किया। प्रदेश के जलापूर्ति एवं सैनिटेशन मंत्री ब्रह्म शंकर जिंपा गुरुवार को पदभार संभालेंगे।
31 तक लागू हो जाएगी पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप और शगुन स्कीम: बलजीत कौर
सामाजिक न्याय और अधिकारिता, सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने सिविल सचिवालय में अपना पद संभालते हुए महिलाओं की सुरक्षा संबंधी कानूनों को बेहतर ढंग से लागू करने की जरूरत पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप और शगुन स्कीम 31 मार्च तक लागू हो जाएगी क्योंकि लाभार्थियों को इसकी सख्त जरूरत है। अपनी प्राथमिकताओं पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा लड़कियों के सशक्तीकरण की कुंजी है और वह इस उद्देश्य के लिए वचनबद्ध रहेंगे। महिलाओं को वित्तीय सहायता देने संबंधी चुनावी वादे के बारे में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अपने हर चुनावी वादे को पूरी तरह लागू करेगी। उल्लेखनीय है कि डॉ. बलजीत कौर नेत्र सर्जन हैं और विधानसभा चुनाव में मलोट हलके से चुनी गई हैं। वह मुक्तसर के सरकारी सिविल अस्पताल में नेत्र सर्जन के तौर पर सेवाएं निभा रही थीं लेकिन अपना पहला चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने सेवामुक्ति ले ली थी। डॉ. बलजीत कौर प्रो. साधु सिंह की बेटी हैं, जो 2014 से 2019 तक फरीदकोट से आप के सांसद रहे थे।
लाल चंद कटारूचक्क ने पद संभालते ही उठाए ठोस कदम
लाल चंद कटारूचक्क ने पंजाब सिविल सचिवालय-1 में अपने कार्यालय में खाद्य, सिविल सप्लाई और उपभोक्ता मामले और वन और वन्य जीव संरक्षण मंत्री के तौर पर पद संभाल लिया। इस मौके पर स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर और परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, बटाला से विधायक अमनशेर सिंह शैरी कलसी, निहालसिंह वाला से विधायक मनजीत बिलासपुर, रूपनगर से विधायक दिनेश चड्ढा, महल कलां से विधायक कुलवंत पंडोरी उपस्थित थे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने पार्टी लीडरशिप खासकर मुख्यमंत्री भगवंत मान का भरोसा प्रकट करने के लिए धन्यवाद किया।
उन्होंने यह भी कहा कि वह तीनों विभागों के बारे में फीडबैक लेने के लिए जल्द ही एक मीटिंग करेंगे और कामकाज की नियमित अंतराल पर समीक्षा की जाएगी। कटारूचक्क ने कहा कि भ्रष्टाचार बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पद संभालने के पहले दिन ही मंत्री ने सेक्टर-39 की अनाज मंडी में खाद्य सप्लाई विभाग की मीटिंग की अध्यक्षता भी की, जिसमें उन्होंने सभी डिप्टी डायरेक्टरों और डीएफएससी को आगामी गेहूं खरीद सीजन की सफलता यकीनी बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाने को कहा।
अवैध खनन रोकने को रखी जाएगी पैनी नजर: बैंस
कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अपना पद संभालने के तुरंत बाद खनन, जेल और पर्यटन विभागों के कामकाज का जायजा लिया। बैंस ने संबंधित विभागों के उच्च अधिकारियों के साथ मीटिंग कर विभागों के कामकाज में पारदर्शिता लाने और चल रहे कामों को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। माइनिंग (खनन) विभाग की मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को हिदायत की है कि वह अवैध माइनिंग को रोकने के लिए राज्य भर में खनन वाले सभी कानूनी स्थानों की निशानदेही करें।
उन्होंने कहा कि इस संबंधी पंजाब के सभी डिप्टी कमिश्नरों को पत्र भी भेजा जा रहा है। मंत्री ने कहा, ‘मैं छह महीनों के अंदर नई माइनिंग नीति पेश करने जा रहा हूं, जो पंजाब में अवैध माइनिंग को पूरी तरह खत्म करने पर केंद्रित होगी। अवैध माइनिंग को रोकने से राज्य के खजाने में भारी विस्तार होगा।’ जेल विभाग के अधिकारियों के साथ मीटिंग में कैबिनेट मंत्री ने हिदायत की है कि जेलों में किसी भी किस्म की तस्करी को तुरंत रोका जाए और विभाग के कामों में किसी भी तरह की कोताही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैंस ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को हिदायत की कि पंजाब में पर्यटन गतिविधियों को प्रफुल्लित करने के लिए संभावनाएं तलाशें।
हमारी सरकार में रिश्वतखोरों की कोई जगह नहीं: धालीवाल
अजनाला विधानसभा हलके से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने ग्रामीण विकास एवं पंचायत, पशु पालन, मछली पालन और डेयरी विकास और एनआरआई मामले के मंत्री के तौर पर पदभार संभाल लिया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार में रिश्वतखोरों के लिए कोई जगह नहीं है और हम हर प्रयास इस्तेमाल करके रिश्वतखोरी रोकेंगे। उन्होंने कहा कि वह दिन-रात एक करके यह सुनिश्चित करेंगे कि पंजाब सरकार का हर कदम लोगों की सुविधा के लिए ही उठाया जाए।
अवैध बसों को हर हाल में रोका जाएगा: भुल्लर
पंजाब के परिवहन और आतिथ्य विभाग के मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने पंजाब सिविल सचिवालय में अपना पदभार संभाला। इस मौके पर लोक निर्माण और बिजली मंत्री हरभजन सिंह, शिक्षा, उच्च शिक्षा और खेल मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर, विधायक मनजीत सिंह बिलासपुर, विधायक हरमीत सिंह पठाणमाजरा, विधायक स. मनजिन्दर सिंह लालपुरा, विधायक स. कुलवंत सिंह पंडोरी भी मौजूद रहे।
जिला तरनतारन के विधानसभा हलका पट्टी से संबंधित और कृषि पेशे से जुड़े भुल्लर ने मीडिया के सवालों के जवाब देते हुए कहा कि पिछली सरकारों के कारण व्यवस्था भ्रष्ट हो चुकी है। इन खामियों को ढूंढकर पीआरटीसी, पंजाब रोडेवज बस सर्विस और परिवहन विभाग को सक्रिय किया जाएगा। एक अन्य सवाल के जवाब में परिवहन मंत्री ने कहा कि एक परमिट पर कई-कई बसें चलाने और 40 किलोमीटर के रूट परमिट में 250 किलोमीटर तक का विस्तार करके बसें चलाने जैसे मामलों की गहराई से जांच की जाएगी।
भुल्लर ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार द्वारा हाल ही में जारी किए गए परमिटों की भी जांच की जाएगी। महिलाओं के लिए बसों में मुफ्त बस सफर की सुविधा जारी रखने का भरोसा देते हुए लालजीत सिंह भुल्लर ने कहा कि आप की सरकार में राजनैतिक बदलाखोरी को कोई जगह नहीं है परन्तु नाजायज चल रही बसों को हर हाल में रोका जाएगा।
शिक्षा बजट में भी विस्तार किया जायेगा: मीत हेअर
पंजाब के स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा और खेल और युवा सेवाएं मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर ने मंगलवार को पंजाब सिविल सचिवालय चंडीगढ़ में अपना पद संभाल लिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि शिक्षा हमारी सरकार का प्राथमिक विषय होगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी द्वारा दिल्ली में शिक्षा और सेहत के क्षेत्र में किये क्रांतिकारी सुधारों को आधार बना कर चुनाव लड़ा और दिल्ली वाला शिक्षा मॉडल पंजाब में लागू करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा बजट में विस्तार किया जायेगा और राज्य में बेहतर शिक्षा ढांचा खड़ा किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री डॉ. विजय सिंगला ने पद संभाला
कैबिनेट मंत्री डॉ. विजय सिंगला ने पंजाब सिविल सचिवालय में मंगलवार को अपना पद संभाल लिया। डॉ. सिंगला ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग और डाक्टरी शिक्षा और अनुसंधान विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से पूर्ण सहयोग की मांग करते हुये कहा कि हम सभी को मिल कर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरे देश में नंबर एक पर लाना है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का यह लक्ष्य है कि राज्य में स्वास्थ्य शिक्षा हासिल करने के इच्छुक विद्यार्थियों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया करवाने के लिए नीति लागू करेंगे। उन्होंने डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ को बिना किसी डर के अपनी ड्यूटी ईमानदारी से करने की भी अपील की।
सभी वादे पूरे जोश से निभाएंगे: हरभजन सिंह
पंजाब के लोक निर्माण और बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार चुनाव प्रचार के दौरान किए सभी वादों को पूरा करेगी। उन्होंने मंगलवार को सिविल सचिवालय में अपना पद संभालते हुए कहा कि राज्य सरकार राज्य की पुरानी शान को फिर बहाल करेगी और समाज के कमजोर वर्गों को ऊंचा उठाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार निवेश के लिए उपयुक्त माहौल प्रदान करेगी जिससे राज्य के लोगों को रोजगार के भरपूर मौके मिलेंगे।
बुनियादी ढांचे की तत्काल देखभाल की जरूरत को स्वीकार करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण की सख्त जरूरत है और वह पहल के आधार पर इनके संरक्षण के लिए पूरे यत्न करेंगे। जंडियाला हलके से विधायक हरभजन सिंह 2012 में आबकारी और कर अधिकारी बने थे लेकिन उन्होंने 2017 में ईटीओ के पद से स्वेच्छा से सेवामुक्ति ले ली। उन्होंने जंडियाला हलके से सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला को 25000 से अधिक वोटों से हराया था।
जिंपा गुरुवार को संभालेंगे पद
पंजाब के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन, जल संसाधन और जलापूर्ति व सैनिटेशन विभाग के मंत्री ब्रह्म शंकर जिम्पा गुरुवार को अपना पद संभालेंगे। मंगलवार को संबंधित विभागों के सीनियर अधिकारियों ने जिंपा से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी। मंत्री ने इन अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बातचीत के दौरान उन्हें लोगों की भलाई और राज्य की तरक्की के लिए पूरी निष्ठा से अपनी ड्यूटी निभाने को कहा।