पंजाब में पाबंदी : रात्रि कर्फ्यू का समय एक घंटा बढ़ा, विवाह हो या अंतिम संस्कार सिर्फ 20 लोग होंगे शामिल
राज्य में कोविड की स्थिति की समीक्षा के लिए सोमवार को आयोजित उच्चस्तरीय वर्चुअल मीटिंग में कैप्टन ने कई एलान किए। निजी लैब में आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्टिंग (आरएटी) की कीमतें घटाकर 450 रुपये और 300 रुपये कर दी गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना के बढ़ते मामलों के मद्देनजर पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सोमवार को और पाबंदियां लगाने का आदेश जारी किया।इसके तहत राज्य में रात का कर्फ्यू अब रात 8 बजे से सुबह 5 बजे तक होगा। पहले यह रात 9 बजे से था। सभी दुकानें, मॉल्स और बाजार रविवार को बंद रहेंगे। इसके अलावा बार, सिनेमाघर, जिम, स्पा, कोचिंग सेंटर, स्पोर्ट्स कांप्लेक्स 30 अप्रैल तक बंद रखने का आदेश दिया है। सोमवार से लेकर शनिवार तक रेस्टोरेंटों और होटलों को सिर्फ खाना घर ले जाने (टेक अवे) और होम डिलीवरी की इजाजत दी गई है। ये आदेश मंगलवार से लागू होंगे।
आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्टिंग की कीमतें घटाईं
राज्य में कोविड की स्थिति की समीक्षा के लिए सोमवार को आयोजित उच्चस्तरीय वर्चुअल मीटिंग में कैप्टन ने कई एलान किए। निजी लैब में आरटी-पीसीआर और रैपिड एंटीजन टेस्टिंग (आरएटी) की कीमतें घटाकर 450 रुपये और 300 रुपये कर दी गई है। लेकिन घर से सैंपल लेने के लिए अतिरिक्त कीमत वसूली जाएगी। यह कदम टेस्टिंग की संख्या बढ़ाने के लिए उठाए गए हैं।
सभी कार्यक्रमों में 20 से ज्यादा व्यक्तियों के इकट्ठे होने पर पाबंदी
पूरे राज्य में विवाह, संस्कार समेत अन्य कार्यक्रमों में 20 से ज्यादा व्यक्तियों के इकट्ठे होने पर पाबंदी लगा दी गई है। 10 से अधिक व्यक्तियों के सभी जमावड़ों (सिर्फ अंतिम संस्कार को छोड़कर) के लिए जिला प्रशासन की अग्रिम मंजूरी जरूरी कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने एलान किया कि ये नई पाबंदियां पहले वाली पाबंदियों सहित 30 अप्रैल तक लागू रहेंगी। साप्ताहिक बाजार भी बंद रखने का आदेश दिया गया है।
विमान से आने वालों की निगेटिव रिपोर्ट जरूरी
मुख्यमंत्री ने आदेश दिया कि विमान के जरिए पंजाब आने वाले सभी व्यक्तियों के पास आरटी-पीसीआर की निगेटिव रिपोर्ट होनी चाहिए जोकि 72 घंटों से अधिक पुरानी न हो। अन्यथा उनकी हवाई अड्डे पर ही आरएटी जांच की जाएगी। वे लोग जो कहीं भी बड़े जमावड़ों (धार्मिक, राजनैतिक या सामाजिक) में शामिल हुए हैं, उन्हें वापसी पर प्रोटोकॉल के अनुसार पांच दिन घर में एकांतवास में रहना पड़ेगा।
जांच के लिए बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों पर बूथ स्थापित करें
मुख्यमंत्री ने ट्रांसपोर्ट विभाग को निर्देश दिए कि बसों, टैक्सी और ऑटो में लोगों की संख्या क्षमता की 50 प्रतिशत रखी जाए। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर रैपिड एंटीजन टेस्टिंग (आरएटी) जांच बूथ स्थापित किए जाएं और बाहर से आने वाले सभी यात्रियों की जांच की जाए।
पटवारी परीक्षा स्थगित
मुख्यमंत्री ने पटवारी भर्ती को स्थगित करने का आदेश दिया है। वहीं मेडिकल एजुकेशन विभाग को एमबीबीएस, बीडीएस और बीएएमएस के प्रथम, द्वितीय और तृतीय व नर्सिंग के प्रथम वर्ष के छात्रों की परीक्षा ऑनलाइन कराने का निर्देश दिया।