Punjab: विधि अधिकारियों की भर्ती के लिए आरक्षण लागू, 58 पदों के लिए एसी उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित
गृह विभाग द्वारा शनिवार को एडवोकेट जनरल, पंजाब, चंडीगढ़ के कार्यालय और लीगल सेल, नई दिल्ली के लिए पंजाब राज्य के लिए मामलों की पैरवी करने और राज्य का प्रतिनिधित्व करने के लिए विधि अधिकारियों की भर्ती के लिए एक विज्ञापन जारी किया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के महाधिवक्ता (एजी) कार्यालय में अब विधि अधिकारियों की नियुक्ति में आरक्षण व्यवस्था लागू कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत 58 पद आरक्षित किए गए हैं, इन पदों के लिए पात्र लोग 13 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि सूबा सरकार सही अर्थों में राज्य में आरक्षण नीति को लागू कर रही है।
मुख्यमंत्री ने रविवार को एक वीडियो जारी कर कहा कि वह हमेशा अनुसूचित जाति के नौजवानों को हर क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए बराबर मौके देने के समर्थक रहे हैं। राज्य सरकार आरक्षण नीति को सही अर्थों में लागू कर रही है, जिससे यह यकीनी बनाया जा सके कि कमजोर और पिछड़े वर्गों के उम्मीदवारों को नौकरियों के बराबर मौके मिलें।
राज्य के इतिहास में पहली बार आम आदमी पार्टी की सरकार ने विधि अधिकारियों की भर्ती में भी अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों को आरक्षण देने की व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री ने अफसोस जाहिर करते हुए कहा कि अपेक्षित काबिलीयत के बावजूद अनुसूचित जाति के उम्मीदवारों को अलग-अलग कारणों से विधि अधिकारियों जैसे पद पर पहुंचने का मौका ही नहीं मिला।
अनुसूचित जातियों की भलाई को यकीनी बनाने के लिए राज्य सरकार की दृढ़ वचनबद्धता को दोहराते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नेक कार्य के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी। पिछली सरकारों ने अनुसूचित जातियों की भलाई के लिए सिर्फ खोखली बातें ही कीं लेकिन इसके उलट आम आदमी सरकार ने ठोस कदम उठाए हैं।
गृह विभाग ने जारी किया विज्ञापन
इस संबंध में गृह विभाग ने विज्ञापन जारी कर दिया है। विज्ञापन में पंजाब राज्य के लिए केस लड़ने और पंजाब राज्य की नुमाइंदगी करने के लिए एडवोकेट जनरल, पंजाब, चंडीगढ़ के दफ्तर और लीगल सेल, नई दिल्ली के लिए लॉ अधिकारियों के पद के लिए अनुसूचित जाति के योग्य वकीलों, उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं।
किस पद पर कितना आरक्षण (कुल पद-58)
- अतिरिक्त महाधिवक्ता पद - 12 (10 चंडीगढ़, 2 दिल्ली)
- वरिष्ठ उप महाधिवक्ता पद - 05 (चंडीगढ़)
- उप महाधिवक्ता पद - 16 (14 चंडीगढ़, 2 दिल्ली)
- सहायक महाधिवक्ता - 23 ( 22 चंडीगढ़, 1 दिल्ली)
- अधिवक्ता - 2 (दिल्ली)
ई-मेल पर भी भेज सकेंगे दस्तावेज
एजी ऑफिस में विधि अधिकारियों के पद पर पात्र आवेदनकर्ता पंजाब सरकार की आधिकारिक वेबसाइट पर 13 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अपने दस्तावेज विभागीय ई-मेल द्वारा भी भेज सकते हैं।