Punjab Corona update: प्रदेश में 10 और मरीजों की मौत, 511 नए पॉजिटिव मिले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में कोरोना वायरस के कारण गुरुवार को 10 और लोगों की जान चली गई। इसके साथ ही राज्य में इस महामारी से मरने वालों की संख्या 370 तक पहुंच गई है। बीते 24 घंटे में कोरोना के 511 और पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि होने के साथ ही सूबे में कोरोना पीड़ितों की संख्या भी 15456 हो गई है।
इस बीच, राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 4577 मरीज आइसोलेशन वार्डों में दाखिल हैं। इनमें से 135 ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 18 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। उधर, 296 मरीजों के स्वस्थ होने की भी खबर है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना को मात देने वालों की संख्या 10509 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 522067 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार गुरुवार को जिन 296 मरीजों को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई, उनमें अमृतसर के 82, पटियाला के 57, जालंधर के 15, संगरूर व होशियारपुर के 20-20, मोहाली के 36, फतेहगढ़ साहिब के 19, मुक्तसर के 11, फाजिल्का के 10, कपूरथला के 9, तरनतारन के 7, मोगा के 3, बठिंडा व गुरदासपुर के 2-2, बरनाला, मानसा व फिरोजपुर के 1-1 मरीज शामिल हैं।
लुधियाना में कोरोना के 142 नए केस, दो लोगों ने तोड़ा दम
लुधियाना में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के कुल 142 नए मामले आए। जिले में अब तक कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 3028 पहुंच गई है। वहीं गुरुवार को कुल चार और लोगों की मौत हुई, जिसमें दो मामले लुधियाना, एक पटियाला और एक जालंधर से संबंधित है। लुधियाना में कोरोना संक्रमितों की मौत का आकंड़ा 82 हो गया है।
सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने बताया कि गुरुवार को लुधियाना में कुल कोरोना संक्रमण के 157 मामले मिले हैं। इसमें 142 मामले जिला लुधियाना से संबंधित है, जबकि 15 अन्य जिलों के हैं। अब तक लुधियाना में 1037 कोरोना के एक्टिव केस हैं। लुधियाना के 25 पुलिसकर्मी भी संक्रमित हैं।
गुरुवार को कोरोना संक्रमित चार लोगों की मौत हुई है। लुधियाना के भट्टियां निवासी 35 वर्षीय व्यक्ति, धूरी लाइन निवासी 64 वर्षीय व्यक्ति की पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में मौत हो गई है। इनके अलावा जालंधर की 64 वर्षीय महिला की सीएमसी और एसपीएस अस्पताल में भर्ती पटियाला की 57 वर्षीय महिला की मौत हो गई। लुधियाना में अब तक कुल मौत का आंकड़ा 82 हो गया है। गुरुवार को 846 लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं।
पठानकोट: डीसी और एसएसपी ऑफिस में पब्लिक डीलिंग बंद
पठानकोट में गुरुवार को 6 नए संक्रमित सामने आए। जिला प्रशासन ने पुलिस कर्मियों और डीसी दफ्तर के मुलाजिमों के संक्रमित पाए जाने के बाद मिनी सचिवालय स्थित डीसी दफ्तर और एसएसपी दफ्तर में पब्लिक डीलिंग बंद कर दी है। इन दफ्तरों में केवल ऑनलाइन शिकायतें दी जा सकेंगी।
वहीं, डीसी दफ्तर की नाजर और एमए ब्रांच के 140 कर्मचारियों को होम क्वारंटीन कर 220 कर्मचारियों के सैंपल लिए गए हैं। हालांकि मिनी सचिवालय स्थित सुविधा केंद्र में रोजाना करीब 1500 लोग पहुंच रहे हैं। इसके अलावा तहसील दफ्तर में भी सैकड़ों लोग आ जा रहे हैं, जहां सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा।
पटियाला: कोरोना से दो की मौत, 25 नए संक्रमित
पटियाला में गुरुवार को कोरोना से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। अब जिले में पॉजिटिव केसों की संख्या 1613 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि जिले में गुरुवार को जो 25 नए केस आए हैं, उनमें 17 पटियाला शहर से हैं, जबकि एक राजपुरा, एक नाभा, दो समाना और चार विभिन्न गांवों से हैं।
वहीं ब्लाक कालोमाजरा के गांव सैदखेड़ी की रहने वाली 70 साल की बुजुर्ग, जिसकी पटियाला के एक निजी अस्पताल में बुधवार को मौत हो गई थी, उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। महिला शुगर, सांस की दिक्कत व लीवर की बीमारी से भी पीड़ित थी। पटियाला के फतेह कालोनी निवासी 75 साल के कोविड पॉजिटिव बुजुर्ग की सरकारी राजिंदरा अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह भी शुगर और लीवर की बीमारी से पीड़ित थे।
होशियारपुर: 95 वर्षीया वृद्धा की कोरोना से मौत
दसूहा के गांव शाहपुर की 95 वर्षीय महिला की कोरोना से मौत हो गई। बुजुर्ग महिला हार्ट तथा अधरंग के साथ-साथ पित्त की पत्थरी से भी जूझ रही थी। पहले उन्हें श्री गुरु नानक मिशन अस्पताल जालंधर ले जाया गया। 12 दिन बाद वहां से सीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया। वहां कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने पर सरकारी मेडिकल कॉलेज पटियाला भेज दिया गया। बुधवार को वहां उनकी मृत्यु हो गई।
अमृतसर: कोरोना से एक की मौत, 67 नए केस
अमृतसर में गुरुवार को 67 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं कोरोना संक्रमित आकाश एवेन्यू निवासी 67 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक ईएमसी अस्पताल में उपचाराधीन था। वहीं 67 नए मरीजों में मानांवाला स्थित एसबीआई के दो कर्मचारी, सीआईए स्टाफ के दो कर्मचारी, आर्मी खासा से एक जवान, सेटेलाइट अस्पताल सकत्तरी बाग का मुलाजिम व सरकारी मेडिकल कॉलेज में कार्यरत लैब टेक्नीशियन शामिल है। शहर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 1788 पहुंच चुकी है। 74 लोगों की जान जा चुकी है।
फिरोजपुर: कोरोना से एक की मौत, 76 नए केस
फिरोजपुर में कोरोना पीड़ित एक व्यक्ति की मौत हो गई है। गुरुवार को 76 नए केस सामने आए हैं। कोरोना मरीजों की बढ़ रही संख्या को देखते हुए डीसी ऑफिस सील कर दिया है। जानकारी के अनुसार रेलवे अस्पताल में सेवानिवृत्त कर्मी दाखिल था, जिसकी कोरोना के कारण मौत हो गई।
जालंधर: कोरोना से चार की मौत, 63 नए मरीज मिले
जालंधर में गुरुवार को कोरोना से चार मरीजों की मौत हो गई। जिले में अब कोरोना मृतकों की संख्या 53 हो गई है। साथ ही 63 नए मामले सामने आए हैं। जालंधर की महिला की पीजीआई में मौत हो गई। उनकी एक किडनी खराब थी और वह कोरोना संक्रमित थी। दूसरी मौत 90 साल के बुजुर्ग की सेक्रेड हार्ट अस्पताल में हुई है। वह आजाद नगर का रहने वाल थे। उन्हें किडनी, हाइपरटेंशन और सांस लेने में तकलीफ थी। तीसरी मौत पटेल अस्पताल में जिला कपूरथला की रहने वाली 29 साल की महिला की हुई है। उनकी फाइल व हिस्ट्री को चेक किया जा रहा है। 76 साल के बुजुर्ग का भी निजी अस्पताल में निधन हो गया।
फरीदकोट: 23 नए संक्रमित मिले
फरीदकोट में गुरुवार को 23 व्यक्तियों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जिनमें से 20 केस कोटकपूरा शहर व आसपास के क्षेत्र से हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले कोटकपूरा के एक निजी बैंक का मुलाजिम संक्रमित मिला था जिसके बाद विभाग ने उक्त मुलाजिम के परिजनों व बैंक के सभी कर्मियों के सैंपल भेजे थे, जिनमें से 14 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
गुरदासपुर में छह पॉजिटिव केस मिले
गुरदासपुर में छह अन्य संक्रमित मरीज पाए गए हैं। इसके बाद जिले में कुल कोविड-19 मरीजों की संख्या 531 हो गई है।