वादा सीएम से मिलाने का, पहुंचाया जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) कैंपस में आउटसाइडर पर लगाम नहीं लग पा रही है। मंगलवार को स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन ऑफ पंजाब यूनिवर्सिटी (सोपू) की कैंपस में हुई रैली में 20 से अधिक आउटसाइडर कैंपस में पहुंचे। लेकिन पीयू प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आउटसाइडर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे सोपू नेताओं ने कैंपस गुरु द्वारे से 100 से 150 के करीब स्टूडेंट्स के साथ गाड़ियों में रैली निकालने की तैयारी की।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और पीयू सिक्योरटी अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने रैली में शामिल स्टूडेंट्स से आईकार्ड मांगना शुरू किया तो काफी स्टूडेंट खिसकने लगे, पुलिस कर्मचारियों ने आउटसाइडर को घेरकर गिरफ्तार कर लिया। पहले सभी आउटसाइडर की वीसी दफ्तर के बाहर ले जाकर शिनाख्त की गई और बाद में उन्हें सेक्टर-11 थाने में ले जाया गया।
पकड़े गए छात्रों ने बताया कि उन्हें सोपू नेता पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मिलवाने का झांसा देकर लाए थे। लेकिन, सीएम से मिलने की हरसत रखने वालों को हवालात पहुंचा दिया।
12 या 19 सितंबर को छात्र काउंसिल चुनाव
पीयू प्रशासन ने आगामी छात्र काउंसिल चुनाव को लेकर रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। पीयू सूत्रों के अनुसार अभी तक पीयू ने चुनाव के लिए 12 और 19 तारीख तय की हैं। लेकिन चुनाव की तारीख को लेकर अंतिम फैसला चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से करना है।
अगले हफ्ते तक चुनाव की एक तिथि पर मुहर के लिए चिट्ठी प्रशासन को भेज दी जाएगी। एक अधिकारी के अनुसार सितंबर के मध्यम में चुनाव कराने की कोशिश है। सूत्रों के अनुसार पीयू प्रशासन पर छात्र संगठनों द्वारा भी चुनाव जल्दी कराने का भारी दबाव है। छात्र संगठनों को वोट बैंक बढ़ाने पर हजारों खर्च करने पड़ रहे हैं।
वहीं सोपू, एनएसयूआई और इनसो के बाद मंगलवार को चीफ सिक्योरटी ऑफिसर की ओर से नेशनल स्टूडेंट आर्गेनाइजेशन (एनएसओ) को गलत जगह पोस्ट लगाने पर शोकॉज नोटिस जारी कर दिया है। डा. जितेंद्र ग्रोवर ने कहा कि एनएसओ द्वारा उन्हें अलॉट की गई जगह पर ही पोस्टल नहीं लगाने पर नोटिस जारी किया गया है।
स्टूडेंट सेंटर पर लगेंगे 4 नए हाई रेजील्यूशन कैमरे
पीयू प्रशासन ने कैंपस में हिंसक वारदत करके भागने वाले अपराधियों पर नजर रखने के लिए पूरे कैंपस को सीसीटीवी की नजर में लगाने की तैयारी कर ली है। पीयू स्थित स्टूडेंट सेंटर पर जल्द ही 4 नई हाई रेजील्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। चुनावी दिनों में सबसे अधिक हिंसक वारदातें स्टूडेंट सेंटर पर ही होती हैं।
पीयू के सभी हॉस्टल के सीसीटीवी कैमरे ठीक कराए जा रहे हैं। पीयू ने पिछले चुनाव में किराये के सीसीटीवी पर करीब 4 लाख रुपये खर्च किए थे। सोमवार को एनएसयूआई द्वारा सेक्टर-25 साउथ कैंपस स्थित यनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) में बिना अनुमति चुनाव प्रचार करने और रैली निकालने को लेकर पीयू प्रशासन ने कड़ा ऐतराज जताया है।
पीयू डीएसडब्ल्यू द्वारा सभी छात्र संगठनों को जल्द ही कक्षाओं में जाकर चुनाव प्रचार नहीं करने के आदेश जारी किए जाएंगे।
पंजाब यूनिवर्सिटी के चीफ सिक्योरटी ऑफिसर डा. जितेंद्र ग्रोवर ने बताया कि सोपू छात्र संगठन की रैली में आए 20-25 आउटसाइडर को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। आउटसाइडर पर रोक लगाने के लिए जल्द ही सभी स्टूडेंट्स को आईकार्ड जारी कर दिए जाएंगे।