चन्नी के भतीजे की गिरफ्तारी पर गरमाई सियासत: कांग्रेस ने बताया दबाव बनाने का प्रयास, विपक्ष ने चन्नी को घेरा
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस मामले में कहा कि एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। चुनाव के दौरान इसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार देर रात मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे भूपिंदर सिंह हनी को गिरफ्तार किया। इसके बाद पंजाब की सियासत गरमा गई। जहां विपक्ष ने इस मामले में चन्नी को घेर लिया वहीं कांग्रेस ने इस कार्रवाई को एजेंसियों का दुरुपयोग बताया। वहीं चन्नी ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। हमें कोई आपत्ति नहीं है।
प्रियंका गांधी ने कहा-एजेंसियों का दुरुपयोग हो रहा
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने इस मामले में कहा कि एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। सरकार इनका इस्तेमाल लोगों को धमकाने, विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए कर रही है। चुनाव के दौरान इसकी अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह एक राजनीतिक गिरफ्तारी है, दबाव बनाने के लिए की जा रही है। अगर किसी के खिलाफ कार्रवाई करनी होती तो यह एक दिन में नहीं बल्कि 4-5 महीने में की जानी चाहिए थी। यह जानबूझकर किया जा रहा है। चन्नी अनुसूचित जाति के मुख्यमंत्री हैं, वे उन्हें परेशान करना और उनका मनोबल गिराना चाहते हैं।
ईडी की कार्रवाई पर ऐतराज नहीं: चन्नी
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने भतीजे भूपेंद्र सिंह हनी की गिरफ्तारी को लेकर शुक्रवार को कहा कि पुलिस और ईडी अपना काम करें। उन्हें इस पर कोई एतराज नहीं है, लेकिन एजेंसियों को निष्पक्ष रूप से काम करना चाहिए। शुक्रवार को भदौड़ हलके में जनसभा को संबोधित करते हुए चन्नी ने कहा कि कैप्टन और बादलों ने मिलकर पंजाब को लूटा है। पंजाब को फिर से खुशहाल बनाने के लिए कांग्रेस का सत्ता में लौटना जरूरी है।
विपक्ष ने सीएम को घेरा
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भतीजे भूपिंदर हनी की गिरफ्तारी को लेकर पंजाब की सियासत गरमा गई है। सूबे के विपक्षी दल सीधे मुख्यमंत्री चन्नी पर निशाना साध रहे हैं। भाजपा सहित आप, शिअद और सियासत में आए किसानों ने चन्नी पर सियासी हमला करते हुए कहा है कि 111 दिन की सरकार में ही उन्होंने कमाल कर दिया। अकाली दल ने कहा है कि अब चन्नी की गिरफ्तारी की बारी है।
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने 111 दिन में कमाल ही कर दिया। इतने कम समय में भ्रष्टाचार कर दिया। अब वह ईमानदार सरकार की वकालत कर रहे हैं। - अरविंद केजरीवाल, आप संयोजक
यह चन्नी, हनी और मनी की कहानी है। पहले मनी पकड़ी गई, फिर हनी पकड़ा गया और अब चन्नी की बारी है। हनी से पकड़े पैसे चन्नी के हैं। वह चन्नी का कैशियर है। यह सारे पैसे पंजाब के लोगों के खजाने की लूट है। - बिक्रम सिंह मजीठिया, शिअद नेता
ईडी की कार्रवाई में 20 करोड़ कैश मिला है। 56 करोड़ के दस्तावेज और प्रॉपर्टी मिली। भाजपा पहले ही कह रही थी अवैध रेत खनन में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी शामिल हैं। यह कार्रवाई राजनीतिक बदलाखोरी तब होती, जब रेड में कुछ न मिलता। - जीवन गुप्ता, महासचिव, पंजाब भाजपा
पहले पैसे से सत्ता और फिर सत्ता से पैसे कमाए जाते हैं। हाल यह हो चुका है कि अफसरों की तैनाती, नौकरी, ठेका सब पैसे देकर करवाया जा रहा है। हर जगह रिश्वतखोरी चल रही है। - गुरनाम चढूनी, किसान नेता, हरियाणा