सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर नशे के खिलाफ दौड़े 60 हजार लोग, सीएम ने दिखाई हरी झंडी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिरसा मैराथन में बुधवार सुबह हजारों युवाओं ने नशे के खिलाफ जमकर दौड़ लगाई और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आनंद उठाया। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर रन फोर यूनिटी कार्यक्रम के उपलक्ष्य में आयोजित सिरसा अगेंस्ट ड्रग्स मैराथन दौड़ को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रहने व वल्लभभाई पटेल द्वारा भारत को एकता के सूत्र में बांधने के लिए किए गए ऐतिहासिक कार्यों को विस्तार से बताया।
इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने कहा कि हिसार मैराथन का रिकार्ड तोड़ते हुए 60 हजार से अधिक युवा इस मैराथन में शामिल हुए। लोगों की भीड़ ने यह दर्शा दिया कि जिस उद्देश्य को लेकर इस मैराथन का आयोजन किया था, वह सफल हो गया है। उन्होंने कहा कि हजारों लोगों ने नशे के खिलाफ लड़ने की आवाज बुलंद कर पूरी दुनिया को नशे के खिलाफ खड़े हो जाने का आह्वान किया है।
सीएम ने युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुटता से लड़ने का संकल्प दिलवाया। मैराथन में सबसे कम पांच किलोमीटर की दौड़ में सबसे अधिक लोगों ने भाग लिया। दौड़ से पहले देशभक्ति के गानों ने युवाओं में जोश भर दिया। दौड़ लगाकर वापस आए युवाओं ने डीजे पर बज रहे गानों पर जमकर डांस किया। मैराथन में लड़कियों की संख्या अपेक्षा से ज्यादा रही। यह मैराथन पुलिस प्रशासन द्वारा आईजी ओपी सिंह के नेतृत्व में आयोजित की गई थी।
सीएम ने धावकों का बढ़ाया हौसला
मुख्यमंत्री मैराथन दौड़ के प्रति सिरसा वासियों के उत्साह व जुनून को देखकर गदगद नजर आए। मुख्यमंत्री ने जज्बे के रूप में दोनों हाथों के साथ युवाओं का हौसला बढ़ाया और अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री मैराथन धावकों की रवानगी तक स्टेज पर खड़े रहकर उत्साहवर्धन करते रहे। युवा भी मुख्यमंत्री के इस स्नेह से खुश नजर आए और हाथ उठाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।
तड़के चार बजे से जुटने लगी भीड़
नशे के खिलाफ मुहिम का हिस्सा बनने के लिए सिरसावासी बुधवार तड़के चार बजे से आयोजन स्थल पर पहुंचने लगे। सुबह छह बजे तक शहीद भगत सिंह स्टेडियम से लेकर पंचायत भवन तक हजारों लोगों की भीड़ जुट चुकी थी। लोगों ने मैराथन के लिए पहले ही अपना चेस्ट नंबर लिया हुआ था। आयोजकों का मानना है कि लोगों की इस भीड़ ने भारत में अब तक हुई सभी मैराथन का रिकॉर्ड तोड़ दिया और सिरसा वासियों को सबसे बड़ी मैराथन का हिस्सा बनने का गौरव हासिल हुआ।
हरियाणवी गानों पर थिरके लोग
मैराथन के दौरान हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने डांस किया। देसी देसी ना बोला कर छोरी रे, गाने पर लोग झूम उठे। मैराथन में आए बुजुर्गों ने बताया कि उन्हें कई वर्षों के बाद इस तरह से मस्ती करने का मौका मिला है। इस दौरान हरियाणवी गानों पर युवाओं ने जमकर धमाल मचाया।
देशभक्ति गानों ने भरा जोश
मैराथन में आए युवाओं में देशभक्ति के गानों ने जोश भर दिया। चक दे इंडिया, जय हो, सुनो गौर से दुनिया वालों आदि गानों ने युवाओं में देशभक्ति का जोश भरा। इस दौरान युवा खुद को नाचने से नहीं रोक सके और जम कर डांस किया। मैराथन आयोजन के लिए तैयार मंच पर एक तरफ एक बड़ी स्क्रीन लगाई गई थी। जिस पर लाइव कार्यक्रम दिखाई दे रहा था। इसके साथ ही इस पर गानों की वीडियो भी चलाई गई। जिन पर युवा जमकर नाचे।
हरियाणवी सितारों की रही मचाई धूम
आयोजन को मनोरंजनपरक बनाने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा के जाने-माने कलाकारों भाग लिया। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक अपने प्रस्तुतियां दी, जिस पर युवाओं ने झूमकर अपने खुशी का इजहार किया। राजू पंजाबी के भगत सिंह के ऊपर गाय गीत पर उपस्थित भीड़ का जोश देखते ही बन रहा था। इसके अलावा अमित ढुल, अविनी कैथलिक, सेमवी ने भी अपने हरियाणवी व पंजाबी गानों से लोगों का खूब मनोरंजन किया।
एसपी के साथ रहा सेल्फी क्रेज
डांस के बाद लोगों के बीच एसपी हामिद अख्तर का सबसे ज्यादा क्रेज रहा। हरियाणवी कलाकारों ने भी एसपी के साथ सेल्फी ली। छोटे बच्चे और लड़कियों ने सुरक्षा घेरा तोड़ एसपी को सेल्फी के लिए कहा। एसपी ने इस पर मुस्कुराते हुए सेल्फी लेने की इजाजत दे दी। इसके बाद बच्चों ने एसपी के साथ सेल्फी पे सेल्फी ली। मैराथन कार्यक्रम यू ट्यूब पर लाइव दिखाया जा रहा था।
पंजाब के युवा रहे प्रथम
मैराथन दौड़ 42.2 किलोमीटर, 21 किलोमीटर, 11 किलोमीटर व 5 किलोमीटर वर्गों में करवाई गई, जिसमें जिले के साथ लगते जिलों हिसार, फतेहाबाद के अलावा पंजाब व राजस्थान के युवाओं ने भी भाग लिया। 42 किलोमीटर मैराथन के पुरुष वर्ग में फिरोजपुर के सुखदेव प्रथम, जालंधर के रणजीत सिंह द्वितीय व हांसी के मोहनलाल तृतीय स्थान पर रहे। 21 किलोमीटर पुरुष वर्ग में जालंधर के रसपाल सिंह प्रथम, लुधियाना के मनजिंद्र सिंह द्वितीय तथा जालंधर के जतिंद्र सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
रोहतक की पूनम दौड़ी सबसे तेज
21 किलोमीटर की महिला वर्ग में रोहतक की पूनम प्रथम, प्रासी द्वितीय तथा सिरसा के कुसंबी की दिव्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने 42 किलोमीटर में मैराथन के प्रथम स्थान पाने वाले को 50 हजार, द्वितीय को 30 व तृतीय को 20 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इसी प्रकार 21 किलोमीटर मैराथन के प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान के विजेताओं को 30 हजार, 15 हजार व 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया।
पुलिस व वालंटियर ने संभाली व्यवस्था
सिरसा मैराथन का आयोजन पूरी तरह से सफल रहा है। इसके लिए जहां पुलिस के जवान अपने ड्यूटी पर मुस्तैद रहे, वहीं वालंटियरों ने भी आयोजन को व्यवस्थित ढंग से सफल करवाने में अपनी अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा सामाजिक, धार्मिक, युवा कल्ब के सदस्यों ने भी इस आयोजन में अपना अहम योगदान दिया। कई संस्थाओं ने लोगों के पानी की व्यवस्था भी की हुई थी।