पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग की बढ़ी मुश्किलें: पांच दिन में गिरफ्तारी के निर्देश, जानें क्या है मामला?
चुनाव प्रचार के दौरान राजा वड़िंग की ओर से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह को लेकर की गई कथित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने इस पर संज्ञान लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और दलित नेता स्वर्गीय बूटा सिंह पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (एनसीएससी) ने पंजाब पुलिस को वड़िंग समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने पुलिस से पांच दिन के भीतर कार्रवाई की स्थिति रिपोर्ट भी मांगी हैं। आयोग ने जांच जल्द पूरी कर सक्षम अदालत में आरोपपत्र दाखिल करने को भी कहा है। सोमवार को आयोग के समक्ष इस मामले की सुनवाई थी। बताया जा रहा है कि पंजाब पुलिस की ओर से डीएसपी हरप्रीत सिंह और डीएसपी गुलजार सिंह पेश हुए। शिकायतकर्ता और बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह भी सुनवाई में मौजूद रहे। आयोग ने जांच और गिरफ्तारी में हो रही देरी पर नाराजगी जताई। आयोग के मुताबिक पहले दिए गए निर्देशों के बावजूद कार्रवाई की रिपोर्ट पेश नहीं की गई थी।
साल 2025 का मामला
मामला नवंबर 2025 में तरनतारन विधानसभा उप-चुनाव के दौरान सामने आया था। चुनाव प्रचार के दौरान राजा वड़िंग की ओर से पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री बूटा सिंह को लेकर की गई कथित टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने चार नवंबर 2025 को मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए तरनतारन के डीसी और एसएसपी से सात दिन में रिपोर्ट मांगी थी। आयोग ने कहा था कि कथित टिप्पणियों में बूटा सिंह की जातीय पृष्ठभूमि और रंग को लेकर आपत्तिजनक संदर्भ दिए गए हैं।
इसके बाद बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह की शिकायत पर पंजाब पुलिस ने राजा वड़िंग के खिलाफ मामला दर्ज किया था। शिकायत कपूरथला के एसएसपी को दी गई थी और उसी आधार पर एफआईआर दर्ज हुई थी।
#WATCH | Chandigarh: Punjab Government Minister Harpal Singh Cheema says, "During the Tarn Taran by-election in Punjab, Punjab Congress President Raja Warring made several objectionable remarks concerning the complexion and caste of our late Union Home Minister, Sardar Buta… https://t.co/J1JthjtATD pic.twitter.com/ue7dwkqmQF
— ANI (@ANI) August 31, 2026
क्या बोले वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा?
पंजाब सरकार के मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा पंजाब में तरन तारन उप-चुनाव के दौरान पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने हमारे स्वर्गीय केंद्रीय गृह मंत्री सरदार बूटा सिंह के रंग और जाति को लेकर कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। उस समय पंजाब मानवाधिकार आयोग और पंजाब एससी आयोग ने इस मामले का संज्ञान लिया था और कार्रवाई शुरू की थी। अब राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने उनके तत्काल गिरफ्तारी और उनके खिलाफ तुरंत मामला दर्ज करने का आदेश जारी किया है। हमारी कानूनी टीम इस आदेश की गहन जांच करेगी और पंजाब सरकार जो भी कानूनी कार्रवाई जरूरी होगी, वह करेगी।
अपनी सफाई में क्या बोले राजा वड़िंग?
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग की ओर से उनकी गिरफ्तारी संबंधी जारी निर्देशों को बदले की राजनीति बताया है। उन्होंने कहा कि अभी तक आयोग के आदेश नहीं देखे हैं मगर यह करीब 10 महीने पुराना मामला है। वड़िंग ने कहा, पूर्व गृहमंत्री बूटा सिंह का परिवार उनके अपने परिवार जैसा है और उन्होंने उसी समय माफी भी मांग ली थी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने दिवंगत बूटा सिंह के बारे में कोई अपमानजनक बात नहीं कही थी बल्कि केवल एक विशेष संदर्भ में उनका नाम लिया था।
उन्होंने बताया कि इसके बाद वह अलग-अलग मामलों को लेकर दो बार राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन से भी मिल चुके हैं। उनके अनुसार आयोग के निर्देशों का मकसद जनता का ध्यान असली मुद्दे से भटकाना है। पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने भी पहले उनके खिलाफ एक आदेश जारी किया था, जिस पर अदालत ने रोक लगा दी थी। अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ऐसी राजनीतिक चालों और दबाव की रणनीतियों से डरने वाली नहीं है।