मातम में बदला जश्न: शिमला जा रहे दोस्तों की कार ट्रक से भिड़ी, एक की मौत, इंस्टा रील में कैद हुआ हादसा
जिस समय हादसा हुआ युवक कार में वीडियो बना रहे थे। जो सोशल मीडिया पर वायरल है। मीटर बोर्ड में 160 किमी. की स्पीड शो हो रही है। सोशल मीडिया पर घटना वायरल हो रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नए साल का जश्न मनाने के लिए शिमला जा रहे पांच दोस्तों की तेज रफ्तार वरना कार अंबाला-दिल्ली हाईवे स्थित कुष्ट आश्रम के पास अंबाला में कैंटर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही कार सवार गुरुग्राम के न्यू कॉलोनी निवासी दीपक की मौत हो गई, जबकि कार चालक तुषार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं कार सवार तीन अन्य लोग मामूली रूप से जख्मी हो गए। खास बात यह है कि हादसे का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो कि कार सवारों ने ही बनाई है।
गुरुग्राम के सेक्टर-7 निवासी घायल तुषार ने बताया कि वह न्यू कॉलोनी का रहने वाला है और पॉलिसी बाजार में काम करता है। नया साल मनाने के लिए वह अपने मामा के लड़के दीपक और अन्य तीन दोस्तों के साथ शिमला जा रहा था। एक जनवरी को ही उन्हें लौटना था। गाड़ी भी वह स्वयं ही चला रहा था।
तभी अंबाला के पास अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। इस दौरान उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और उनकी कार सीधे ट्रक के नीचे घुस गई, जिसमें वे बुरी तरह फंस गए थे। दूसरे दोस्तों ने उसे और दीपक को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि दीपक की शादी हो रखी है और उसके दो बच्चे भी हैं। दुर्घटना में जख्मी तुषार को 20 टांके आए हैं, जबकि रितिक, चिराग और प्रकाश मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। हादसे के बाद आरोपी कैंटर चालक मौका पाकर फरार हो गया। घायल चिराग की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
कार में बना रहे इंस्टा रील में कैद हुआ हादसा, कैंटर के अचानक लगे ब्रेक
हादसे का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो पांचों दोस्त बना रहे थे और उस समय कार भी ओवरस्पीड थी। माना जा रहा है कि कार की स्पीड 160 किलोमीटर के करीब थी। तभी सामने चल रहे कैंटर चालक ने अचानक ब्रेक मार दी और कार सीधे कैंटर से टकरा जाती है। हादसे के वक्त दीपक ड्राइवर सीट के पीछे बैठा हुआ था। एक तरफ से टकराने के कारण कार चालक तुषार व दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दीपक को मृत घोषित कर दिया।
कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वीडियो में कैद हादसे की उन्हें कोई जानकारी नहीं है। -जीत, इंस्पेक्टर थाना प्रभारी पड़ाव
ब्रेकिंग अपडेट।