Haryana: नेशनल हाइवे पर बस और ट्रक की टक्कर में एक की मौत, तीन लोग घायल, 40 यात्री थे सवार
बस महम से विधायक बलराज कुंडू की नांगल चौधरी से शुरू होने वाली पदयात्रा में जा रही थी। महम के विधायक बलराज कुंडू नांगल चौधरी से चंडीगढ़ तक पदयात्रा कर रहे हैं। उनकी पदयात्रा सुबह 11 बजे शुरू हो रही थी।
विस्तार
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले नारनौल में नेशनल हाईवे नंबर 152डी पर सवारियों से भरी बस और ट्रक में हुई टक्कर में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार तीन यात्री घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बस महम से विधायक बलराज कुंडू की नांगल चौधरी से शुरू होने वाली पदयात्रा में जा रही थी। महम के विधायक बलराज कुंडू नांगल चौधरी से चंडीगढ़ तक पदयात्रा कर रहे हैं। उनकी पदयात्रा सुबह 11 बजे शुरू हो रही थी। इस पदयात्रा में शामिल होने के लिए उनके हलके से करीब 40 लोगों से भरी एक बस नांगल चौधरी आ रही थी। इस दौरान नेशनल हाईवे नंबर 152डी पर बस एक ट्रक से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि चालक गलत साइड में अपनी बस चला रहा था। जिसके चलते बस व ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में ट्रक चालक राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी करीब 45 वर्षीय स्वर्ण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार तीन व्यक्ति घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बस टकराने की सूचना मिलने के बाद विधायक बलराज कुंडू भी सुबह नागरिक अस्पताल पहुंचे। जहां से उन्होंने घायलों का हालचाल जाना तथा उनको रोहतक के लिए रेफर करवाया।