'जेल से नहीं, गांव से ही सरकार चलाऊंगा'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व मुख्यमंत्री एवं इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि मैंने कैदी के रूप में आपके बीच आकर अपना वादा पूरा किया और अब वादा पूरा करने की जिम्मेदारी जनता की है। उन्होंने दावा किया कि इनेलो बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा है और वे ही मुख्यमंत्री बनेंगे और जेल से नहीं गांव में बैठकर सरकार चलाएंगे।
साथ ही उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग कर रहे हैं अगर वे सभी 90 सीटों में घूम जाए तो इनेलो सभी सीटों पर जीत हासिल करेगा। उन्होंने हुड्डा पर हमला बोलते हुए कहा कि दस साल के राज में वह किसानों, मजदूरों और कर्मचारियों को कुछ नहीं दे पए, केवल लूटने में लगे रहे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज में बिना पैसे नौकरी नहीं मिलती और कोई कहीं से कोई जुगाड़ कर ले तो मेरी तरह सजा मिलती है। यही मेरा कसूर था कि मैंने 3200 घरों का चूल्हा जलाया।
जेल में ही पैदा हुआ हूं, जेल से नहीं डरता
इनेलो सुप्रीमो ने कहा कि वे जेल से नहीं डरते क्योंकि वे पैदा ही जेल में हुए थे। उस समय उनके पिता भी जेल में ही थे। ठीक वैसा हुआ जैसा श्रीकृष्ण के जन्म के समय हुआ था।
उन्होंने कहा कि वे पिता के साथ 55 दिन जेल में रहे और इसके बाद भी वे जेल गए। उन्होंने चौथी पीढ़ी भी तैयार कर ली है। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश में घूमने के बाद पूरे इत्मिनान से कह सकते हैं कि प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि सिरसा की पांच, फतेहाबाद की तीन, भिवानी की छह, मेवात की तीन, रेवाड़ी की तीन, पलवल की तीन, सोनीपत की छह और यमुनानगर की चार यानी अधिकतर सीटें पर इनेलो जीत रहा है। लोगों को तसल्ली 19 अक्तूबर को हो जाएगी।
हमारे चेहरों की चमक काफी
हरियाणा में इनेलो प्रधान ओमप्रकाश चौटाला ने आज की चुनावी रैलियों में पीएम मोदी के वार पर पलटवार किया। करनाल की रैली में चौटाला ने कहा कि हमें पीएम के फोटो की जरूरत नहीं है, हमारे चेहरों की चमक काफी है।
गौर हो कि कुरुक्षेत्र की रैली में पीएम मोदी ने कहा था कि उनकी पुरानी फोटो खुद के साथ लगाकर बांटी जा रही है। इसके जवाब में इनेलो प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला ने मोदी पर जमकर निशाना साधा। कुरुक्षेत्र में भी इनेलो प्रधान चौटाला ने लोगों से पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
पद की गरिमा का ध्यान रखें पीएम
यमुनानगर में रैली को संबोधित करते हुए चौटाला ने कहा कि प्रधानमंत्री को पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए। उन्हें बिना सोचे समझे मंच से ऐसे बयान देना शोभा नहीं देता। चौटाला का इशारा मोदी के उस बयान की ओर था, जब मोदी ने कहा था कि हमें जेलों से समर्थन की जरूरत नहीं है।
चौटाला के मुताबिक देवीलाल के समय इनेलो ने ही इनकी पार्टी को समर्थन दिया था और आज ये कह रहे हैं कि हमें समर्थन की जरूरत नहीं है। मैने 3202 बच्चों को रोजगार देकर कोई गुनाह नहीं किया। जेल जाने का मेरा लंबा इतिहास रहा है। मेरे जन्म के समय मेरे पिताजी भी जेल में थे।
विरोधियों ने पार्टी तोड़ने के लिए पहुंचाया जेल
इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा है कि विरोधियों ने यह सोचकर मुझे व बेटे को जेल में पहुंचाया, ताकि पार्टी कमजोर होकर टूट जाए। किंतु पार्टी पहले से मजबूत हुई है। आप चिंता न करें, मुझे चाहे जेल तोड़कर आना पड़े मैं वोट पड़ने तक आपके बीच ही खड़ा रहूंगा।
वहीं रेवाड़ी के प्रत्याशी सतीश यादव के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे चौटाला ने कहा कि कृषि प्रधान देश होने के बावजूद किसान आत्महत्या कर रहे हैं। जमीन का सीना चीरकर जो किसान दुनिया पेट भरते हैं, उनके बच्चे भूखे सोने को मजबूर हैं।
उन्हें मेहनत के बावजूद खेती का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है। इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि वह सोमवार को रेवाड़ी से इनेलो प्रत्याशी सतीश यादव के पक्ष में हुडा मैदान में आयोजित रैली को संबोधित कर रहे थे।
पैसे देकर खरीदी जा रही हैं चुनाव टिकटें
ओमप्रकाश चौटाला ने कहा कि गुड़गांव, फरीदाबाद शहर नहीं बल्कि गांव हैं। शहर तो केवल दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता व मुंबई हैं। उन्होंने कहा कि उस मजदूर की क्या हालत होती होगी जो इस महंगाई के दौर में शाम को अपने बच्चों के साथ भूखा सोता है। व्यापारियों से वीकली, मंथली व फिरौती मांगी जाती है।
प्रदेश की एक हजार करोड एकड़ जमीन सीएलयू पर खरीदी गई। जबकि देश का 82 फीसदी कमेरा वर्ग भूखा मर रहा है। प्रदेश में पैसे देकर टिकटें खरीदी जा रही हैं। पांच ऐसे भी लोग हैं जो पहले दिन तक कांग्रेस में थे और दूसरे दिन बीजेपी में जाकर सांसद बन गए।
उन्होंने इंद्रजीत पर वार करते हुए कहा कि यदि वह उम्मीदवारों को टिकट दिलाने वाले होते तो उसकी अपनी बेटी को टिकट क्यों नहीं मिली। रामपुरा हाउस के लोगों को छोटा सा मंत्री बना दिया गया और वह सोचते हैं कि सब काम हो जाएंगे। आज उसके इलाके को देखा तो बदतर हालत देखने को मिली।
मेरी रैली में 5 हजार से ज्यादा लोग पहुंचेंगे
ओमप्रकाश चौटाला नारनौल की चितवन वाटिका में इनेलो प्रत्याशी कमलेश सैनी के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। सभा में उन्होंने कहा कि विरोधी भी मानते हैं कि चौटाला के जेल चले जाने के बाद भी इनेलो मजबूत है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की करनाल में हुई रैली का जिक्र करते हुए कहा, प्रधानमंत्री की रैली में मात्र 5 हजार लोग पहुंचे। इस बात से उन्हें सबक मिल गया। अब वह स्वयं करनाल में 7 अक्टूबर को जनसभा करेंगे।
आज की ही बात करें तो प्रधानमंत्री की हिसार रैली 3 हजार लोगों के बीच ही सिमट गई। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ जिले को एनसीआर में शामिल करने की बात कही जा रही है। किंतु आज तक एनसीआर के नाम पर क्षेत्र को एक पैसा भी नहीं मिला है।
सत्ता हथियाने की भूख नहीं, जनता खुद सौंपेगी
ओमप्रकाश चौटाला ने कहा किइस सत्ताधारी पार्टी का एक सूत्र कार्यक्रम है कि कृषि प्रधान इस प्रदेश से किसानों की उपजाऊ जमीन हासिल कर ले। नौकरी खुले आम नीलाम हो रही है, अनपढ़ भी पैसों के बल पर नौकरी हासिल कर रहे हैं।
मेरा बस इतना कसूर था कि मैंने 3206 घरों में चुल्हा जलाने का काम किया। किसी को रोजगार देना पाप है तो मैं सारी उम्र ऐसा गुनाह करता रहूंगा।
उन्होंने कहा कि जिस दिन मैं पैदा हुआ, उस वक्त पिता देवीलाल लाहौर जेल में थे। वह खुद भी करनाल में 41 दिन जेल में रहे। सत्ता हथियाने की भूख नहीं है। पार्टी पूरी तरह जाति से ऊपर उठकर चलती है।
उन्होंने कहा कि पार्टी की नजर में प्रदेश में दो जाति हैं, लूटेरे और कमेरे की। उनकी लड़ाई सिर्फ लूटेरे से है। इस जनसभा को पार्टी के उपाध्यक्ष अवतार सिंह भडाना व नारनौल प्रत्याशी कमलेश सैनी ने भी संबोधित किया।