ऑनलाइन क्लास में जुड़े थे छात्र, अचानक चला आपत्तिजनक वीडियो, मच गया हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी (केयू) में मास्टर ऑफ सोशल वर्क्स (एमएसडब्ल्यू) की ऑनलाइन कक्षा के दौरान गुरुवार को एक आपत्तिजनक वीडियो चलने का मामला सामने आया है। इसे देखकर सभी हैरान रह गए और पूरी यूनिवर्सिटी में हड़कंप मच गया। इस घटना की जानकारी कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. सोमनाथ सचदेवा और एमएसडब्ल्यू विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दर्शन सिंह को दी गई।
कुलपति डॉ. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि मामला गंभीर है। इसकी जांच करवाई जाएगी। इससे पहले इसी विभाग की ऑनलाइन क्लास के दौरान गाली-गलौच और गाने का वीडियो चल चुका है।
कोरोना काल में यूनिवर्सिटी की ऑनलाइन कक्षाएं चल रहीं हैं। एमएसडब्ल्यू प्रथम वर्ष में 2020-2021 के सत्र में देशभर से 54 छात्र-छात्राओं का दाखिला हुआ है। जिस समय यह ऑनलाइन क्लास चल रही थी तो करीब 40 से ज्यादा विद्यार्थी गूगल मीट के जरिए जुड़े हुए थे। जिनमें छात्राएं भी शामिल थीं।
जैसे ही आपत्तिजनक वीडियो चला तो छात्र हैरान रह गए। इसके बाद छात्र-छात्राएं ऑनलाइन क्लास से लेफ्ट होते चले गए। उधर, केयू आईटी विभाग के निदेशक डॉ. सुनील ढींगड़ा के मुताबिक शिक्षण संस्थान द्वारा जितनी भी ऑनलाइन क्लास चल रही हैं, उनकी सबकी रिकार्डिंग रिकार्ड में रहती है। अगर उक्त ऑनलाइन क्लास की रिकार्डिंग हुई तो दोषी पकड़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी का आईटी विंग कुछ विशेष स्थिति में ही दोषी तक पहुंच सकता है, वरना यह मामला साइबर क्राइम का है, जिसे पुलिस के जरिये ही दोषी तक पहुंचा जा सकेगा।
देर शाम केयू शिक्षक ने माना वीडियो चला था : डॉ. दर्शन
गुरुवार शाम सवा छह बजे विभागाध्यक्ष डॉ. दर्शन सिंह ने बताया कि कुलपति के निर्देश पर उन्होंने संबंधित शिक्षक से पूछताछ की थी। उन्होंने माना कि सुबह ऑनलाइन क्लास में एक गलत वीडियो चला था लेकिन यह वीडियो कैसे चला? इसकी जांच की जा रही है। विभागाध्यक्ष ने बताया कि इस संबंध में कार्रवाई के लिए वीसी को लिखा है।
इस तरह हुई घटना
- सुबह सवा नौ से सवा दस बजे तक थी ऑनलाइन क्लास
- ऑनलाइन क्लास में शिक्षक की अनुमति से जुड़े थे करीब 40 विद्यार्थी
- क्लास के अंतिम चरण में 10 बजकर 7 मिनट पर आपत्तिजनक वीडियो चला
- वीडियो के चलते ही 10 बजकर 9 मिनट पर लेफ्ट हो गये थे अधिकांश विद्यार्थी
- शाम चार बजे केयू कुलपति डॉ. एसएन सचदेवा के संज्ञान में आया मामला, जांच का आदेश