जानिए, क्यों बदला सीएम के शपथ समारोह का स्थल?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब सेक्टर पांच स्थित शालीमार बिल्डिंग के पास सिटी सेंटर में 26 अक्तूबर को नए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर शपथ लेंगे। यह जगह मेला ग्राउंड के नाम से भी मशहूर है।
50 हजार से अधिक भीड़ जुटने की संभावनाओं को देखते हुए पिछले तीन दिनों से प्रदेश, जिले के पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की इस मसले पर बैठक हो रही थी और राजनेताओं से भी विचार-विमर्श किया जा रहा था। आखिरकार, पिछले 24 घंटे के दौरान सुरक्षा, पार्किंग जैसी तमाम व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए यह तीसरी जगह तय की गई।
शपथ ग्रहण के लिए पहले सेक्टर-तीन के ताऊ देवीलाल स्टेडियम को चुना गया था, फिर परेड ग्राउंड और अब शालीमार ग्राउंड के पीछे की जगह चुनी गई है।
इस समारोह में केंद्र के भाजपा नेताओं सहित कई अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों के भी पहुंचने की संभावना है। स्थानीय सांसद रतन लाल कटारिया ने इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी पहुंचने की बात कही है। उधर, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि 13 एकड़ की खाली जमीन पर साफ-सफाई की जा रही है और जल्द ही इसे आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा।
इसलिए बदला गया समारोह स्थल
डा. एसएस फुलिया, उपायुक्त ने बताया कि मुख्य सचिव, विधायकों और आला पुलिस अधिकारियों से विचार-विमर्श के बाद प्रस्तावित ताऊ देवीलाल स्टेडियम को बदलकर सिटी सेंटर में स्थानांतरित कर दिया गया है। यहां सुरक्षा सहित अन्य मानकों को पूरा करना आसानी से संभव है। स्टेडियम में सिर्फ 15-20 हजार लोगों को समायोजित करना संभव था, जबकि पार्किंग सहित कई और समस्याएं भी थीं।
पुलिस आयुक्त अजय सिंघल के अनुसार आयोजन स्थल में बदलाव कर सेक्टर-पांच में जगह निर्धारित की गई है। सुरक्षा के लिहाज से पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि शपथ ग्रहण समारोह के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो। इसके लिए उच्चाधिकारियों के साथ बैठक के बाद फैसले लिए जा रहे हैं। जल्द ही सभी इंतजाम पूरे कर लिए जाएंगे।
स्थानीय सांसद रतन लाल कटारिया के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, सांसदों के अलावा कई अन्य प्रदेशों के मुख्यमंत्री व सम्मानीय सदस्य भी शिरकत करेंगे। इस समारोह में 50 हजार से भी अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा है और जहां कहीं भी जरूरत होगी, सहयोग के लिए भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी भी तैयार हैं।